Lucknow News : वानर वाटिका में होगी बंदरों की दावत, लगाए जाएंगे ये खास पौधे

UPT | वानर वाटिका।

Jun 26, 2024 18:21

लखनऊ में अलग-अलग क्षेत्रों में चार वाटिकाएं बनाई जाएंगी। इनमें वानर वाटिका बेहद खास होगी, क्योंकि इसमें बंदरों के भोजन के लिहाज से पौधरोपण किया जाएगा। 

Short Highlights
  • लखनऊ में बनाई जाएंगी चार वाटिकाएं
  • वन महोत्सव के दौरान शुरू होगा पौधरोपण अभियान
Lucknow News : उत्तर प्रदेश में हरियाली के लिए सरकार जहां एक बार फिर वृहद पौधरोपण अभियान में जुट गई है और इसके लिए लक्ष्य निर्धारित कर दिया गया है। वहीं लखनऊ में अलग अलग वाटिकाओं के जरिए बंदरों की भूख मिटाने की पहल की जाएगी। इसके लिए तैयारी शुरू कर दी गई है। प्रदेश में इस वर्ष भी 35 करोड़ पौधरोपण व उनके संरक्षण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। हरित क्षेत्र को 9 से बढ़ाकर 2026-27 तक 15 फीसदी तक ले जाने का प्रयास किया गया है। इस कड़ी में सबसे अधिक चार करोड़ पौधे लखनऊ मंडल में लगाए जाएंगे। इनमें लखनऊ जनपद में 37 लाख पौधरोपण किया जाएगा। इनमें बंदरों के संरक्षण के लिए वाटिकाएं भी बनाई जाएंगी। वन महोत्सव 1 से 7 जुलाई तक मनाया जाएगा। 

वानर वाटिका में होगा बंदरों के खाने का इंतजाम
लखनऊ में अलग-अलग क्षेत्रों में चार वाटिकाएं बनाई जाएंगी। वन महकमे के मुताबिक इसमें विरासत वृक्ष वाटिका, वानर वाटिका, शक्ति वाटिका और आयुष वाटिका शामिल हैं। इनमें वानर वाटिका बेहद खास होगी, क्योंकि इसमें बंदरों के भोजन के लिहाज से पौधरोपण किया जाएगा। 

बंदरों को खाने के लिए नहीं पड़ेगा भटकना
प्रभागीय वनाधिकारी सितांशु पांडेय ने बताया कि इनमें इस बात का खास ध्यान रखा जाएगा कि ये वाटिका इस तरह तैयार की जाएगी, जिससे बंदरों के भोजन की व्यवस्था हो सके और वह यहां आराम से रह सकें। वानर वाटिका में बंदरों के खाने के लिए फलदार पौधे और सब्जियां लगाई जाएंगी। यहां जामुन, केला और कटहल के पौधरोपण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इससे शहरी क्षेत्रों में बंदरों को खाने के लिए इधर उधर नहीं भटकना पड़ेगा। बंदरों के एक जगह वाटिका में रहने से लोगों को भी दिक्कत नहीं होगी। 

ये वाटिकाएं भी होंगी खास
इसके साथ ही शक्ति वाटिका में महिलाओं से पौधरोपण कराया जाएगा। विरासत वाटिका में ऐसे पौधे लगाने को प्राथमिकता दी जाएगी, जिनकी उपलब्धता वक्त के साथ कम हो गई है। जो पहले की अपेक्षा अब आसानी से नजर नहीं आते हैं। इस तरह इनका संरक्षण भी किया जाएगा। आयुष वाटिका सरदार पटेल विश्वविद्यालय में स्थापित की जाएगी। इसमें कचनार, अर्जुन, बहेड़ा व आंवला समेत अन्य औषधीय पौधे लगाए जाएंगे। इस बार वन महकमा लखनऊ में अपने स्तर पर 15 लाख और अन्य विभाग मिलकर 22 लाख पौधरोपण कराएंगे। पिछले वर्ष की तुलना में ये संख्या दो लाख अधिक है। 

Also Read