Bareilly News : चोर की गोली से घायल व्यापारी ने तोड़ा दम, सड़क पर उतरे भड़के कारोबारी...

UPT | व्यापारियों को समझाते कैनिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह।

Sep 25, 2024 15:36

यूपी के बरेली देहात की आंवला कोतवाली थाना क्षेत्र में चोरों की गोली से घायल एक व्यापारी की इलाज के दौरान मौत हो गई। इससे परिवार में कोहराम मच गया, वहीं व्यापारियों में भी काफी गुस्सा है। उन्होंने बुधवार को बाजार बंद...

Bareilly News : यूपी के बरेली देहात की आंवला कोतवाली थाना क्षेत्र में चोरों की गोली से घायल एक व्यापारी की इलाज के दौरान मौत हो गई। इससे परिवार में कोहराम मच गया, वहीं व्यापारियों में भी काफी गुस्सा है। उन्होंने बुधवार को बाजार बंद कर हंगामा किया। व्यापारियों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी कर विरोध प्रदर्शन किया। पुलिस ने समझाने की काफी कोशिश की। मगर, वे नहीं माने। यूपी सरकार के कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने व्यापारियों को काफी समझाया। इसके बाद कार्रवाई का भरोसा दिलाया, तब कहीं जाकर मामला शांत हो सका। 

विरोध करने पर मारी थी गोली
नगर पालिका आंवला के मोहल्ला बाग बख्शी इफको कॉलोनी निवासी श्रीकांत पाटिल उर्फ मराठा (44 वर्ष) मोहल्ला पक्का कटरा में सुनारी का व्यापार करते थे। बताया जाता है कि बीते गुरुवार को वह अपने निर्माणाधीन मकान की सुरक्षा के लिए रात में लेटे थे। इसी दौरान रात करीब एक बजे उनके मकान में चोरी के इरादे से तीन चोर पहुंचे। उन्हें जागते देखा, तो वह लौट गए। इसके बाद फिर कुछ दूर अनुपुरा मोहल्ला में रहने वाले सालिग राम के मकान का ताला तोड़ने लगे। ताला तोड़ने की आवाज सुनकर श्रीकांत बाहर निकले। उन्होंने ताला तोड़ते देखकर शोर मचाया। इसके साथ ही एक चोर को दबोच लिया। काफी देर तक उठापटक हुई। इसी दौरान चोर ने तमंचा निकालकर उनके पेट में गोली मार दी।

इलाज के दौरान तोड़ा दम
चोरों की गोली से घायल श्रीकांत को बरेली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान मंगलवार रात करीब 8 बजे उन्होंने दम तोड़ दिया। उनकी मौत की खबर से सैकड़ों लोग घर पहुंच गए। नगर पालिका बाजार के व्यापारी नेता भी अस्पताल पहुंच गए। व्यापारी वरुण अग्रवाल समेत कई व्यापारियों ने आरोप लगाया कि श्रीकांत की जान पुलिस की नाकामी की वजह से गई है।

चोरों की तलाश में पुलिस
पुलिस ने चार टीमों का गठन किया है। पुलिस आसपास दुकान और घरों में लगे सीटीटीवी को खंगालने में लगी हुई है। सीसीटीवी फुटेज में कुछ महत्वपूर्ण जानकारी मिली है। इसके साथ-साथ एसओजी टीम और सर्विलांस टीम को भी घटना के अनावरण के लिए लगाया गया है। कुछ संदिग्धों के फोटो पुलिस को मिले हैं। उसी के आधार पर आरोपियों को पुलिस तलाशने में जुटी है।

परिजनों को दी सांत्वना
व्यापारी श्रीकांत पाटिल की मौत के बाद व्यापारियों में पुलिस के खिलाफ गुस्सा भड़क उठा। बाजार बंद करके व्यापारियों ने हंगामा किया। व्यापारियों ने नगर में बाइक रैली निकालकर प्रदर्शन किया। वे इंस्पेक्टर आंवला सिद्धार्थ सिंह तोमर को हटाने की मांग कर रहे थे। सूचना पर कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह मृतक व्यापारी के घर पहुंचे। उन्होंने सांत्वना दी। इसके बाद पूरे मामले की जानकारी ली। इस दौरान व्यापारी मृतक के घर पहुंच गए। कैबिनेट मंत्री का घेराव किया। धर्मपाल सिंह ने कार्रवाई का आश्वासन देकर व्यापारियों से बाजार खोलने की अपील की। इस पर व्यापारी मान गए। इसके बाद दोपहर में बाजार खोल दिया गया।

Also Read