Agra News : स्मार्ट सिटी का काम देखने आए द.कोरिया के मेयर, जानें निगम अफसरों से क्या पूछे सवाल...

UPT | स्मार्ट सिटी का काम देखने आगरा आए द.कोरिया के मेयर।

Oct 16, 2024 15:02

वैश्विक पर्यटन नगरी में ताज के दीदार के साथ-साथ अब कई राष्ट्रों के अधिकारी और जनप्रतिनिधि आगरा स्मार्ट सिटी के बारे में जानकारी करने के लिए पहुंच रहे हैं। देश की 100 स्मार्ट सिटी में ताज नगरी भी शामिल है। इसी क्रम में...

Agra News : वैश्विक पर्यटन नगरी में ताज के दीदार के साथ-साथ अब कई राष्ट्रों के अधिकारी और जनप्रतिनिधि आगरा स्मार्ट सिटी के बारे में जानकारी करने के लिए पहुंच रहे हैं। देश की 100 स्मार्ट सिटी में ताज नगरी भी शामिल है। इसी क्रम में साउथ कोरिया का एक प्रतिनिधिमंडल नगर निगम पहुंचा। सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम ने प्रतिनिधिमंडल का स्वागत किया। प्रतिनिधिमंडल में अन्यांग-सी सिटी के मेयर, दो विधायक और प्रशासनिक अधिकारी शामिल रहे। 

आगरा की कार्ययोजना जानी
साउथ कोरिया का यह प्रतिनिधिमंडल दिल्ली में हुए स्मार्ट सिटी आयोजन में भाग लेने के लिए आया था। उसके बाद वे आगरा भ्रमण के लिए आए हुए हैं। मोहब्बत की निशानी ताजमहल का भ्रमण करने के बाद प्रतिनिधिमंडल आगरा नगर निगम पहुंचा। आगरा भारत के प्रमुख स्मार्ट सिटी परियोजना में शामिल है, इसलिए आगरा की कार्ययोजना जानने के लिए यह प्रतिनिधिमंडल आगरा पहुंचा है। 

निगम अफसरों ने दी स्मार्ट सिटी की जानकारी
आगरा नगर निगम के सभागार में प्रतिनिधिमंडल के सामने आगरा नगर निगम और स्मार्ट सिटी योजना की जानकारी दी गयी। उन्हें बताया गया कि नगर निगम घरों से कूड़ा लेने के लिए डोर टू डोर अभियान चला रहा है। निगम की गाड़ी हर घर पर पहुंचती है और कूड़ा लेती है, जिससे कूड़ा सड़क व गलियों में नजर नहीं आता। इस कूड़े को भी घरों से ही सेग्रीगेट करके लिया जाता है। सॉलिड और अन्य कूड़े को अलग-अलग रखा जाता है। इस कूड़े के निस्तारण के लिए कुबेरपुर पर निगम का वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट काम कर रहा है। 

कबाड़ से आकृतियां बना रहा नगर निगम
आगरा नगर निगम शहर को सुंदर बनाने के लिए शहरभर में वॉल पेंटिंग कर रहा है और उसके साथ कबाड़ की वस्तुओं से विभिन्न प्रकार की कृतियां बना रहा है, जो शहर में आजकल चर्चा का विषय बने हुए हैं। कबाड़ से बनी आकृतियां सभी के आकर्षण का केंद्र भी बनी हुईं हैं। नगर निगम जो भी टैक्स ले रहा है, वह ऑनलाइन के साथ-साथ ऑफलाइन भी लिया जाता है। समय-समय पर पर्यावरण के प्रति लोगों को जागरूक बनाने के लिए जन जागरूकता अभियान भी चलाया जाता है।

मेयर ने अफसरों पूछे ये सवाल
साउथ कोरिया के अन्यांग-सी सिटी के मेयर ने भी अपने शहर को स्मार्ट सिटी बनाने के लिए वहां की योजनाओं को साझा किया। नगर निगम के अधिकारियों से पूछा कि आगरा शहर की स्मार्ट सिटी योजना के लिए फंड कहां से उपलब्ध होता है और क्या-क्या परेशानियां सामने आती हैं। सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम ने उन्हें बताया कि राज्य और केंद्र दोनों सरकारों से स्मार्ट सिटी योजना के तहत फंड मिलता है। आगरा नगर निगम खुद से भी हाउस टैक्स, सीवरेज टैक्स, वॉटर टैक्स, एडवर्टाइजमेंट व अन्य स्रोतों से टैक्स वसूल कर अपनी आय करता है, जिसका उपयोग शहर के विकास के लिए किया जाता है। 

ताजमहल की कृति दी
लगभग 45 मिनट चले कार्यक्रम के समापन के बाद सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम ने नगर निगम की तरफ से साउथ कोरिया के प्रतिनिधिमंडल के सभी सदस्यों को ताजमहल की कृति दी, जिसे देखकर सभी उत्साहित दिखे और आभार जताया। इसके बाद अन्यांग सी सिटी के मेयर ने भी अपने शहर की कुछ वस्तुओं को स्मृति चिन्ह के रूप में निगम अधिकारियों को भेंट किया।

Also Read