Tractor Tiranga Yatra : भाकियू के नेतृत्व में किसानों ने निकाली ट्रैक्टर तिरंगा यात्रा, सौंपा ज्ञापन

UPT | ज्ञापन देते हुए 

Aug 10, 2024 00:55

भारतीय किसान यूनियन, टिकैत गुट के आह्वान पर शुक्रवार को पूरे देश मे ट्रैक्टर तिरंगा यात्रा निकाली गई। इसी कड़ी में जिले में दर्जनों ट्रैक्टरों के साथ...

Chandauli News : भारतीय किसान यूनियन, टिकैत गुट के आह्वान पर शुक्रवार को पूरे देश मे ट्रैक्टर तिरंगा यात्रा निकाली गई। इसी कड़ी में जिले में दर्जनों ट्रैक्टरों के साथ मंडल प्रवक्ता मणिदेव चतुर्वेदी के नेतृत्व में किसानों ने तिरंगा यात्रा निकाली। मणिदेव चतुर्वेदी ने कहा कि प्रशासन इस यात्रा को रोकने के लिए अलर्ट था। यात्रा न निकालने को लेकर शाम से ही पुलिस प्रशासन मुकदमा दर्ज करने की धमकी दे रहा था। संगठन के पदाधिकारियों को घर में पुलिस ने नज़रबंद करने का शुरू कर दिया था।

अपनी मांगों से संबंधित सौंपा ज्ञापन
उन्होने बताया कि भाकियू जिलाध्यक्ष सतीश सिंह चौहान के घर पुलिस जा चुकी थी और दर्जनों ट्रैक्टरों को शहाबगंज में ही रोक दिया गया। तमाम धमकियों व प्रशासनिक दबाव के बावजूद भाकियू ने शुक्रवार को ट्रैक्टर तिरंगा यात्रा निकाली। यह यात्रा रिलायंस पेट्रोल पम्प से शुरू होकर बिछिया धरना स्थल तक निकाली गई। जिसके बाद नायब तहसीलदार चित्रसेन सिंह यादव को ज्ञापन दिया गया। इस दौरान एमएसपी कानून गारंटी, स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट लागू करने, कर्ज माफी, एक फीसदी ब्याज दर पर किसानों को ऋण, अग्निवीर योजना की समीक्षा, गन्ने का 400 रुपया प्रति कुंतल दाम लागू करने, नहरों का पक्कीकरण आदि मांगों को उठाया गया।  

मुख्यालय पर अनिश्चितकालीन धरने की चेतावनी
कहा कि स्वतंत्रता समारोह मनाने को लेकर जिस तरह से किसानों को उनके घरों में नजरबंद  किया गया। वह पूरी तरह से असंवैधानिक है। शासन प्रशासन के इस रवैये को लेकर भारत का किसान-मजदूर भयभीत है। आज यह स्पष्ट हो गया है कि संविधान खतरे में है। जिलाध्यक्ष सतीष सिंह चौहान ने कहा कि जिले में मनमानी चल रही है। कोई भी सुविधा देख देखकर बांटी जा रही है। जल्द ही युनियन जिले की 40 सूत्री मांगों को लेकर जिला मुख्यालय पर अनिश्चितकालीन धरना देगा। 

यह लोग रहे मौजूद
इस मौके पर ट्रैक्टर प्रमुख कन्हैया, प्रभाकर, जीउत, खिचडू चौहान, जितेन्द्र मौर्या, रामनिहाल, रामाश्रय विश्वकर्मा, अरविंद मौर्य, गोकुल, डॉ राजीव मौर्या, विनोद, रामनरायन यादव, बाबू लाल, महंगू, जिला उपाध्यक्ष रामदुलारे कन्नौजिया, जिला मीडिया प्रभारी आनंद मौर्या, हाकिम, जीउत पाल, रामलाल यादव, अलाउद्दीन, महेंद्र, राम, शंभु गुप्ता, जवाहिर शर्मा, रामाश्रय आदि मौजूद रहे।

Also Read