Ayodhya
ऑथर Jyoti Karki

अयोध्या न्यूज़ : जटायु उड़ने से पहले ही हुआ फेल

Google Image | jatayu cruise

Nov 05, 2023 19:00

सरयू नदी के तट पर पर्यटकों को रिझाने के‍ लिए चलाए जा रहे क्रूज जटायु के पर फैलने से पहले ही कतर गए। जहां पर्यटकों को लुभाने के लिए शुरू की गई क्रूज सेवा हेलीकॉप्टर और पैराग्लाइडिंग की तरह कुछ ही दिनों में एकदम फेल हो गई।

Short Highlights
  • हेलीकॉप्टर और पैराग्लाइडिंग के बाद क्रूज सेवा हुई फेल
  • पर्यटन को बढ़ावा देने वाली सेवाएं नहीं लुभा सकीं भक्‍तों और पर्यटकों को

Ayodhya : सरयू नदी के तट पर पर्यटकों को रिझाने के‍ लिए चलाए जा रहे क्रूज जटायु के पर फैलने से पहले ही कतर गए। जहां पर्यटकों को लुभाने के लिए शुरू की गई क्रूज सेवा हेलीकॉप्टर और पैराग्लाइडिंग की तरह कुछ ही दिनों में एकदम फेल हो गई। लोगों का कहना है कि तीनों सेवाएं जल्दबाजी में बिना किसी तैयारी के शुरू की गई थीं। इसलिए सभी फेल हो गईं।

 

पर्यटकों को लुभाने की थी तैयारी

रामनगरी अयोध्‍या को विश्वस्तरीय पर्यटन नगरी के रूप में विकसित करने की कवायद तेजी से चल रही है। 34 हजार करोड़ की योजनाओं से अयोध्या में सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। अप्रैल में पर्यटन विभाग की तरफ से 'अयोध्या धाम के हवाई दर्शन' सेवा शुरू की गई थी। इसके लिए प्रति व्यक्ति तीन हजार रुपये का शुल्क तय किया गया था। इसके तहत आठ मिनट में पर्यटकों को पूरी अयोध्या के हवाई दर्शन कराए जाने थे। यह सेवा पहले 15 दिन के लिए ट्रायल के तौर पर शुरू की गई थी।

11 दिन भी नहीं टिकी कंपनी, अब क्रूज भी फेल

बताया गया कि जिस कंपनी को यह जिम्मेदारी दी गई थी, वह कंपनी 11 दिन में ही वापस लौट गई। हवाई दर्शन सेवा उपलब्ध कराना कंपनी के लिए महंगा साबित हो रहा है। इसी तरह कुछ महीने पहले अयोध्या में पैराग्लाइडिंग की सेवा शुरू की गई। इसका उद्घाटन जिले के वरिष्ठ अधिकारियों ने किया था, लेकिन यह सेवा कब शुरू हुई और कब बंद हुई, किसी को पता ही नहीं चला। इसी तरह सितंबर में शुरू हुई क्रूज सेवा का भी हाल बेहाल है। इस संबंध में पर्यटन अधिकारी आरपी यादव ने कुछ भी बोलने से मना कर दिया।

पुरानी नाव से बना दिया क्रूज

क्रूज को लेकर स्थानीय लोगों का कहना है कि पुरानी नाव को सजा-धजाकर क्रूज बना दिया गया। शुरुआती दिनों में ही क्रूज खराब हो गया था। इस पर घूमने के दौरान क्रूज जैसी सेवाएं देने की बात कही गई थी, लेकिन यह पर्यटकों को जरा भी आकर्षित नहीं कर पाया। सरयू घाट स्थित करतलिया आश्रम के महंत रामदास का कहना है कि ये सभी सेवाएं जल्दबाजी में शुरू की गईं। पहले अयोध्या का भौगोलिक अध्ययन करना होगा। यहां के माहौल को समझना होगा।

पर्यटन मंत्री ने किया था जटायु का लोकार्पण

आठ सितंबर को पर्यटन व संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने समारोह पूर्वक जटायु क्रूज सेवा का उद्घाटन किया था। उन्होंने कहा था कि क्रूज के संचालन से सड़कों पर लोड कम हो जाएगा। फिलहाल मात्र 53 दिन के भीतर ही यह सेवा बंद होने के कगार पर पहुंच गई है।


Also Read