Bahraich News : बहराइच की आरती को मिला रॉयल अवार्ड, किंग चार्ल्स ने किया सम्मानित

UPT | Bahraich News

May 28, 2024 15:55

जनपद बहराइच के रिसिया गांव की आरती को यूनाइटेड किंगडम में रॉयल अवार्ड से सम्मानित किया गया है। बंकिघम पैलेस में आयोजित एक समारोह में किंग चार्ल्स तृतीय ने खुद...

Bahraich News : जनपद बहराइच के रिसिया गांव की आरती को यूनाइटेड किंगडम में रॉयल अवार्ड से सम्मानित किया गया है। बंकिघम पैलेस में आयोजित एक समारोह में किंग चार्ल्स तृतीय ने खुद आरती को यह सम्मान प्रदान किया। इस अवसर पर आरती को उनके द्वारा महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में किए गए कार्यों के लिए सराहा गया। साथ ही आरती ने जिले का नाम रोशन किया है, इसके लिए सभी ने बधाई भी दीं।

गांधी जयंती के अवसर पर आरती को मिली थी बैटरी रिक्शा
आपको बता दें कि पिछले साल 2 अक्टूबर को गांधी जयंती के मौके पर बहराइच की तत्कालीन जिलाधिकारी मोनिका रानी ने रिसिया गांव की 5 महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूत करने के उद्देश्य से बैटरी चालित रिक्शा दी थी। इन्हीं पांच महिलाओं में से एक आरती भी थी। जब इस बैटरी रिक्शा चालक आरती को यूनाइटेड किंगडम से बुलावा आया तो वह बेहद खुश हो गई। दरअसल, रॉयल अवार्ड के लिए पूरे विश्व से नामांकन मांगे गए थे। फिर आगा खान फाउंडेशन और बहराइच जिलाधिकारी की सिफारिश पर आरती का नाम भेजा गया था।

अपनी उपलब्धि पर खुश हैं आरती
बैटरी रिक्शा चलाने वाली आरती ने कभी नहीं सोचा था कि उसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया जाएगा। आरती बताती हैं, "यह सब मेरे लिए जिलाधिकारी महोदया मोनिका रानी की वजह से संभव हो सका। बैटरी रिक्शा मिलने के बाद मैं अब अपने परिवार का पालन-पोषण अच्छी तरह से कर रही हूं।" जब आरती लंदन पहुंची तो उन्हें वहां बंकिघम पैलेस में आयोजित एक विशेष समारोह में रॉयल अवार्ड से सम्मानित किया गया। खुद किंग चार्ल्स तृतीय ने आरती को यह पुरस्कार प्रदान किया। आरती को इस तरह से सम्मानित किए जाने से बहराइच जनपद के अधिकारियों और लोगों में खुशी की लहर है। वहीं माना जा रहा है कि आरती की यह उपलब्धि महिला सशक्तिकरण और उनके आर्थिक विकास को और बढ़ावा देगी। साथ ही अन्य महिलाओं को भी प्रेरित करेगी, कि वे भी आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ें।

Also Read