राष्ट्रीय चिकित्सा दिवस : सीएम योगी ने दी बधाई, कहा- स्वास्थ्य व्यवस्था में डॉक्टरों की अहम भूमिका

UPT | मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ।

Jul 01, 2024 02:36

सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि देश की स्वास्थ्य व्यवस्था में चिकित्सकों की महत्वपूर्ण भूमिका है। राष्ट्र निर्माण में चिकित्सकों के योगदान से सभी अवगत हैं।

Lucknow News : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 'राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस' के अवसर पर चिकित्सकों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक वर्ष 01 जुलाई को महान चिकित्सक, प्रख्यात स्वाधीनता सेनानी एवं राजनेता डॉ. बीसी रॉय की जयंती एवं पुण्य तिथि पूरे देश में 'राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस' के रूप में मनाई जाती है।

कोरोना संक्रमण काल में चिकित्सकों ने किया बेहतर काम
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि देश की स्वास्थ्य व्यवस्था में चिकित्सकों की महत्वपूर्ण भूमिका है। राष्ट्र निर्माण में चिकित्सकों के योगदान से सभी अवगत हैं। कोरोना काल खंड में डॉक्टरों ने मानवता की सेवा का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत किया। यह दिवस चिकित्सकों द्वारा की जा रही समाज सेवा के लिए उनके प्रति आभार व्यक्त करने का अवसर है।

डॉ. बीसी रॉय के सम्मान में बनाया जाता है नेशनल डॉक्टर्स डे
राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस प्रसिद्ध डॉक्टर और बंगाल के दूसरे मुख्यमंत्री डॉ. बिधान चंद्र रॉय और सभी डॉक्टर के सम्मान में मनाया जाता है। डॉ. रॉय का जन्म 1 जुलाई 1882 हुआ था। उनका निधन 80 वर्ष की आयु में 1 जुलाई को ही 1962 में हो गया था। स्वास्थ्य सेवा और सार्वजनिक स्वास्थ्य में उनके योगदान को आज भी याद किया जाता है। उन्होंने भारत के स्वास्थ्य सेक्टर में सुधार की दिशा में एक बहुत महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके इस योगदान को देखते हुए भारत सरकार ने साल 1976 में उन्हें भारत रत्न पुरस्कार से सम्मानित किया था। वह बहुत प्रसिद्ध राजनेताओं में से एक थे। उनके सम्मान और सभी डॉक्टरों को श्रद्धांजलि के रूप में राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस मनाया जाता है। 

हीलिंग हैंड्स, केयरिंग हार्ट्स है इस वर्ष की थीम 
इस वर्ष राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस 2024 की थीम 'हीलिंग हैंड्स, केयरिंग हार्ट्स' है। यह थीम डॉक्टर द्वारा अपने दैनिक अभ्यास में किए जाने वाले समर्पण पर जोर देती है। वह अपने जीवनकाल में लाखों लोगों की जान बचाने में भूमिका निभाते हैं, यह उनके कार्य की सराहना और मानव जीवन में डॉक्टर की भूमिका का सम्मान करती है।

Also Read