Aligarh News : सहयोगी दल के चुनाव लड़ने के सवाल पर कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी नारायण बोले-खैर उपचुनाव भाजपा ही लड़ेगी  

UPT | गन्ना मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण जनता की समस्या सुनते हुए

Aug 18, 2024 01:33

उत्तर प्रदेश के गन्ना विकास व चीनी मिल मंत्री और जनपद प्रभारी मंत्री लक्ष्मीनारायण चौधरी द्वारा शनिवार को तहसील खैर सभागार में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में प्रतिभाग कर जनसमस्याओं का निराकरण कराया गया।

Short Highlights
  • भारतीय जनता पार्टी ही खैर में उप चुनाव लड़ेगी
  • उपचुनाव को लेकर भाजपा राजनीतिक रूप से हुई सक्रिय
Aligarh News :  उत्तर प्रदेश के गन्ना विकास व चीनी मिल मंत्री और जनपद प्रभारी मंत्री लक्ष्मीनारायण चौधरी द्वारा शनिवार को तहसील खैर सभागार में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में प्रतिभाग कर जनसमस्याओं का निराकरण कराया गया। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि विभिन्न दिवसों एवं कार्यालयों में प्राप्त जनशिकायतों का प्राथमिकता के साथ गुणवत्तापरक निस्तारण करें, ताकि शिकायतकर्ता को एक ही समस्या के लिए बार-बार न आना पड़े। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि दिवसों की सार्थकता सिद्ध करते हुए आमजन की समस्याओं का समयबद्धता के साथ गुणवत्तापरक निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। 

भारतीय जनता पार्टी ही खैर में उप चुनाव लड़ेगी
खैर उपचुनाव में गठबंधन दल रालोद को सीट देने के सवाल पर उन्होंने कहा कि यहां भारतीय जनता पार्टी ही चुनाव लड़ेगी। हांलाकि कि अंतिम निर्णय पार्टी हाईकमान का होगा। खैर विधानसभा से अनूप वाल्मीकि के हाथरस सांसद बनने के बाद इस्तीफा देने से खाली हो गई है। वही, अब यहां उप चुनाव होने हैं। इसको लेकर के भाजपा ने चौधरी लक्ष्मी नारायण और बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह को खैर विधान का  प्रभारी बनाया है।  तहसील दिवस के मौके पर चौधरी लक्ष्मीनारायण जनता की समस्या सुनने के लिए पहुंचे थे। इस दौरान उनके साथ विधान परिषद सदस्य ऋषि पाल सिंह,  प्रदेश कार्यकारी सदस्य सुनील पांडेय व जिलाध्यक्ष कृष्णपाल सिंह भी मौजूद थे।  

उपचुनाव को लेकर भाजपा राजनीतिक रूप से हुई सक्रिय 
यूपी में उपचुनाव को लेकर चुनाव आयोग की तरफ से डेट तय नहीं की गई है। लेकिन भाजपा खैर विधानसभा में उपचुनाव को लेकर राजनीतिक रूप से सक्रिय हो गई है। हालांकि कांग्रेस ने भी यहां पर्यवेक्षक नियुक्त कर दिया हैं। कांग्रेस की ओर से मथुरा के पूर्व विधायक राजकुमार रावत को पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है। इसके बाद से इस इलाके में राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है, हालांकि कयास लगाये जा रहे हैं कि खैर विधानसभा सीट कांग्रेस के खाते में जा सकती है। कहा जा रहा है कि लोकसभा चुनाव सपा उम्मीदवार को लड़ाया गया, वहीं खैर उपचुनाव कांग्रेस लड़ेगी। हालांकि समाजवादी पार्टी प्रत्याशी खैर में कई बार चुनाव लड़ चुकी हैं, लेकिन खैर विधानसभा सीट से सपा का खाता नहीं खुला है, जबकि कांग्रेस के प्रत्याशी चार बार विधायक रह चुके हैं। भाजपा का रालोद से गठबंधन भी है।  

Also Read