पूर्वी विहार योजना को विकसित करेगा आवास निगम : एलडीए और आवास-विकास से ली जाएगी मदद

UPT | पूर्वी विहार योजना को विकसित करेगा आवास निगम।

Sep 20, 2024 16:01

आवास निगम की ओर से राजधानी लखनऊ में अयोध्या रोड पर पूर्वी विहार आवासीय योजना को विकसित करने की तैयारी की जा रही है।

Lucknow News :  आवास निगम की ओर से राजधानी लखनऊ में अयोध्या रोड पर पूर्वी विहार आवासीय योजना को विकसित करने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए उप्र आवास एवं विकास परिषद व लखनऊ विकास प्राधिकरण से संयुक्त सहभागिता के आधार पर क्रियान्वित करने के लिए संपर्क किया जा रहा है। यह जानकारी सहकारी आवास निर्माण एवं वित्त निगम लिमिटेड की 36वीं वार्षिक सामान्य निकाय की बैठक में निगम के अध्यक्ष पुलकित सिंह वर्मा ने दी।

ऋण वितरण वसूली में सुधार
अन्तर्राष्ट्रीय बौद्ध शोध संस्थान गोमती नगर में निगम के अध्यक्ष पुलकित सिंह की अध्यक्षता में बैठक हुई। जिसमें निगम के संचालक मण्डल के सदस्य, विशेष आमंत्रित अरूण कुमार सिंह एवं विधान परिषद सदस्या वन्दना वर्मा तथा वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान निगम के प्रभारी प्रबन्ध निदेशक वीएन सिंह ने आवास निगम के कार्यकलापों का विवरण प्रस्तुत किया। निगम के अध्यक्ष ने बताया कि आवास निगम की ओर से किये गये ऋण वितरण की वसूली में लगातार सुधार हो रहा है। वीएन सिंह ने बताया कि आवास निगम की वसूली वर्ष 2023-2024 में 451.83 लाख रुपये हुई है जो विगत वर्ष की तुलना से अधिक है। 



सहकारिता क्षेत्र में हुए विकास का लेखा-जोखा रखा 
सिंह ने बताया कि वसूली में और प्रगति लाने के लिये वर्ष के आरम्भ से ही वसूली अभियान चलाया जा रहा है। मुख्यालय स्तर पर कमेटी गठित कर व्यक्तिगत रूप से सदस्यों से लगातार सम्पर्क कर वसूली के लिए अथक प्रयास किये जा रहे हैं। बकाये की वसूली के लिए मध्यस्थ वाद दायर कर भी वसूली की कार्रवाई की जा रही है। आवास निगम की ओर से पूर्वी विहार आवासीय योजना को संयुक्त सहभागिता के आधार पर क्रियान्वित करने के लिए उत्तर प्रदेश आवास एवं विकास परिषद तथा लखनऊ विकास प्राधिकरण से सम्पर्क करके कार्रवाई की जा रही है। राजेन्द्र प्रसाद शुक्ला, संचालक ने सहकारिता क्षेत्र में हुए विकास से अवगत कराया। 

जल निगम कर्मियों को नहीं मिला वेतन-पेंशन
उत्तर प्रदेश जल निगम (नगरीय) के कर्मचारियों और पेंशनरों को बीते पांच माह से वेतन और पेंशन नहीं मिल रहा है। इस कारण कर्मचारी और पेंशनर घोर आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। डिप्लोमा इंजीनियर्स संगठन उत्तर प्रदेश जल निगम (नगरीय) के महामंत्री मंजीत कुमार वर्मा ने बताया जल निगम (नगरीय) को सेन्टेज नहीं मिल पा रहा है। सेन्टेज की कमी के कारण हालत बद से बदतर हो गयी है। उन्होंने इस समस्या के स्थाई हल के लिए मुख्यमंत्री से गुहार लगायी है और वेतन व पेंशन का भुगतान ट्रेजरी से कराए जाने की मांग की है। उन्होंने बताया कि अप्रैल, मई, जून, जुलाई व अगस्त 2024 का वेतन व पेंशन न मिलने से कर्मचारी मकान का किराया, बच्चों की फीस और पारिवारिक दायित्वों का निर्वहन नहीं कर पा रहे हैं। पेंशनर्स अपना इलाज व पारिवारिक दायित्व भी नहीं निभा पा रहे हैं।

Also Read