सोनभद्र से बड़ी खबर : ग्राम प्रधान ने क्यों की आत्महत्या, नहीं बता पा रहा परिवार, लेकिन संगठन ने...  

UPT | घटना के बाद मौके पर एकत्र ग्रामीण

Apr 04, 2024 18:27

पन्नूगंज थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत कसारी के ग्राम प्रधान अनिल कुमार गुप्ता ने बुधवार रात अपने घर पर फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली...

Sonbhadra News (Gyan Prakash Chaturvedi) : पन्नूगंज थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत कसारी के ग्राम प्रधान अनिल कुमार गुप्ता ने बुधवार की रात अपने घर पर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। गुरुवार की सुबह परिजनों ने शव को देखा तो मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पन्नूगंज पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

सुबह देर तक नहीं जागे तो हुई जानकारी
परिजनों के अनुसार, प्रधान अनिल गुप्ता बुधवार देर रात लगभग 11 बजे काशीपुर कस्बा स्थित अपने घर पहुंचे थे। बताया गया है कि इस दौरान वह घर वालों से बातचीत करने के बाद अपने कमरे में सोने चले गए। सुबह लगभग 8 बजे तक उनके नहीं उठने पर घर के सदस्यों ने आवाज दी और दरवाजा खटखटाया। उधर से कोई आवाज न होने पर लोगों को शक हुआ तो दरवाजा तोड़कर देखा तो अनिल पंखे से लटके हुए थे। घटना देखकर घर में कोहराम मच गया। घर वालों ने शव को नीचे उतारकर थाने को सूचना दी। 

जानकारी होने पर लगी भीड़
मौके पर पहुंचे पन्नूगंज इंस्पेक्टर केदारनाथ मौर्य घर वालों से बातचीत के बाद शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया गया है कि मृतक को दो लड़के व दो लड़कियां हैं। ग्राम प्रधान ने ऐसा कदम क्यों उठाया, किसी को समझ में नहीं आ रहा है। उनके निधन की सूचना पर क्षेत्र के लोगों की भीड़ उनके आवास पर जमा हो गई। लोग दुख की इस घड़ी में परिवार को ढांढस बंधाते रहे। 

उच्चस्तरीय जांच की मांग
रॉबर्ट्सगंज सदर ब्लॉक प्रधान संगठन के अध्यक्ष सुरेश शुक्ला के नेतृत्व में दर्जनों प्रधानों ने बैठक कर शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने बताया कि प्रधान के आत्महत्या मामले में उच्च स्तरीय जांच होनी चाहिए। दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी करवाई की जाए।

Also Read