Ballia News : बदमाशों ने युवक पर किया चाकू से हमला, अस्पताल ले जाते समय हुई मौत

UPT | बदमाशों ने युवक पर किया चाकू से हमला

Sep 16, 2024 21:34

सुखपुरा थाना क्षेत्र के अपायल गांव में रविवार देर रात बदमाशों ने एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

Ballia News : सुखपुरा थाना क्षेत्र के अपायल गांव में रविवार देर रात बदमाशों ने एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को पुलिस ने तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत गंभीर देखते हुए उसे वाराणसी रेफर कर दिया गया। हालांकि, रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान जीतू सिंह (26) पुत्र शारदानंद सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को हिरासत में लिया है और अन्य की तलाश जारी है।

मंदिर से घर लौटते समय हमला
रविवार की रात जीतू सिंह गांव के मंदिर में आयोजित भंडारे में प्रसाद ग्रहण कर घर लौट रहा था। तभी रास्ते में करीब छह बदमाशों ने उस पर जानलेवा हमला किया। बदमाशों ने चाकू से ताबड़तोड़ वार किए, जिससे जीतू गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के तुरंत बाद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई
सूचना मिलते ही सुखपुरा थाने की पुलिस और अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची और घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए वाराणसी रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही जीतू की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।



तहरीर पर मामला दर्ज
मृतक के पिता शारदानंद सिंह की तहरीर पर पुलिस ने चार नामजद आरोपियों नीरज सिंह उर्फ भुवाली, सिंधु सिंह, अंकित गोंड और हर्ष राम के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। इसके अलावा, कुछ अज्ञात बदमाशों के खिलाफ भी संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ जारी है।

अन्य आरोपियों की तलाश जारी
सुखपुरा थाने के प्रभारी गौरव कुमार शर्मा ने बताया कि दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी गई है। जल्द ही सभी आरोपियों को पकड़कर मामले का खुलासा किया जाएगा। इस हत्याकांड से गांव में भय और आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत कर दिया है और क्षेत्र में शांति बनाए रखने के लिए सतर्कता बढ़ा दी गई है।

Also Read