Bakrid 2024 : लखनऊ में बकरीद की नमाज में बारिश के लिए दुआ, राज्यपाल आनंदीबेन-सीएम योगी आदित्यनाथ ने दी बधाई

UPT | ईद-उल-अजहा का पर्व मनाया गया।

Jun 17, 2024 20:41

लखनऊ में बकरीद की नमाज के लिए सुबह 10 बजे ईदगाह में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। ईदगाह के इमाम मौलाना खालिद रशीद फरंगी महली ने बताया कि नमाज में सख्त गर्मी से निजात के लिए अल्लाह की बारगाह में बारिश के लिए दुआ की गई।

Short Highlights
  • नमाज के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम
  • प्रतिबंधित पशु की कुर्बानी पर रोक
  • अराजकतत्वों पर रखी जा रही नजर
Lucknow News : राजधानी लखनऊ सहित पूरे प्रदेश में ईद-उल-अजहा (बकरीद) का पर्व मनाया जा रहा है। लखनऊ में बकरीद की नमाज के लिए सुबह 10 बजे ईदगाह में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। ईदगाह के इमाम मौलाना खालिद रशीद फरंगी महली ने बताया कि नमाज में सख्त गर्मी से निजात के लिए अल्लाह की बारगाह में बारिश के लिए दुआ की गई। उन्होंने कहा कि ईदगाह में नमाज अदा करने का सवाब बहुत ज्यादा है। वहीं टीले वाली मस्जिद पर 11 बजे होने वाली नमाज के लिए पहले से ही लोग पहुंचने लगे। ईदगाह और टीलेवाली मस्जिद को जाने वाले मार्ग पर वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित किया गया है। नमाज के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए।

सामाजिक सद्भाव बनाए रखने की देता है प्रेरणा
प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ईद-उल-अजहा के मौके पर प्रदेशवासियों को बधाई दी है। राज्यपाल ने अपने बधाई संदेश में कहा कि यह पर्व त्याग और बलिदान के प्रति आदर व्यक्त करने वाला है। यह पर्व हमें खुशियां बांटने व गरीब तथा बेसहारा लोगों की मदद करने का अवसर प्रदान करता है। वहीं सीएम योगी आदित्यनाथ ने अपने बधाई संदेश में कहा है कि यह त्योहार सभी के लिए मिल-जुल कर रहने तथा सामाजिक सद्भाव बनाए रखने की प्रेरणा देता है। वहीं, विधान परिषद के सभापति कुंवर मानवेंद्र सिंह ने अपने बधाई संदेश में कहा है कि यह पर्व गरीबों व जरूरतमंदों की मदद करने तथा समाज में भाईचारे व सद्भावना को बढ़ावा देने की प्रेरणा देता है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सभी को बकरीद की मुबारकबाद दी है। उन्होंने कहा है कि यह त्योहार सद्भाव, सहयोग, समर्पण व त्याग तथा बलिदान का संदेश देता है। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा कि ईद मुबारक का विशेष दिन सभी के लिए समृद्धि, आनंद और सद्भाव लेकर आए। इसके अलावा प्रदेश के अन्य नेताओं और मंत्रियों ने भी बकरीद पर अपनी बधाई दी है।

चिह्नित स्थान के अलावा अन्य जगह कुर्बानी पर रोक
सीएम योगी ने कहा कि जहां कुर्बानी का स्थान चिह्नित हो, उसके अलावा कहीं और कुर्बानी नहीं होनी चाहिए। विवादित, संवेदनशील स्थलों पर कुर्बानी नहीं होनी चाहिए। इसके साथ ही कहीं भी प्रतिबंधित पशु की कुर्बानी नहीं हो। हर जिले में कुर्बानी के बाद अपशिष्ट के निस्तारण की व्यवस्था हो। उन्होंने अराजक तत्वों को लेकर भी सख्त चेतावनी दी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हर एक पर्व शांति और सौहार्द के बीच संपन्न हों। यदि कोई भी कानून हाथ में लेने का प्रयास करे, शांति व्यवस्था को खराब करने का प्रयास करता मिले तो उसके साथ पूरी कड़ाई की जाए। अराजकतत्वों पर नजर रखी जाए।

बकरीद को लेकर शहर में रूट डायवर्जन
  • हरदोई रोड, बालागंज चौराहा से आने वाले बडे़ वाहन, रोडवेज सिटी बसें बड़ा इमामबाड़ा या टीले वाली मस्जिद की ओर नहीं जा सकेंगे। ये कोनेश्वर चौराहे से दाहिने चौक चौराहा, मेडिकल कालेज चौराहा होकर जा सकेंगे।
  • चौक चौराहे की तरफ से सामान्य यातायात नीबू पार्क (रूमी गेट पुलिस चौकी) चौराहे की ओर नहीं जा सकेगा। यह कोनेश्वर चौराहा, मेडिकल क्रास चौराहा होकर जा सकेगा।
  • सीतापुर रोड की तरफ से आने वाला यातायात डालीगंज रेलवे क्रांसिग तिराहे से पक्का पुल, टीले वाली मस्जिद की ओर नहीं जा सकेगा। यह यातायात डालीगंज रेलवे क्रासिंग ओवरब्रिज से बाएं मुड़कर चौराहा नम्बर 8 निरालानगर से आईटी की ओर से जाएगा।
  • पक्का पुल खदरा साईड तिराहा से यातायात पक्का पुल, टीले वाली मस्जिद की ओर की नहीं आ सकेगा। ये पक्का पुल से पहले तिराहे से बन्धा रोड या नया पक्का पुल से होकर जाएंगे।
  • मेडिकल क्रास चौराहे से यातायात फूलमण्डी, खुन-खुन जी गर्ल्स कालेज होकर नीबू पार्क चौराहे की ओर नहीं जा सकेगा। यह मेडिकल कालेज चौराहा/चौक, कोनेश्वर चौराहा होकर जाएगा।
  • शाहमीना तिराहे से सामान्य यातायात पक्का पुल, टीले वाली मस्जिद की ओर नहीं जा सकेगा। यह मेडिकल कालेज या डालीगंज पुल, आईटी चौराहा होकर जा सकेगा।
  • एवररेडी तिराहे से मिल एरिया की ओर कोई भी बडे़ वाहन नही जा सकेंगे। ये मवैया ओवरब्रिज, लंगड़ा फाटक ओवरब्रिज, राजाजीपुरम् होकर जाएंगे।
  • मिल एरिया से बुलाकी अड्डा की तरफ तुलसीदास मार्ग पर नमाज में सम्मिलित होने वालों के नमाजियों के अलावा कोई वाहन नहीं जा सकेगा। यह राजाजीपुरम या एवररेडी तिराहा, मवैया होकर जा सकेंगे।
  • डालीगंज पुल चौराहे से सीतापुर रोड की ओर जाने वाले रोडवेज बस, जीप, कार, स्कूटर, मोटर साईकिल पक्का पुल, टीले वाली मस्जिद की ओर नहीं जा सकेंगे। ये आईटी चौराहा, कपूरथला, पुरनिया अलीगंज होकर जाएंगे।
  • शाहमीना तिराहे से कैसरबाग की ओर से हरदोई रोड की ओर जाने वाली रोडवेज, सिटी बसें पक्का पुल, टीले वाली मस्जिद की तरफ नहीं जा सकेगीं। ये शाहमीना तिराहे से बाएं मेडिकल कालेज, चौक, कोनेश्वर चौराहा होकर जाएंगी।
  • कोनेश्वर चौराहे से सामान्य यातायात घण्टाघर होकर बडा इमामबाडा की ओर नहीं जा सकेगा। यह कोनेश्वर चौराहे से चौक चौराहा, मेडिकल क्रास चौराहा या नया पक्का पुल होकर जा सकेगा।
  • घंटाघर, नीबू पार्क चौराहा की तरफ से आने वाला सामान्य यातायात बड़ा इमामबाड़ा व टीले वाली मस्जिद की तरफ नहीं जा सकेगा। यह यातायात कोनेश्वर तिराहा या नया पक्का पुल होकर जा सकेगा।

Also Read