कांग्रेस ने मोर्चा खोला : ईडी के सहारे लोकतंत्र को खत्म करने का आरोप, कांग्रेस नेता बोले- कांग्रेस और विपक्ष डरने वाला नहीं

UPT | देवेंद्र सिंह चिल्लू

Mar 22, 2024 20:00

आम चुनाव की घोषणा के साथ ही आरोप प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है, गुरुवार की देर शाम ईडी द्वारा दिल्ली के मुख्यमंत्री को गिरफ्तार करने के बाद आम आदमी पार्टी सहित पूरा विपक्ष एकजुट होकर भाजपा के खिलाफ खड़ा हो गया है... आगरा में भी दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी और कांग्रेस के खाते सीज करने के बाद कांग्रेस ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिए...

Agra News : कांग्रेस के अकाउंट सीज किये जाने को लेकर  पार्टी ने भी अब भाजपा के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। आगरा शहर में भी भाजपा के खिलाफ कांग्रेस में आक्रोश देखने को मिल रहा है। आम चुनाव के महा समर में जब कांग्रेस के पास पैसा ही नहीं होगा तो चुनाव कैसे लड़ा जाएगा। उत्तर प्रदेश टाइम्स से बात करते हुए शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेंद्र सिंह चिल्लू ने पार्टी का पक्ष रखा और भाजपा पर जमकर हमला बोला। उनका कहना था कि फाइनेंशियल तौर पर कांग्रेस पार्टी को अपंग बनाने के लिए उसके खाते सीज किए गए हैं क्योंकि बिना पैसे के ना तो चुनाव लड़ा जा सकता है और ना ही किसी तरह की रैलियां हो सकती हैं। देवेंद्र चिल्लू ने कहा कि चुनाव लड़ने के लिए प्रिंट/ इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के लिए भी विज्ञापन हेतु मोटी धनराशि चाहिए जब ख़ाता ही सीज होगा तो देशभर में कांग्रेस का विज्ञापन कैसे जाएगा।    शहर कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र सिंह चिल्लू ने भाजपा पर हमलावर होते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने विपक्षियों की कमर तोड़ने के लिए टाइमिंग बिल्कुल सटीक चुनी है क्योंकि इस समय लोकसभा चुनाव है। इसके चलते कांग्रेस की छवि धूमिल करने का प्रयास किया जा रहा है। इस चुनाव में वर्षों पुराने मामले के नोटिस पार्टी को भिजवाए जा रहे हैं और उनके आधार पर पार्टी के अकाउंट भी सीज किया गया है। कांग्रेस पार्टी के जो अकाउंट सीज किए गए हैं। वह मामला सीताराम केसरी के समय का है। यानी 94 -95 एसेसमेंट ईयर का नोटिस हमारे पास आया है।  इतने सालों में यह नोटिस कभी नहीं आया लेकिन लोकसभा चुनाव की तैयारी शुरू होते ही यह नोटिस आने लगे हैं। इससे साफ है कि भाजपा इस समय डरी हुई है और विपक्षियों को कमजोर करके चुनाव जीतना चाहती है भाजपा सरकार की इस कवायद से साफ है कि वह देश में लोकतंत्र नहीं चाहती है।   कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र सिंह चिल्लू का कहना है कि पार्टी केवल चंदे से चलती है। चंदा केवल कांग्रेस पार्टी ही नहीं लेती बल्कि भाजपा भी लेती है। पाकिस्तान के साथ-साथ अन्य देशों से भी भाजपा पार्टी को फंड मिल रहा है। ईडी के साथ अन्य एजेंसी भाजपा के अकाउंट सीज नहीं करती। पैसा उसे कहां से मिला है इसकी खोजबीन भी और पूछताछ भी नहीं की जाती क्योंकि वह सत्ता में है और सुरक्षा एजेंसी का किस तरह उपयोग करना है यह भाजपा सरकार बखूबी जानते हैं।   शहर अध्यक्ष देवेंद्र सिंह चिल्लू ने यह भी आरोप लगाया है कि पुलवामा कांड भी भाजपा की साजिश थी इसलिए तो आजतक उसकी कोई जांच नही हुई है और उसपर भाजपा सरकार बात भी नही करना चाहती है। अब कांग्रेस के अकॉउंट सीज कराके व दिल्ली सीएम की झूठे केस में गिरफ्तारी कराकर अपने आप को पाक दामन साबित करना चाहती है लेकिन देश की जनता सब देख रही है कि किस तरह से देश मे लोकतंत्र की हत्या हो रही है।    उत्तर प्रदेश टाइम्स से रूबरू होते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा की ओर से प्रोपोगेंडा फैलाया जा रहा है कि अमेठी व रायबरेली से कांग्रेस भाग गई है लेकिन प्रोपोगेंडा फैलाने वालों सुन लो कि अमेठी व रायबरेली से गांधी परिवार ही चुनाव लड़ेगा।    

Also Read