मोदी 3.0 में यूपी से ये चेहरे : राजनाथ, जितिन, जयंत और इन सांसदों का शपथ लेना तय, प्रधानमंत्री की बैठक में शामिल हुए

UPT | मंत्रियों की संभावित लिस्ट आई सामने

Jun 09, 2024 15:38

राष्ट्रपति भवन में नरेंद्र मोदी का शपथ ग्रहण कार्यक्रम होगा। इस दौरान मोदी के साथ उनकी कैबिनेट के कई मंत्री भी शपथ लेंगे। आज दोपहर करीब 12 बजे पीएम मोदी ने संभावित मंत्रियों के साथ आगामी 100 दिन के रोडमैप पर चर्चा की।

Short Highlights
  • नरेंद्र मोदी का शपथ ग्रहण आज
  • मंत्रियों की संभावित लिस्ट आई
  • नहीं दिखेंगे यूपी के ये दिग्गज चेहरे
New Delhi : नरेंद्र मोदी अपने तीसरे कार्यकाल के लिए बतौर प्रधानमंत्री शपथ लेने के लिए तैयार हैं। आज यानी रविवार की शाम 7:15 बजे राष्ट्रपति भवन में उनका शपथ ग्रहण कार्यक्रम होगा। इस दौरान मोदी के साथ उनकी कैबिनेट के कई मंत्री भी शपथ लेंगे। आज दोपहर करीब 12 बजे पीएम मोदी ने संभावित मंत्रियों के साथ आगामी 100 दिन के रोडमैप पर चर्चा की।

किन चेहरों को मिलेगी जगह?
मोदी कैबिनेट 3.0 में जिन लोगों को जगह दी जा सकती है, उसमें सबसे पहला नाम अमित शाह का है। अमित शाह को फिर से गृह मंत्रालय का पद दिया जा सकता है। इसके अलावा नितिन गडकरी, ज्योतिरादित्य सिंधिया, शिवराज सिंह चौहान, पीयूष गोयल, जितेंद्र सिंह, मनोहर लाल खट्टर, अश्विनी वैष्णव, किरण रिजिजू, अर्जुन मेघवाल, प्रह्लाद  जोशी का नाम भी इस संभावित लिस्ट में है। वहीं अगर उत्तर प्रदेश की बात करें, तो यूपी से मोदी कैबिनेट में राजनाथ सिंह, जितिन प्रसाद, पंकज चौधरी, अनुप्रिया पटेल, जयंत चौधरी, हरदीप पुरी, एसपी बघेल, कमलेश पासवान और बीएम वर्मा मंत्री बनाए जा सकते हैं।
 
नहीं दिखेंगे ये दिग्गज चेहरे
मोदी 3.0 की कैबिनेट में उत्तर प्रदेश के कई दिग्गज चेहरे दिखाई नहीं देंगे। इसमें स्मृति ईरानी, साध्वी निरंजन ज्योति, जनरल वीके सिंह, अजय मिश्र टेनी, महेंद्र नाथ पांडेय का नाम शामिल है। स्मृति ईरानी अमेठी से चुनाव हार गई हैं। उन्हें कांग्रेस के किशोरी लाल ने शिकस्त दी। इसी तरह साध्वी निरंजन ज्योति फतेहपुर से और अजय मिश्र टेनी खीरी से चुनाव हार गए। जनरल वीके सिंह का इस बार गाजियाबाद से टिकट काट दिया गया था। हालांकि संभावना इस बात की भी जाहिर की जा रही है कि मोदी कैबिनेट में कई बड़े सरप्राइज देखने को मिल सकते हैं।

चुनाव में कैसा रहा प्रदर्शन
उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी को करारी हार का सामना करना पड़ा है। उसे यूपी की 80 लोकसभा सीटों में 33 सीटें मिली हैं। वहीं समाजवादी पार्टी को 37 और कांग्रेस को 6 सीटें मिली हैं। यूपी की हार का असर केंद्रीय कैबिनेट पर भी पड़ सकता है। माना जा रहा है कि मोदी सरकार 3.0 में उत्तर प्रदेश की हिस्सेदारी पिछली दो सरकारों के मुकाबले कम की जा सकती है।

Also Read