गोरखपुर में अखिलेश और प्रियंका ने बीजेपी पर साधा निशाना : कहा- जनता ने भाजपा को उखाड़ फेंकने का बना लिया है मन

UPT | अखिलेश यादव और प्रियंका गांधी ने जनसभा को संबोधित किया।

May 25, 2024 21:14

गोरखपुर के सहारा स्टेट क्रिकेट ग्राउंड पर पीडीए गठबंधन की रैली में पहुंचे अखिलेश और प्रियंका गांधी ने मौजूद जनसमूह को संबोधित किया। गोरखपुर में 1 जून को चुनाव होना है।

Gorakhpur News : गोरखपुर के सहारा स्टेट क्रिकेट ग्राउंड पर पीडीए गठबंधन की रैली में पहुंचे अखिलेश और प्रियंका गांधी ने मौजूद जनसमूह को संबोधित किया। गोरखपुर में 1 जून को चुनाव होना है। लोकसभा चुनाव की दृष्टिगत सभी पार्टियां अपने-अपने प्रत्याशी को जिताने में लग गई हैं। वहीं आज गोरखपुर में पीडीए गठबंधन की रैली सहारा स्टेट के क्रिकेट ग्राउंड में आयोजित की गई थी। जहां हजारों की संख्या में अपने नेता को सुनने के लिए लगभग 42 डिग्री सेल्सियस के तापमान में लोग पहुंचे थे। 
भाजपा सरकार नहीं दे पा रही है रोजगार : प्रियंका गांधी
कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा कि यह सरकार रोजगार नहीं दे पा रही है। हम आएंगे तो रोजगार भी आएगा। अगर हमारी सरकार आएगी तो पेपर लीक पर कानून बनाया जाएगा। प्रियंका ने कहा कि आज नरेंद्र मोदी जिस तरह के भाषण दे रहे हैं, विपक्ष के लिए जैसे शब्दों का प्रयोग कर रहे हैं, अपनी असलियत दिखा रहे हैं। नरेंद्र मोदी गरीब और किसान विरोधी सरकार चला रहे हैं। देश के किसान कर्ज लेकर खेती करते हैं, लेकिन जब चुका नहीं पाते तो मजबूरन आत्महत्या कर लेते हैं। लेकिन नरेंद्र मोदी इस पर एक शब्द नहीं बोलते। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी आप देश के प्रधानमंत्री हैं, अपनी आंखों की शर्म मत खोने दीजिए। प्रियंका ने कहा कि बीजेपी के प्रत्याशी कहते हैं कि 400 पार सीट आने पर संविधान बदल देंगे और आरक्षण छीन लेंगे। कांग्रेस पार्टी और इंडी गठबंधन आपसे आपके मुद्दों की बात करता है।

इस बार बदलाव जरूरी : अखिलेश यादव
अखिलेश यादव ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि केवल और केवल झूठ की बुनियाद पर यह सरकार चल रही है। इस बार बदलाव जरूरी है। आप लोग ही इस सरकार को बदलेंगे। सपा मुखिया ने कहा कि कम से कम गोरखपुर को बाढ़ से बचा लें। लोगों को नौकरी और रोजगार दें। इस सरकार में स्वास्थ्य सेवाएं बदहाल हैं। आप बताओ यह कैसे मुख्यमंत्री हैं और इनकी कैसी डबल इंजन की सरकार है। गोरखपुर आते-आते विकास की हवा निकल जाती है इनका इंजन खराब हो जाता है।

#WATCH गोरखपुर, उत्तर प्रदेश: समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, "10 सालों में इनकी(भाजपा) हर बात झूठी निकली और हर वादा झूठा निकला है... ये लोग 400 पार का नारा दे रहे थे। इस बार 400 पार नहीं होगा बल्कि 400 हार जाएंगे... दिल्ली वालों ने अपने… pic.twitter.com/SfFyzb1ozi

— ANI_HindiNews (@AHindinews) May 25, 2024
140 सीटों पर सिमट जाएगी भाजपा 
सपा मुखिया ने कहा कि इस बार देश की जनता भाजपा को 140 सीटों के लिए भी तरसा देगी। ये जो जनता का गुस्सा बढ़ता जा रहा है, 7वें चरण में सातवें आसमान पर होगा। अखिलेश यादव ने कहा कि ये देश के भविष्य का चुनाव है, संविधान बचाने का चुनाव है। एक तरफ भाजपा है, जो संविधान को खत्म करना चाहती है। दूसरी तरफ इंडी गठबंधन है, जो संविधान को बचाना चाहता है। अखिलेश ने मेरठ से अरुण गोविल और अमेठी से स्मृति ईरानी के चुनाव लड़ने पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि जितने बंबई वाले चुनाव लड़ रहे थे, बंबई की टिकट कटवा ली। एक मेरठ से प्रत्याशी थे, वोट खत्म होते ही बंबई चले गए। दूसरी थीं अमेठी वाली, उन्होंने भी बंबई की टिकट कटवा ली।

Also Read