पहली बारिश में तालाब में तब्दील हुई कान्हा की नगरी : नगर निगम के इंतजाम फेल, पानी में फंसे राहगीर और वाहन

UPT | नया बस स्टैंड पर भरा पानी

Jun 28, 2024 12:17

भीषण गर्मी से परेशान बृजवासियों को बारिश से राहत मिली, लेकिन पहली बारिश ने ही शहर को तालाब में तब्दील कर दिया, जिससे राहगीरों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

Mathura News : देर रात हुई तेज बारिश ने नगर निगम की पोल खोल दी। कान्हा की नगरी पहली बारिश में ही तालाब में तब्दील हो गई। जहां भी देखो, हर तरफ पानी ही पानी नजर आ रहा है। जबकि नगर निगम का दावा था कि बरसात आने से पहले नालों की सफाई हो जाएगी। लेकिन नया बस स्टैंड, भूतेश्वर और कंकाली के साथ ही कॉलोनियों में भरा बारिश का पानी नगर निगम के दावों की पोल खोलने के लिए काफी है।

कई वाहन पानी में फंस गए
रात को बादल जमकर बरसे, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली, लेकिन जगह-जगह जमा बारिश का पानी कामकाजी लोगों के लिए मुसीबत बन गया। नए बस स्टैंड से लेकर भूतेश्वर तिराहा तक कई वाहन पानी में फंस गए। कई पैदल यात्री पानी से होकर गुजरने को मजबूर हुए।

श्रद्धालुओं को भी हुई परेशानी
आपको बता दें कि मथुरा में भगवान कृष्ण की जन्मस्थली पर दर्शन के लिए बाहर से श्रद्धालु आते रहते हैं। उन्हें कई जगह जलभराव से होकर गुजरना पड़ता है। हालांकि, यह स्थिति अब हर साल की बात हो गई है। जिम्मेदार लोग भी गंभीर नहीं हैं। आने वाले समय में और बारिश होगी। तब हालात बेकाबू हो जाएंगे।

Also Read