दीनदयाल उपाध्याय के विजन से सियासी दलों के एजेंडे में गांव-गरीब, किसान-महिलाएं : सीएम योगी ने जयंती पर किया याद

UPT | सीएम योगी ने दीनदयाल उपाध्याय स्मृतिका में लगी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।

Sep 25, 2024 13:24

सीएम योगी आदित्यनाथ ने पं. दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के अवसर पर लखनऊ के चारबाग रोड स्थित केकेसी कॉलेज के पास दीनदयाल उपाध्याय स्मृतिका में लगी उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।

Lucknow News : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पं. दीनदयाल उपाध्याय के दृष्टिकोण और विचारधारा के कारण आज राजनीतिक दलों के एजेंडे में गांव, गरीब, किसान और महिलाएं प्रमुखता से शामिल हैं। उन्होंने पं. दीनदयाल उपाध्याय को अंत्योदय का प्रणेता, महान चिंतक और भारतीय जनसंघ के संस्थापकों में से एक बताया। सीएम योगी ने कहा कि पं. उपाध्याय ने 60-70 वर्ष पहले जो जीवनदृष्टि और विचार दिए थे, वे आज भी भारतीय राजनीति में उतने ही प्रासंगिक हैं और विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रारंभ किए गए कई कार्यक्रमों में उनकी सोच स्पष्ट रूप से दिखाई देती है।

पांच लोगों को भाजपा का सदस्य बनाया
सीएम योगी आदित्यनाथ ने पं. दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के अवसर पर लखनऊ के चारबाग रोड स्थित केकेसी कॉलेज के पास दीनदयाल उपाध्याय स्मृतिका में लगी उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इस दौरान उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के सदस्यता महाभियान के तहत पांच लोगों को भाजपा का सदस्य बनाया और अभियान की शुरुआत की।



पं. उपाध्याय के विचारों में गांव, गरीब और महिलाओं का विकास
सीएम योगी ने कहा कि पं. दीनदयाल उपाध्याय के चिंतन में गांव, गरीब, किसान और समाज के दबे-कुचले तबके को स्वावलंबी बनाने की सोच थी। उनकी सहानुभूति उन लोगों के साथ थी जो सामाजिक और आर्थिक रूप से हाशिये पर थे। उन्होंने हर हाथ को काम और हर खेत को पानी देने का आह्वान किया था। उनका मानना था कि आर्थिक प्रगति का असली पैमाना समाज के सबसे कमजोर व्यक्ति के जीवन स्तर से मापा जाना चाहिए, न कि केवल ऊँचे वर्ग के लोगों से।

पं. दीनदयाल उपाध्याय का विजन आज भी प्रासंगिक
सीएम योगी ने कहा कि पं. दीनदयाल उपाध्याय ने 70 वर्ष पहले जो राजनीतिक दृष्टि दी थी, वह आज भी उतनी ही प्रासंगिक है। उन्होंने कहा कि इसी दृष्टि के कारण भारत सरकार ने कोरोना महामारी के दौरान 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन उपलब्ध कराया, 12 करोड़ लोगों के घरों में शौचालय बनाए, 10 करोड़ परिवारों को उज्ज्वला योजना के तहत निशुल्क सिलेंडर दिए और 4 करोड़ गरीब परिवारों को मकान प्रदान किए। इसके अलावा, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के माध्यम से 12 करोड़ किसानों को आर्थिक सहायता मिली है।

नए भारत का दर्शन
यह दृष्टिकोण समाज के सर्वांगीण विकास, सामाजिक उत्थान और राष्ट्रीय प्रगति को केंद्र में रखता है। पं. दीनदयाल उपाध्याय का अंत्योदय का सिद्धांत समाज के सबसे कमजोर तबके के उत्थान के साथ-साथ देश के समग्र विकास का मार्ग प्रशस्त करता है। सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पं. दीनदयाल उपाध्याय के विजन को पिछले दस वर्षों से जमीन पर उतारा जा रहा है और हम सभी नए भारत का दर्शन कर रहे हैं। दुनिया का सबसे बड़ा राजनीतिक दल भाजपा पं. दीनदयाल उपाध्याय की जयंती को अपने सदस्यता महाभियान की तिथि के रूप में मना रहा है।

बूथ ही चुनाव का कुरुक्षेत्र 
लखनऊ महानगर भाजपा की टीम की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पार्टी ने हर बूथ पर सौ सदस्य बनाने का लक्ष्य तय किया है, और यह अभियान तेजी से आगे बढ़ रहा है। सीएम योगी ने बूथ स्तर पर संगठन की मजबूती का महत्व बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कहते हैं कि चुनाव जिला या विधानसभा स्तर पर नहीं, बल्कि बूथ स्तर पर जीता जाता है। उन्होंने कहा कि अगर बूथ जीता तो चुनाव जीता। भाजपा ने इसी बुनियादी सिद्धांत को ध्यान में रखते हुए खुद को दुनिया का सबसे बड़ा राजनीतिक दल बनाया है। सदस्यता महाभियान के महत्व पर जोर देते हुए सीएम ने कहा कि प्रदेश के सभी 75 जिलों और सांगठनिक दृष्टिकोण से 98 जनपदों में यह अभियान तेजी से आगे बढ़ना चाहिए।

अब तक बनाए गए इतने नए सदस्य  
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कार्यक्रम के दौरान पांच नए लोगों को भाजपा का सदस्य बनाया और कहा कि पार्टी का सदस्यता अभियान प्रदेश में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि लखनऊ महानगर में अब तक 2 लाख 52 हजार 494 नए सदस्य बनाए गए हैं। इस कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल, राज्यसभा सांसद बृजलाल, विधायक नीरज बोरा, विधान परिषद सदस्य मुकेश शर्मा सहित कई अन्य प्रमुख नेता और कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Also Read