Holi Festival : बस्ती में शहर से लेकर गांव तक में धूमधाम से मनाई गई होली, खूब उड़े रंग-गुलाल

UPT | होली पर पुलिस सर्तक रही।

Mar 25, 2024 16:03

जिले में 2740 स्थानों पर होलिका दहन किया गया। पुलिस लाइन में पुलिस महानिरीक्षक बस्ती परिक्षेत्र रामकृष्ण भारद्वाज व पुलिस अधीक्षक गोपाल कृष्ण चौधरी अपने परिवार व पुलिस परिवार के साथ होलिका दहन में शामिल हुए।

Short Highlights
  • बस्ती जिले में 2740 स्थानों पर हुआ होलिका दहन, होली के गीतों संग खूब उड़े रंग-गुलाल
  • कहीं-कहीं तिथि को लेकर रही असमंजस की स्थिति, मगर युवाओं के उत्साह पर नहीं पड़ा कोई असर
Basti News : इस साल होली की तिथि को लेकर असमंजस की स्थिति तो रही, लेकिन इन सब के बीच शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में सोमवार को खूब रंग-गुलाल उड़े। उत्साही युवकों की टोलियां ढोल-मजीरे के साथ फाग गाते निकली तो समूचा माहौल होली के रंग में सराबोर हो गया। हालांकि, शहर में कुछ सुबह 10 बजे तक मंगलवार को होली मनाने की सोच रहे थे, लेकिन जब उन्होंने देखा कि हर ओर सोमवार को ही होली खेली जा रही है तो अधिकांश लोगों ने भी रंगोत्सव का हिस्सा बनने में जरा भी देर नहीं लगाई। इस दौरान पुलिस भी अलर्ट मोड पर रही।

रविवार को हुआ होलिका दहन
होली पूरे देश में हिंदुओं द्वारा मनाया जाने वाला विशेष त्योहार है। इसे रंगों का त्योहार भी कहा जाता है। होली की पूर्व संध्या, जिसे होलिका दहन या छोटी होली के रूप में जाना जाता है, जो रविवार 24 मार्च को मनाई गई। हिंदू पंचांग के अनुसार फाल्गुन महीने की पूर्णिमा की शाम को होलिका दहन होता है और अगले दिन रंगों वाली होली खेली जाती है। जिले में 2740 स्थानों पर होलिका दहन किया गया। पुलिस लाइन में पुलिस महानिरीक्षक बस्ती परिक्षेत्र रामकृष्ण भारद्वाज व पुलिस अधीक्षक गोपाल कृष्ण चौधरी अपने परिवार व पुलिस परिवार के साथ होलिका दहन में शामिल हुए। इस मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक ओम प्रकाश सिंह समेत पुलिस अधिकारी व उनके परिवार के सदस्य मौजूद रहे।

कमिश्नर, आईजी, डीएम व एसपी ने दी होली की शुभकामनाएं
बस्ती मंडल के कमिश्नर अखिलेश सिंह, आईजी आरके भारद्वाज, बस्ती के जिलाधिकारी अंद्रा वामसी, पुलिस अधीक्षक गोपाल कृष्ण चौधरी ने बस्ती मंडल व मंडल के बस्ती, सिद्धार्थनगर व संतकबीरनगर के सम्मानित नागरिकों को होली पर्व की बधाई दी है। वरिष्ठ अधिकारियों ने सभी के सुख एवं समृद्धि की कामना की है।

Also Read