Lucknow News : यात्रियों से भरी बस किसान पथ पर पलटी, चालक की मौत, कई घायल

UPT | यात्रियों से भरी बस किसान पथ पर पलटी।

Oct 24, 2024 22:42

सरोजनी नगर थाना क्षेत्र के किसान पथ पर गुरुवार रात यात्रियों से भरी बस अनियंत्रित होकर पलट गई। बस के पलटते ही उसमें सवार यात्रियों में चीख पुकार मच गई।

Lucknow News : सरोजनी नगर थाना क्षेत्र में किसान पथ पर गुरुवार रात यात्रियों से भरी निजी बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में बस चालक राजेंद्र कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि करीब 25 यात्री घायल हो गए। पुलिस और फायर बिग्रेड की टीम मौके पर पहुंची। जिसके बाद बस में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए सरोजनीगर नगर सीएससी भेजा है।

गार्डर से टकराकर पलटी बस
जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात एक निजी बस 24 से अधिक यात्रियों को लेकर अमेठी से लखनऊ होते हुए दिल्ली जा रही थी। किसान पथ पर कंक्रीट के बड़े गार्डर रखे हुए थे। रास्ते में अंधेरा होने से बस इसी से टकराई और अनियंत्रित होकर पलट गई। बस के पलटते ही उसमें सवार यात्रियों में चीख पुकार मच गई। हादसे में बस चालक राजेंद्र कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि बस में करीब 25  यात्री घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए सरोजनीनगर सीएससी भेजा गया है। पुलिस ने मृतक का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।



पांच लोगों की हालत गंभीर
हादसे की सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंच गई। दमकल कर्मियों ने पुलिस के साथ मिलकर घायलों को रेस्क्यू करने का कार्य शुरू किया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस में लगभग 25 लोग सवार थे। जिनमें महिलाएं, बच्चे और कुछ बुजुर्ग भी शामिल हैं। अभी तक पांच लोगों के गंभीर रूप से घायल होने की जानकारी मिली है। जबकि कुछ अन्य यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

Also Read