Kanpur News : डॉक्टर पर महिला जेआर से छेड़खानी का आरोप, जांच में पाया गया दोषी...

UPT | अस्पताल में डॉक्टर पर छेड़खानी का आरोप।

Sep 06, 2024 13:09

कोलकाता में महिला रेजिडेंट डॉक्टर की निर्मम हत्या के बाद जहां एक ओर सरकार डॉक्टरों की सुरक्षा को लेकर सरकार कड़े कानून बना रही है। महिला डॉक्टरों के साथ अपराध रोकने को लेकर पुलिस प्रशासन भी लगातार...

Kanpur News : कोलकाता में महिला रेजिडेंट डॉक्टर की निर्मम हत्या के बाद जहां एक ओर सरकार डॉक्टरों की सुरक्षा को लेकर सरकार कड़े कानून बना रही है। महिला डॉक्टरों के साथ अपराध रोकने को लेकर पुलिस प्रशासन भी लगातार लोगों को जागरूक कर रही है। वहीं, कानपुर में ऐसा ही एक मामला सामने आया है, जो काफी चौंकाने वाला है। यह मामला महिला जूनियर रेजिडेंट यानि जेआर के साथ छेड़खानी से जुड़ा है। छेड़खानी की घटना का आरोप किसी और पर नहीं, बल्कि एक डॉक्टर पर लगा है। जांच में भी डॉक्टर को दोषी पाया गया है। जांच रिपोर्ट भी प्रमुख सचिव, मंडलायुक्त, डीएम, सीएमओ और मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य को दी गई है।

इन्होंने की जांच
मामले की जांच कर रहीं हैलट अस्पताल की नेत्र रोग विभागाध्यक्ष डॉक्टर शालिनी मोहन, उर्सला के वरिष्ठ चिकित्सक डॉक्टर शैलेंद्र तिवारी और डफरिन की मंजू सचान की टीम ने रिपोर्ट में उल्लेख किया है कि जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के नेत्र रोग विभाग की महिला जेआर की तैनाती अक्टूबर से दिसंबर तक उर्सला में जिला रेजिडेंसी कार्यक्रम में थी। जेआर ने ड्यूटी उर्सला के एक नेत्र रोग विशेषज्ञ की देखरेख में की। ड्यूटी के बाद भी मोबाइल व व्हाट्सएप पर डॉक्टर ने जेआर से संपर्क बनाए रखा। 8 और 13 अगस्त को मेडिकल कॉलेज की न्यू मैरिड हॉस्टल में रह रही जूनियर डॉक्टर के कक्ष में डॉक्टर छेड़छाड़ के इरादे से पहुंच गया। 

डॉक्टर की करतूत से सरकार की क्षवि धूमिल
डॉक्टर के खिलाफ लगे आरोपों की जांच में पुष्टि होने के बाद उर्सला के निदेशक ने प्रमुख सचिव को पत्र लिखा। पत्र में लिखा कि 6 साल से उर्सला में कार्य कर रहे डॉक्टर की करतूत से अस्पताल ही नहीं, बल्कि सरकार की छवि धूमल हो रही है। कानपुर मंडल में 18 साल से कार्यरत डॉक्टर का व्यवहार और आचरण ऐसा है कि इन्हें यहां से तत्काल हटाने की जरूरत है। निदेशक ने डॉक्टर को हटाने की संस्तुति करते हुए प्रमुख सचिव को पत्र लिखा है। बता दें कि उर्सला के विवादित डॉक्टर के खिलाफ दो और महिला जेआर ने भी शिकायत की थी। गलत आचरण का आरोप लगाकर दोनों ने नेत्र रोग विभाग के अध्यक्ष को लिखित शिकायत दी थी। विभागाध्यक्ष के अनुसार, दोनों की शिकायत प्राचार्य डॉक्टर संजय काला तक पहुंचा दी गई है।

डॉक्टर को हटाने की संस्तुति 
इस पूरे मामले पर उर्सला के निदेशक डॉक्टर एचडी अग्रवाल ने बताया कि मेडिकल कॉलेज की महिला जेआर का आरोप वरिष्ठ डॉक्टर की जांच में सच साबित हुआ है। इनकी करतूत से अस्पताल और सरकार की छवि धूमिल हुई है। प्रमुख सचिव को पत्र लिखकर डॉक्टर को यहां से हटाने की संस्तुति कर दी गई है।

Also Read