CM Yogi खुद हाथरस जाएंगे : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अफसरों के साथ की बैठक, 24 घंटे में रिपोर्ट तलब

UPT | योगी आदित्यनाथ

Jul 02, 2024 21:54

सीएम योगी आदित्यनाथ ने मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख और घायलों को 50-50 हजार की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री स्वयं पल-पल के घटनाक्रम पर सीधी नजर रख रहे हैं।

Short Highlights
  • मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी-संदीप सिंह घटना स्थल के लिए रवाना 
  • मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख की आर्थिक सहायता के निर्देश
Lucknow News: प्रदेश के हा​थरस जनपद के सिकंदराराऊ कस्बे में सत्संग के दौरान भगदड़ में लोगों की मौत पर हाहाकार मचा हुआ है। इस घटना में भीड़ प्रबंधन के इंतजाम नहीं होने को लेकर जहां कई सवाल उठ रहे हैं, वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रकरण को बेहद गंभीरता से लिया है। मुख्यमंत्री के पांच कालिदास मार्ग स्थित आवास पर हाई लेवल मीटिंग जारी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ वरिष्ठ अफसरों के साथ घटना को लेकर चर्चा कर रहे हैं। उन्होंने 24 घंटे के भीतर रिपोर्ट मांगी है। मुख्यमंत्री बुधवार को हाथरस जाकर निरीक्षण करेंगे। वह घायलों और मृतकों के परिजनों से मुलाकात करेंगे। उनके निर्देश पर मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक हाथरस के लिए रवाना हो चुके हैं। इसके साथ ही मंत्री लक्ष्मी नारायण और संदीप सिंह को भी भेजा गया है। 

कमेटी सौंपेगी अपनी रिपोर्ट
सीएम योगी आदित्यनाथ ने मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख और घायलों को 50-50 हजार की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री स्वयं पल-पल के घटनाक्रम पर सीधी नजर रख रहे हैं। एडीजी, आगरा और कमिश्नर, अलीगढ़ के नेतृत्व में टीम गठित कर दुर्घटना के कारणों की जांच के निर्देश दिए गए हैं। इतने बड़े हादसे के बाद मामले में बड़ी कार्रवाई होना तय माना जा रहा है।

सीएम योगी आदित्यनाथ ने जताया शोक
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि जनपद हाथरस की दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत दुःखद एवं हृदय विदारक है। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं। संबंधित अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों के युद्ध स्तर पर संचालन और घायलों के समुचित उपचार हेतु निर्देश दिए हैं।' उन्होंने एक्स पर लिखा कि उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी, संदीप सिंह घटना स्थल के लिए रवाना हो चुके हैं। प्रदेश के मुख्य सचिव व पुलिस महानिदेशक को घटना स्थल पर पहुंचने हेतु निर्देशित किया है। एडीजी, आगरा और कमिश्नर, अलीगढ़ के नेतृत्व में टीम गठित कर दुर्घटना के कारणों की जांच के निर्देश भी दिए हैं। प्रभु श्रीराम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान तथा घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।

भीड़ में कुचल गए महिलाएं-बच्चे
घटनाक्रम के मुताबिक हा​थरस जनपद के सिकंदराराऊ कस्बे के फुलरई गांव में भोले बाबा का सत्संग चल रहा था। बताया गया है कि सत्संग समाप्त होने के बाद भीड़ के निकलने के दौरान भगदड़ मच गई। देखते ही देखते हालात इतने बिगड़ गए कि महिलाएं और बच्चे भीड़ में बुरी तरह कुचल गए। मौके पर चीख-पुकार के बीच कई लोगों की मौत हो गई। 

भीड़ प्रबंधन को लेकर नहीं था इंतजाम
कार्यक्रम में शामिल लोगों के मुताबिक सत्संग समाप्त होने के बाद जल्दी निकलने की कोशिश में भगदड़ मचने के कारण हादसा हुआ। देखते ही देखते हर तरफ हाहाकार मच गया। भीड़ प्रबंधन का इंतजाम नहीं होने के कारण लोगों की मौत हो गई।

Also Read