नेपाल में भारतीय पर्यटकों की बस खाई में गिरी : 15 की मौत, 16 घायल, हेलिकॉप्टर से काठमांडू अस्पताल भेजा

UPT | नेपाल के लिए रवाना होता भारतीय प्रशासनिक दल।

Aug 23, 2024 18:02

नेपाल में भारतीय नंबर की पर्यटक बस काठमांडू जाते समय नदी में जा गिरी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लिया। भारतीय प्रशासन के अधिकारी और कर्मचारी सोनौली बॉर्डर से घटनास्थल के लिए रवाना हुए।

Maharajganj News : नेपाल के तनहू जिले में एक बड़ा हादसा हुआ जब पोखरा से काठमांडू जा रही एक भारतीय टूरिस्ट बस नदी की खाई में गिर गई। इस दुर्घटना में 15 भारतीय पर्यटकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 16 अन्य घायल हो गए। हादसे के वक्त बस में महाराष्ट्र से आए करीब 42 यात्री सवार थे।

घटना की जानकारी मिलते ही नेपाली सेना, सशस्त्र पुलिस बल, और स्थानीय पुलिस ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया। घायलों को रेस्क्यू कर हेलीकॉप्टर के माध्यम से काठमांडू के अस्पतालों में इलाज के लिए भेजा गया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना पर तत्काल संज्ञान लिया 
हादसे के बाद उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिलाधिकारी अनुनय झा ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना पर तत्काल संज्ञान लिया और महराजगंज के नौतनवा के एसडीएम और सीओ को मौके पर रवाना कर दिया। इन अधिकारियों का काम है कि वे घटनास्थल पर जाकर भारतीय पर्यटकों की स्थिति का जायजा लें और उनका समुचित इलाज सुनिश्चित करें। साथ ही, सोनौली बॉर्डर पर एम्बुलेंस भी तैनात की गई है, जिससे किसी भी आपात स्थिति में घायलों को त्वरित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।

इस दुखद घटना ने नेपाल और भारत दोनों में गहरा सदमा पहुंचाया है, और दोनों देशों के अधिकारी मिलकर इस मुश्किल घड़ी में राहत कार्यों को अंजाम देने में जुटे हैं। 

Also Read