भक्तों की आस्था : मंदिर में बढ़ती भीड़ को देख लगी एंट्री पर रोक, मुख्य पुजारी ने किया लोगों से ये अनुरोध

Uttar Pradesh Times | रामलला के मुख्य पुजारी आचार्य सत्येंद्र दास

Jan 23, 2024 15:39

श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए रामलला के मुख्य पुजारी आचार्य सत्येंद्र दास ने भक्तों से धैर्य रखने का अनुरोध किया है। उन्होंने कहा कि एक दिन में सभी भक्तों को रामलला का दर्शन करना संभव नहीं हो पाएगा...

Ayodhya News : अयोध्या के रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद भक्तों की टोली दर्शन करने के लिए मंदिर पहुंच गए हैं। लोग सुबह 3 बजे से ही दर्शन के लिए मंदिर पहुंच गए हैं। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए रामलला के मुख्य पुजारी आचार्य सत्येंद्र दास ने भक्तों से धैर्य रखने का अनुरोध किया है। उन्होंने कहा कि एक दिन में सभी भक्तों को रामलला का दर्शन करना संभव नहीं हो पाएगा। इसी के साथ आचार्य सत्येंद्र दास ने कहा कि इस समय त्रेतायुग की झलक देखने को मिल रही है। पहले दिन दर्शन के लिए इतने लोग यहां उपस्थित हैं कि आज सभी लोग दर्शन नहीं कर पाएंगे। 4000 संतों के समूह भी आए हैं। आज अयोध्या नगरी राममय दिखाई दे रही है।

बढ़ती भीड़ को देखते हुए एंट्री पर लगी रोक
रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद लोगों में दर्शन की चाह बढ़ गई है, इसलिए मंदिर परिसर में भारी भीड़ उमड़ी है। इसको देखते हुए मंदिर में एंट्री को रोक दिया गया है। एडीजी जोन पीयूष मोडिया भारी भीड़ को देखते हुए सड़कों पर उतरे। हाइवे पर वाहनों की एंट्री पर रोक लगा दी गई है। एडीजी जोन ने भक्तों से अनुरोध किया है कि भारी भीड़ को लेकर शांति बनाए रखेंगे। रामलला के दर्शन पाने के लिए अपनी बारी का इंतजार करें। अयोध्या में नो एंट्री पर रोक लगाई गई है। हाईवे पर बैरिकेडिंग कराया गया है, जिससे भीड़ पर काबू पाया जा सके।

सुबह 3 बजे से होगा मंदिर में अनुष्ठान
राम मंदिर अयोध्या में सुबह तीन बजे से ही अनुष्ठान शुरू हो जाएंगे। सुबह 8:00 बजे से रात 10:00 बजे तक दर्शन होंगे। दोपहर 1:00 बजे से 3:00 बजे तक मंदिर के कपाट बंद रहेंगे। सुबह 3:00 बजे से पूजन-श्रृंगार की तैयारी शुरू होगी। सुबह 4:00 बजे रामलला को जगाने का समय निर्धारित किया गया है। सुबह 4:30 बजे रामलला विग्रह की मंगला आरती होगी। सुबह 5:00 बजे रामलला का अभिषेक श्रृंगार होगा। दोपहर 1:00 बजे भोग आरती होगी। दोपहर 3:00 बजे मंदिर में एक बार फिर दर्शन शुरू होंगे। शाम 7:00 बजे संध्या आरती होगी। रामलला चूंकि बाल रूप में हैं, इसलिए हर घंटे फल-दूध का भोग लगाया जाएगा।

Also Read