Ayodhya News : खाकी वाले गुरुजी अमेजिंग इंडियन अवार्ड से सम्मानित, जानें आईजी ने क्या कहा...

UPT | खाकी वाले गुरुजी को बधाई देते आईजी प्रवीण कुमार।

Aug 27, 2024 01:07

पुलिस विभाग में भी गरीबों के लिए देवता हो सकते हैं। यह कर दिखाया है सब इंस्पेक्टर रणजीत यादव ने। उन्हें मलिन बस्ती के लोग खाकी वाले गुरु जी कहते हैं। मलिन बस्ती व निराश्रित बच्चों में शिक्षा की अलख

Short Highlights
  • भिक्षावृत्ति से जुड़े बच्चों को 2021 से दे रहे हैं निशुल्क शिक्षा
  • दिल्ली में कैबिनेट मंत्री किरेन रिजिजू के हाथों से मिला सम्मान

Ayodhya News : पुलिस विभाग में भी गरीबों के लिए देवता हो सकते हैं। यह कर दिखाया है सब इंस्पेक्टर रणजीत यादव ने। उन्हें मलिन बस्ती के लोग खाकी वाले गुरु जी कहते हैं। मलिन बस्ती व निराश्रित बच्चों में शिक्षा की अलख जगाने वाले सब इंस्पेक्टर रणजीत यादव को उनके उल्लेखनीय कार्यों के लिए नई दिल्ली में अमेजिंग इंडियंस अवॉर्ड 2024 से सम्मानित किया गया है। टाइम्स नाऊ द्वारा नई दिल्ली के ताज पैलेस होटल में आयोजित कार्यक्रम में ट्राफी एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। पुलिस महानिरीक्षक अयोध्या परिक्षेत्र प्रवीण कुमार ने अमेजिंग इंडियंस अवॉर्ड 2024 मिलने पर उपनिरीक्षक रणजीत यादव यानि खाकी वाले गुरुजी को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।

देशभर के 12 लोगों का सम्मान
राजधानी नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में देश के हर राज्य से 12 अलग-अलग कैटेगरी से कुल 60 लोगों को नॉमिनी के रूप में आमंत्रित किया गया था। उपस्थित जूरी मेंबर्स ने अपने निर्णय में 12 लोगों को विजयी घोषित किया, जिसमें रणजीत यादव को मलिन बस्ती के विकास संवर्धन एवं शिक्षा क्षेत्र में किये जा रहे अनुकरणीय प्रयास के लिए अमेजिंग इंडियन अवार्ड 2024 प्रदान कर सम्मानित किया गया।

आईजी कार्यालय में तैनात हैं रणजीत यादव
रणजीत यादव अयोध्या के पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय में सब इंस्पेक्टर के पद पर नियुक्त हैं। रणजीत यादव द्वारा अपनी ड्यूटी को वरीयता देते हुए अयोध्या के जयसिंह वार्ड की मलिन बस्ती के गरीब असहाय और भिक्षावृत्ति से जुड़े बच्चों को 2021 से निशुल्क शिक्षण प्रदान किया जा रहा है। रणजीत ने शिक्षा की इस मुहिम को अपना स्कूल नाम दिया है। रणजीत यादव ने मलिन बस्ती के बच्चों के माता-पिता को जागरूक करके 28 बच्चों का एडमिशन नजदीक के सरकारी स्कूल में करवा दिया है। अब वे सब रोजाना स्कूल जाते हैं। पुलिस की व्यस्ततम ड्यूटी से समय निकालकर वंचित वर्ग के बच्चों को शिक्षा देने के कारण अयोध्यावासी प्यार से इन्हें "खाकी वाले गुरुजी" नाम से बुलाते हैं। 

क्या कहते हैं रणजीत यादव
रणजीत यादव ने कहा कि इस पुरस्कार को अपना स्कूल के बच्चों को समर्पित करते हुए माता-पिता, गुरुजनों, परिवारीजन, मित्रों एवं पत्नी गरिमा को धन्यवाद देता हूं, क्योंकि उनके सहयोग के बिना कुछ संभव नहीं था। आयोजन समिति को सम्मान देने एवं पहली हवाई यात्रा का अनुभव प्रदान करने के लिए धन्यवाद। अपना स्कूल के सहयोगी ऋषभ शर्मा, अंशिका सिंह एवं राजन यादव को विशेष धन्यवाद दिया। सम्मानित होने के बाद आईजी कार्यालय अयोध्या पहुंचने पर पुलिस महानिरीक्षक प्रवीण कुमार ने बधाई और शुभकामनाएं देते हुए उनके कार्यों की सराहना की।

Also Read