Heat Stroke : बांदा का तापमान 48 डिग्री पहुंचा, केन नदी का पानी भी हुआ गर्म, हजारों मछलियों ने तोड़ा दम

UPT | मरी हुई मछलियां।

May 28, 2024 18:02

बांदा का तापमान 48 डिग्री पहुंच गया। जिसकी वजह से केन नदी का पानी भी गर्म हो गया। जिसकी तपिश मछलियां बर्दाश्त नहीं कर सकीं। हजारों मछलियों ने दम तोड़ दिया।

Banda News : यूपी में इन दिनों झुलसाने वाली गर्मी पड़ रही है। आसमान से आग बरस रही है। ​हीट स्ट्रोक अब जानलेवा साबित हो रहा है। मंगलवार को बांदा का तापमान 48 डिग्री ​सेल्सियस पहुंच गया। जिसकी वजह से आमजन जीवन अस्त-व्यस्त हो गया। तापमान बढ़ने के साथ केन नदी का पानी भी गर्म हो गया। जिसकी वजह से हजारों म​​छलियों ने मौत हो गई। नदी के चारो तरफ मरी हुई मछलियां बिखरी पड़ी हैं।

बांदा में सुबह होते ही सूरज की तपिश लोगों के बर्दाश्त से बाहर हो गई। आम लोगों के साथ ही पशु-पक्षी भी पेड़ों की छांव खुद को सुरक्षित करने की कवायद में जुट गए। दोपहर होते-होते बांदा की सड़कों और गांव गलियों में सन्नाटा पसर गया। पशुओं का चारा जहरीला हो गया। जिसको खाने से बांदा में दर्जनों गोवंशों की मौत हो गई।

चारा हुआ जहरीला
बांदा का तापमान बढ़ने से चारा गोवंश और अन्य जानवरों की सेहत बिगाड़ रहा है। जहरीला चारा खाने से गोवंश बीमार हो रहे हैं। इसके साथ ही दर्जनों गोवंशों की मौत हो चुकी है। कानपुर-बुंदेलखंड में गर्मी के दिनों में इस तरह की समस्याएं हमेशा सामने आती हैं।

डायरिया-बुखार के मरीज बढ़े
गर्मी का असर आम लोगों पर देखने को मिल रहा है। हीटस्ट्रोक की वजह से ग्रामीण डायरिया और बुखार का शिकार हो रहे हैं। बांदा का जिला अस्पताल डायरिया के मरीजों से भरा पड़ा है। इसके साथ ही स्किन (त्वचा संबंधी बीमारी) के मरीज भी बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं। सरकारी अस्पतालों के साथ ही प्राइवेट अस्पतालों में भी बड़ी संख्या में मरीज पहुंच रहे हैं। 

Also Read