अखिलेश यादव के जन्मदिन को लेकर कार्यकर्ताओं में जोश : बताया भावी प्रधानमंत्री और पीडीए का संरक्षक

UPT | सपा प्रदेश मुख्यालय के बाहर लगी होर्डिंग।

Jul 01, 2024 01:01

पार्टी दफ्तर पहुंचे एक कार्यकर्ता ने कहा कि अखिलेश यादव ने जिस तरह से लोकसभा सदस्य की शपथ ली है, वह दिन दूर नहीं जब उसी सदन में वह प्रधानमंत्री पद की भी शपथ लेंगे और देश का नेतृत्व करेंगे।

Short Highlights
  • सपा कार्यकर्ताओं के साथ अपना जन्मदिन मनाएंगे अखिलेश यादव
  • पार्टी चलाएगी प्रदेशव्यापी 'पीडीए पेड़' पौधारोपण कार्यक्रम  
Lucknow News : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का 1 जुलाई को जन्मदिन है। इसे लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह देखने को मिल रहा है। सपा अध्यक्ष के जन्मदिन से कई दिन पहले ही पार्टी के प्रदेश मुख्यालय के बाहर होर्डिंग्स लगाई जा चुकी हैं, जिनमें उन्हें जन्मदिन की बधाई दी जा रही है। इनमें से अखिलेश यादव को भावी प्रधानमंत्री बताकर बधाई देने वाली होर्डिंग काफी सुर्खियों में है। अखिलेश यादव के जन्मदिन से पहले बड़ी संख्या में कार्यकर्ता पार्टी दफ्तर पहुंच रहे हैं। 

लोकसभा चुनाव में बेहतर प्रदर्शन से उत्साहित हैं सपा कार्यकर्ता
लोकसभा चुनाव में सपा उत्तर प्रदेश की सबसे बड़ी और देश की तीसरी सबसे बड़ी पार्टी बनने में सफल हुई है। ऐसे में कार्यकर्ता बेहद उत्साहित हैं और उन्हें भविष्य का प्रधानमंत्री कहकर संबोधित कर रहे हैं। सपा कार्यकर्ता मंजीत यादव की ओर से लगाई ऐसे होर्डिंग की हर तरफ चर्चा है। इस होर्डिंग पर लिखा है- 'देश के भावी प्रधानमंत्री आदरणीय श्री अखिलेश यादव जी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। आप हैं, विश्वास है।'

कार्यकर्ता बोले- जुमलों में फंस गई जनता
पार्टी दफ्तर पहुंचे एक कार्यकर्ता ने कहा कि 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिला, किसान, व्यापारियों और युवाओं से बड़े बड़े वादे किए थे। लोगों को लगा उनके अच्छे दिन आएंगे। लेकिन, आज तक ऐसा कुछ नहीं हुआ। वादे धरातल पर नहीं उतरे और जनता जुमलों में फंस गई है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार का कार्यकल पूरी तरह से फ्लॉप साबित हुआ है। जनता अब जागरूक हो चुकी है। अखिलेश यादव ने जिस तरह से लोकसभा सदस्य की शपथ ली है, वह दिन दूर नहीं जब उसी सदन में वह प्रधानमंत्री पद की भी शपथ लेंगे और देश का नेतृत्व करेंगे। जब एक युवा देश का नेतृत्व करेगा तो देश का विकास होगा। भाजपा के लोग जिस तरह से देश का विकास करने की बात कह रहे हैं, वह विकास नहीं विनाश है। 

श्रीराम की नगरी ने पूरे देश के लिए दिया आशीर्वाद
देश में अगला लोकसभा चुनाव 2029 में होगा। इससे पहले सपा के सामने उत्तर प्रदेश में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव की चुनौती है। ऐसे में अभी से उन्हें भावी प्रधानमंत्री बताए जाने पर कार्यकर्ता कहते हैं कि जिनको श्रीराम की नगरी का आशीर्वाद मिल गया हो, उन्हें पूरा देश का आशीर्वाद मिल गया है। अखिलेश यादव ही आने वाले दिनों में देश की बागडोर संभालते नजर आएंगे, इसमें कोई शक नहीं है। कार्यकर्ताओं के मुताबिक 2029 केवल केवल नंबर है, एक गिनती है। इस बार थोड़ा चूक गए हैं। लेकिन, आगे की लड़ाई के लिए हम लोगों को अभी से तैयार होना पड़ेगा। अभी से तैयारी करेंगे, मेहनत करेंगे तो अखिलेश यादव जरूर प्रधानमंत्री बनेंगे।  

पीडीए की रणनीति पर काम करेंगे अखिलेश यादव 
इसके साथ ही अन्य होर्डिंग, बैनर, पोस्टर में अखिलेश यादव को पीडीए का संरक्षक और जननायक कहकर संबोधित किया गया है। अखिलेश यादव ने लोकसभा चुनाव से पहले पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक को मिलाकर पीडीए फॉर्मूले के तहत आगे बढ़ने की बात कही थी। चुनाव में उनकी पार्टी को इसका लाभ भी मिला और सपा यूपी में सबसे ज्यादा 37 सीटें जीतने में सफल हुई। इस जीत की बदौलत उसे उत्तर प्रदेश में 33.59 प्रतिशत वोट मिले, वहीं कुल मतों की संख्या 2,94,51,786 रही। वहीं राष्ट्रीय स्तर पर उसे 4.58 प्रतिशत वोट मिले, वहीं मतों की संख्या 2,95,49,381 रही।

अखिलेश के जन्मदिन पर प्रदेशव्यापी 'पीडीए पेड़' पौधारोपण कार्यक्रम 
सपा पीडीए फॉर्मूले को लेकर कितनी गंभीर है, इसका पता इस बात से लगाया जा सकता है कि पार्टी ने एक जुलाई से 07 जुलाई 2024 तक प्रदेशव्यापी 'पीडीए पेड़' वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन करने का फैसला किया है। अखिलेश यादव के जन्मदिन के उपलक्ष्य में इस कार्यक्रम का आयोजन प्रदेश के प्रत्येक गांव में किया जाएगा। यह प्रदेशव्यापी कार्यक्रम एक सप्ताह तक चलेगा। इस दौरान पार्टी के सभी नेता कार्यकर्ता मिलकर प्रदेश के हर गांव में पीडीए पेड़ लगाएंगे। पीडीए पेड़ के रूप में बरगद, पीपल और नीम का पौधारोपण किया जाएगा। जो पर्यावरण के संरक्षण के साथ-साथ सामाजिक न्याय के प्रतीक के रूप में सामाजिक समानता-समता की प्राणवायु हर दिन देंगे। सपा के मुख्य प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी के मुताबिक वर्तमान में हर तरफ फैले हुए तरह-तरह के प्रदूषण को दूर करने के लिए आवश्यकता पेड़ की है, शाखाओं की नहीं। जब पौधे की जड़ें जमीन पकड़ लेती हैं तो शाखाएं, पत्तियां, फूल, फल सब अपने आप प्राप्त होता है। वे शाखाएं अप्राकृतिक होती हैं जिनकी न तो जड़ों का पता होता है, और न ही इस बात का कि उनका फल किसको मिल रहा है। इसीलिए आवश्यकता जमीन से जुड़ें पेड़ों की है, मनुष्य निर्मित शाखाओं की नहीं। पीडीए पेड़ पौधारोपण के इस पर्यावरणीय, सामाजिक आंदोलन को समाजवादी पार्टी द्वारा उत्तर प्रदेश के गांवों से शुरू करके आगामी चरणों में राष्ट्रव्यापी आंदोलन बनाने का प्रयास किया जाएगा।

उपचुनाव में बेहतर प्रदर्शन की चुनौती
सपा इस जीत के साथ ही अब उत्तर प्रदेश में विधानसभा की 10 सीटों पर उपचुनाव की तैयारी में जुट गई है। इसके लिए संभावित उम्मीदवार संपर्क करने में लगे हैं। माना जा रहा है कि सपा स्थानीय और जातीय समीकरण के साथ पीडीए फॉर्मूले के तहत अपने उम्मीदवार खड़ा करेगी। ये उपचुनाव उसकी अग्निपरीक्षा भी होंगे। इनके जरिए अखिलेश यादव ये संदेश देने की कोशिश करेंगे कि लोकसभा चुनाव के बाद विधानसभा उपचुनाव में भी जनता का भरोसा उनकी पार्टी पर कायम है। अच्छे प्रदर्शन के जरिए वह मिशन 2027 के लिए कार्यकर्ताओं को एकजुट करने का काम करेंगे।  

Also Read