Hamirpur News : भाजपा नेता ने कहा- कांग्रेस और आप दिल्ली में कर रही इलू-इलू, लेकिन... 

UPT | प्रेसवार्ता करते विधान परिषद सदस्य अनूप गुप्ता

Apr 02, 2024 16:44

विधान परिषद के सदस्य अनूप गुप्ता ने कहा कि इंडी गठबंधन देश को गुमराह कर रहा है। हमने देखा कि भ्रष्टाचारी किस घमंड से अपने भ्रष्टाचार को जस्टिफाई कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी...

Hamirpur News : विधान परिषद के सदस्य अनूप गुप्ता ने कहा कि इंडी गठबंधन देश को गुमराह कर रहा है। हमने देखा कि भ्रष्टाचारी किस घमंड से अपने भ्रष्टाचार को जस्टिफाई कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कहते हैं कि भ्रष्टाचार हटाओ, मगर इंडी गठबंधन के नेता कहते हैं कि भ्रष्टाचारी को बचाओ। इंडी गठबंधन के नेता प्रधानमंत्री मोदी पर चाहे कितने भी हमले कर लें, प्रधानमंत्री मोदी रुकने वाले नहीं है। प्रधानमंत्री मोदी के लिए देश की 140 करोड़ जनता उनका परिवार है। उन्होंने कहा कि जिसने देश को लूटा है, उसे तो लौटाना ही पड़ेगा, ये मोदी की गारंटी है। ये घोटालेबाज देश को लूटना चाहते हैं और यह भी चाहते हैं कि उनके भ्रष्टाचार पर चर्चा न हो और ये भी चाहते हैं कि कोई एक्शन भी न हो। ये गठबंधन, जनबंधन नहीं, ठगबंधन है।

पंजाब में हम आपके हैं कौन
भाजपा कार्यालय में प्रेस वार्ता के दौरान अनूप गुप्ता ने कहा कि कांग्रेस-आम आदमी पार्टी दिल्ली में तो इलू-इलू कर रही है। लेकिन, पंजाब में हम आपके हैं कौन हो रहा है। पश्चिम बंगाल में ममता ने साथ में लड़ने से इनकार कर दिया। बिहार में आरजेडी ने अपने उम्मीदवार पहले घोषित कर दिए। महाराष्ट्र में उद्धव ठाकरे ने अपने उम्मीदवार पहले घोषित कर दिए। कांग्रेस और आम आदमी पार्टी छोड़कर सांसद और विधायक जा रहें हैं। उत्तर प्रदेश में कांग्रेस को कोई भाव नहीं दे रहा। इनके नेता देश तोड़ने की बात करते हैं, लेकिन उस पर एक्शन की बजाय लोकसभा का टिकट देते हैं। ये देश की शक्ति का अपमान करते हैं। 

कोर्ट नहीं दे रही जमानत
उन्होंने कहा कि सपा, आप और कांग्रेस नेताओं के चेहरे देखिये। हर एक चेहरे पर घोटाले और भ्रष्टाचार का काला धब्बा है। जेल में बंद नेताओं को कोर्ट भी जमानत नहीं दे रही है। सत्येन्द्र जैन, मनीष सिसोदिया, संजय सिंह को कोर्ट जमानत नहीं दे रही है। केजरीवाल और हेमंत सोरेन को भी जमानत नहीं मिल पा रही है। कांग्रेस को इनकम टैक्स की रिकवरी नोटिस को हाईकोर्ट भी सही ठहरा चुका है। मामला कोर्ट में हो, तब भी इन सबको चिल्लाना है। कोर्ट में दलीलें काम नहीं आतीं तो बाहर में हल्ला मचाते हैं। दूसरे पार्टनर समाजवादी पार्टी को सब जानते हैं कि इन्होंने यूपी को भ्रष्टाचार प्रदेश और दंगा प्रदेश बनाया। प्रेस वार्ता के दौरान हमीरपुर महोबा लोकसभा प्रत्याशी पुष्पेंद्र सिंह चंदेल, लोकसभा प्रभारी संजय द्विवेदी, कलस्टर इंचार्ज अनिल यादव, जिला प्रभारी देवेश कोरी, भाजपा जिलाध्यक्ष सुनील पाठक, विधायक मनोज प्रजापति, किशन व्यास, अरविंद श्रीवास्तव, अभिनव तिवारी, ब्लॉक प्रमुख आशीष पालीवाल प्रमुख रूप से मौजूद रहे। 

Also Read