ग्रेटर नोएडा में बड़ा हादसा : दीवार के मलबे में दबकर तीन बच्चों की मौत

UPT | ग्रेनो में दीवार गिरने से घायल बच्चा

Jun 28, 2024 23:38

ग्रेटर नोएडा में बड़ा हादसा, दीवार के मलबे में दबकर तीन बच्चों की मौत

Greater Noida News : ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर थाना क्षेत्र के खोदना कला गांव में एक दुखद घटना हुई। तेज बारिश के कारण एक निर्माणाधीन मकान की दीवार गिर गई, जिसमें खेल रहे बच्चे दब गए। इस हादसे में तीन बच्चों की मृत्यु हो गई और पांच अन्य घायल हो गए।

आधे घंटे बाद मलबा हटाया जा सका
शाम करीब 5 बजे हादसा हुआ। स्थानीय लोगों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया और लगभग आधे घंटे में बच्चों को मलबे से निकाला। उन्हें रिक्शे के माध्यम से अस्पताल पहुंचाया गया। बाद में पुलिस और एंबुलेंस भी मौके पर पहुंची। मृतक बच्चों की पहचान आहद (4), आदिल (8) और अलफिदा (2) के रूप में हुई है। घायल बच्चों में आयशा (16), हुसैन (5), सोहना (12), वासील (11) और समीर (15) शामिल हैं। 

खेलते बच्चों पर गिरी दीवार
प्रत्यक्षदर्शी रहीम ने बताया कि बच्चे मकान में खेल रहे थे, जब दीवार गिर पड़ी। पहले तो हम समझ ही नहीं पाए क्या हुआ है। बच्चों की चीख सुनी तो मोहल्ले वाले आ गए। मलबा हटाने का काम शुरू किया गया। बच्चों को बाहर निकालकर अस्पताल ले जाया गया।

Also Read