गोवंश संरक्षण अभियान : तीन दिनों में 7857 पशु संरक्षित, शहरी स्वच्छता-सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने की कवायद

UPT | गोवंश संरक्षण अभियान

Oct 16, 2024 17:54

गोवंश की स्थिति को सुधारने के लिए नगर विकास विभाग ने विशेष अभियान चलाया, जिसका उद्देश्य बेसहारा और निराश्रित गोवंश को सुरक्षित करना है। इस अभियान के तहत प्रदेशभर में 7 हजार 857 गोवंशों को सुरक्षित किया गया।

Lucknow News : राज्य सरकार ने निराश्रित गोवंश के संरक्षण पर विशेष ध्यान देते हुए प्रदेश के नगरीय क्षेत्रों में गोवंश की स्थिति को सुधारने के लिए नगर विकास विभाग ने विशेष अभियान चलाया, जिसका उद्देश्य बेसहारा और निराश्रित गोवंश को सुरक्षित करना है। इस अभियान के तहत प्रदेशभर में 7 हजार 857 गोवंशों को सुरक्षित किया गया और उन्हें उचित आश्रय स्थलों पर भेजा गया, जिससे उनकी देखभाल और संरक्षण सुनिश्चित होगी। यह अभियान 8 से 10 अक्टूबर तक चलाया गया।

पशु कल्याण शहरी स्वच्छता को बढ़ावा
निराश्रित गोवंश के संरक्षण अभियान में पहले दिन 2132, दूसरे दिन 2718 और तीसरे दिन 3007 गोवंशों को सुरक्षित कर कान्हा गौशाला और अन्य आश्रय स्थलों में भेजा गया। इस प्रक्रिया से न सिर्फ बेसहारा पशुओं के कल्याण में मदद मिली, बल्कि शहरी स्वच्छता को भी बढ़ावा मिला। इसके अलावा, सड़क सुरक्षा में सुधार और दुर्घटनाओं को कम करने में भी मदद मिली, क्योंकि सड़कों पर घूम रहे पशुओं को बचाया गया।



अभियान के तहत इतने गोवंश संरक्षित 
नगर निगम, नगर पालिका और नगर पंचायतों ने मिलकर इस अभियान को सफलतापूर्वक संचालित किया। नगर निगम ने पहले दिन 431, दूसरे दिन 615, और तीसरे दिन 625 गोवंशों को संरक्षित किया। नगर पालिका परिषद ने पहले दिन 760, दूसरे दिन 781 और तीसरे दिन 907 गोवंशों को सुरक्षित किया। वहीं, नगर पंचायतों ने पहले दिन 941, दूसरे दिन 1322 और तीसरे दिन 1475 गोवंशों को संरक्षित किया। इस प्रकार, पूरे अभियान के तहत 1.40 लाख से अधिक गोवंशों को संरक्षित किया गया।

नगरीय निकायों को हुआ लाभ 
नगर विकास विभाग के प्रमुख सचिव, अमृत अभिजात ने इस अभियान की सफलता पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि यह पहल शहरी क्षेत्रों को स्वच्छ और सुरक्षित बनाने में अहम भूमिका निभा रही है और भविष्य में भी इसे जारी रखा जाएगा। इस अभियान के जरिए नगरीय निकायों ने ना केवल पशु कल्याण में योगदान दिया, बल्कि विभाग को 11 लाख 13 हजार 057 रुपये की आय भी हुई। निकायों के स्थानीय निदेशक अनुज कुमार झा ने सभी निकायों को अपने क्षेत्रों में निराश्रित पशुओं को संरक्षित करने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।

Also Read