भाजपा पर हमला : सपा सांसद ने कहा- पार्टी संविधान की रक्षा के लिए सदैव सजग प्रहरी की भूमिका निभा रही

UPT | आजमगढ़ के सांसद धर्मेंद्र यादव का सोहावल में हुआ जोरदार स्वागत।

Oct 04, 2024 19:13

सपा के सांसद ने भाजपा सरकार पर संविधान पर हमला करने का आरोप लगाते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी संविधान की सुरक्षा के लिए हमेशा सजग प्रहरी की भूमिका निभा रही है। धर्मेंद्र यादव ने उपचुनाव में सपा की जीत का दावा किया।

Ayodhya News : समाजवादी पार्टी (सपा) के सांसद धर्मेंद्र यादव ने भाजपा सरकार पर संविधान पर हमला करने का आरोप लगाते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी संविधान की सुरक्षा के लिए हमेशा सजग प्रहरी की भूमिका निभा रही है। धर्मेंद्र यादव, जो आजमगढ़ से सपा सांसद हैं, शुक्रवार को लखनऊ से खलीलाबाद जा रहे थे। इस दौरान सोहावल स्थित टोल प्लाजा पर सपा नेता हाजी फिरोज खान गब्बर के नेतृत्व में उनका जोरदार स्वागत किया गया। उन्होंने उपचुनाव में सपा की जीत का दावा करते हुए कहा कि सपा प्रदेश की सभी सीटों पर विजय हासिल करेगी। 

भाजपा सरकार पर आरक्षण और संविधान को कमजोर करने का आरोप
स्वागत के दौरान सांसद धर्मेंद्र यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला किया। उन्होंने कहा कि मौजूदा भाजपा सरकार संविधान को कमजोर करने की साजिश कर रही है और आरक्षण पर लगातार हमले हो रहे हैं। सपा के नेता सदन से लेकर सड़क तक संविधान की रक्षा के लिए संघर्षरत हैं। उन्होंने कहा कि सपा प्रमुख अखिलेश यादव के नेतृत्व में पार्टी ने पिछले चुनावों में बड़ी सफलता हासिल की, जिससे सपा का कद प्रदेश और देश की राजनीति में बढ़ा है। अयोध्या की जनता ने सपा को जिताकर भाईचारे और धर्मनिरपेक्षता का संदेश दिया, जिससे भाजपा को बड़ा झटका लगा है। 

2027 में पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएगी सपा
धर्मेंद्र यादव ने दावा किया कि 2027 में सपा, अखिलेश यादव के नेतृत्व में पूर्ण बहुमत से उत्तर प्रदेश में सरकार बनाएगी। उन्होंने उपचुनाव को लेकर भी उम्मीद जताई कि सपा सभी सीटों पर जीत दर्ज करेगी। यादव ने भाजपा सरकार पर मतदाता सूची में गड़बड़ी और जाति के आधार पर सरकारी कर्मचारियों के ट्रांसफर का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की कानून व्यवस्था पूरी तरह से बिगड़ चुकी है और डबल इंजन सरकार की आपसी टकराव में जनता पीस रही है। 

शिक्षकों का सबसे अधिक शोषण इस सरकार में हुआ
इस अवसर पर विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष लाल बिहारी यादव ने भाजपा सरकार पर आरोप लगाया कि देश के इतिहास में किसी भी सरकार ने शिक्षकों का इतना शोषण नहीं किया, जितना वर्तमान सरकार कर रही है। कार्यक्रम में सपा के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे, जिन्होंने धर्मेंद्र यादव का जोरदार स्वागत किया और उपचुनाव में एकजुट होकर पार्टी को जिताने का आह्वान किया। 

Also Read