महात्मा गांधी जयंती पर स्वच्छता संदेश : यूपी में 26 सितम्बर से 02 अक्टूबर तक चलेगा 155 घंटे का नॉन-स्टॉप महासफाई अभियान

UPT | CM Yogi Adityanath

Sep 25, 2024 21:52

प्रदेश के सभी शहरी निकायों में विशेष स्वच्छता अभियान की शुरुआत 26 सितंबर को प्रातः 5 बजे से हो रही है। महात्मा गांधी की 155वीं जयंती के उपलक्ष्य में इस विशेष अभियान को 2 अक्टूबर, रात्रि 8 बजे तक निरंतर चलाया जाएगा।

Lucknow News : राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के स्वच्छता संदेश को आम लोगों तक पहुंचाने और समाज में स्वच्छता को एक स्थायी आदत के रूप में स्थापित करने के लिए उत्तर प्रदेश के सभी शहरी निकायों में विशेष स्वच्छता अभियान की शुरुआत 26 सितंबर को प्रातः 5 बजे से हो रही है। यह अभियान सरकार के मार्गदर्शन में चलाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य प्रदेश के नगरों को वैश्विक मानकों के अनुरूप स्वच्छ और सुंदर बनाना है। महात्मा गांधी की 155वीं जयंती के उपलक्ष्य में इस विशेष अभियान को 2 अक्टूबर, रात्रि 8 बजे तक निरंतर चलाया जाएगा।

सफाई अभियान में विशेष कार्यक्रम  
यह अभियान "155 घंटे का नॉन-स्टॉप महासफाई अभियान" के नाम से जाना जाएगा। स्वच्छ भारत मिशन नगरीय यूपी से संचालित इस अभियान के दौरान प्रदेश के हर नगर निकाय में सफाई के व्यापक प्रयास किए जाएंगे। इस पूरे अभियान की लगातार निगरानी की जाएगी, जिसमें सफाई कार्यों की प्रगति का लाइव मॉनिटरिंग होगा। स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम के अंतर्गत कई श्रेणियों में विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनमें स्वच्छ स्कूल, स्वच्छ फूड स्ट्रीट, और स्वच्छ घर जैसी गतिविधियां शामिल हैं। इसके साथ ही सफाई मित्र सुरक्षा शिविर का आयोजन किया जाएगा, जहां सफाई कर्मियों के स्वास्थ्य की जांच, सफाई उपकरण और सुरक्षा किट का वितरण किया जाएगा। साथ ही उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया जाएगा।



सभी वार्डों में श्रमदान कार्यक्रम
स्वच्छ भारत मिशन नगरीय की अपर निदेशक ऋतु सुहास ने बताया कि इस विशेष अभियान का उद्देश्य महात्मा गांधी की स्वच्छता की दृष्टि को साकार करना है। इसके तहत 26 सितंबर से 2 अक्टूबर तक प्रदेश के सभी नगरीय निकायों में सफाई अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान सभी वार्डों में श्रमदान कार्यक्रम का आयोजन होगा, जिसमें नागरिकों को सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए प्रेरित किया जाएगा। गंगा टाउन क्षेत्रों में विशेष ध्यान दिया जाएगा, जहां घाटों के आस-पास के क्षेत्रों की सफाई की जाएगी और प्लास्टिक निषेध क्षेत्र बनाए जाएंगे। नागरिकों की सहभागिता से घाटों के सौंदर्यीकरण के कार्य भी किए जाएंगे। निकाय अधिकारियों के साथ बैठकें और कार्यशालाएं आयोजित होंगी, जिनका अनुश्रवण राज्य स्तर पर किया जाएगा।

जागरूकता अभियान स्वच्छता भागीदारी
अपर निदेशक ने बताया कि नागरिकों की भागीदारी बढ़ाने के लिए जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।एक पेड़ मां के नाम के तहत वृक्षारोपण अभियान, कचरे के पृथक्कीकरण के लिए स्कूलों और कॉलेजों में जागरूकता अभियान, और जीरो वेस्ट इवेंट जैसी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। पार्कों और पर्यटक स्थलों पर दीवारों की पेंटिंग और सौंदर्यीकरण का कार्य भी किया जाएगा। अभियान में स्वच्छता की भागीदारी बढ़ाने के लिए ब्रांड एम्बेसडर्स, स्वच्छ योद्धा, और स्वच्छ चैम्पियंस को भी जोड़ा जाएगा। स्कूल, कॉलेज और विश्वविद्यालयों के माध्यम से स्वच्छता जागरूकता फैलाने के लिए स्वच्छ सारथी क्लब  का गठन किया गया है। इन क्लबों के माध्यम से  स्वच्छ स्कूल  बनाए जाएंगे, जो प्लास्टिक मुक्त, स्वच्छ टॉयलेट और साफ परिसर से युक्त होंगे। स्वच्छता के मानकों को पूरा करने वाले स्कूलों को  स्वच्छ स्कूल  का खिताब दिया जाएगा।

स्वच्छ फूड स्ट्रीट और बाजार सफाई अभियान
अभियान के अंतर्गत सभी नगर निकायों में फूड स्ट्रीट्स और बाजारों में सफाई के व्यापक प्रयास किए जाएंगे। रोड साइड पर स्थित दुकानों और ठेलों पर ट्विन डस्टबिन लगाए जाएंगे, और प्लास्टिक का प्रयोग बंद किया जाएगा। साथ ही, सार्वजनिक स्थानों, सरकारी कार्यालयों, रेलवे स्टेशनों, बस स्टैंडों, और अन्य प्रमुख स्थलों पर भी सफाई के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा।

सफाई मित्रों के लिए सुरक्षा शिविर
अभियान के तहत सफाई मित्रों की सुरक्षा और स्वास्थ्य के लिए विशेष ध्यान दिया जाएगा। उनके लिए 5413 सफाई मित्र सुरक्षा शिविर का आयोजन होगा, जिनमें से 2161 शिविर पहले ही आयोजित किए जा चुके हैं। इन शिविरों में सफाई मित्रों के स्वास्थ्य की जांच की जाएगी और उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ दिया जाएगा। महात्मा गांधी की जयंती पर स्वच्छता अभियान में सहयोग करने वाले सभी सफाई कर्मियों, ब्रांड एम्बेसडर्स, स्वच्छ योद्धाओं, और स्वच्छता में उत्कृष्ट योगदान देने वाले नागरिकों को सम्मानित किया जाएगा। साथ ही, स्वच्छता के मानकों को पूरा करने वाले नगर निगम, नगर पालिका और नगर पंचायतों को भी राज्य स्तर पर पुरस्कृत किया जाएगा।

अब तक 1 लाख कार्यक्रमों का आयोजन 
अभियान के अंतर्गत प्रदेश के नगरों में अब तक 1 लाख 36 हजार 563 कार्यक्रमों का आयोजन हो चुका है। 59 हजार 550 सम्पूर्ण स्वच्छता और लक्षित इकाइयों को चिन्हित किया गया है, और लगभग 38 हजार  इकाइयों को स्वच्छ और सुंदर बनाया गया है। डेढ़ लाख से अधिक लोग इस अभियान में भाग ले चुके हैं।अभियान की समाप्ति के अवसर पर, 2 अक्टूबर को महात्मा गांधी की जयंती पर प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस दिन सफाई कर्मियों और नागरिकों को सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने स्वच्छता में अपना योगदान दिया है। साथ ही, उत्कृष्ट कार्य करने वाले नगर निकायों को राज्य स्तर पर पुरस्कार दिए जाएंगे।

Also Read