Gorakhpur News : बंधक बना कर लूटपाट करने वाले गैंग का पर्दाफाश, तीन गिरफ्तार

UPT | तीन गिरफ्तार

Aug 22, 2024 19:48

गोरखपुर से एक बड़ी खबर सामने आई है जहां पुलिस ने एक शातिर गैंग का खुलासा किया है जो गरीब मजदूरों को काम दिलाने के बहाने बंधक बनाकर लूटपाट करते थे।

Gorakhpur News : गोरखपुर से एक बड़ी खबर सामने आई है जहां पुलिस ने एक शातिर गैंग का खुलासा किया है जो गरीब मजदूरों को काम दिलाने के बहाने बंधक बनाकर लूटपाट करते थे। इस मामले में कैंट पुलिस ने तीन अपराधियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से पुलिस ने आठ लूटे गए मोबाइल फोन, 82,050 रुपये नकद, एक चार पहिया वाहन और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए हैं।

एसएसपी ने दी जानकारी
गोरखपुर पुलिस के एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने इस मामले का खुलासा करते हुए बताया कि आरोपी गैंग गोरखपुर के रानीडीहा क्षेत्र में किराए के कमरे में छिप कर लूट की घटनाओं को अंजाम देते थे। एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर के साथ प्रेस कांफ्रेंस में एसपी सिटी कृष्ण कुमार विश्नोई और क्षेत्राधिकारी कैंट अंशिका वर्मा भी मौजूद थीं।



ये तीनों गिरफ्तार
गिरफ्तार किए गए गैंग के मुख्य सरगना लक्ष्मीकांत सिंह उर्फ राणा सिंह, जो गाजीपुर का निवासी है, के साथ-साथ अंगद कुमार और वासुदेव शर्मा को भी पुलिस ने पकड़ा है। ये सभी आरोपी अब सलाखों के पीछे हैं। पुलिस ने बताया कि इन पर अब तक पांच लोगों ने शिकायत दर्ज कराई है, जिनकी तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपी खुद को क्राइम ब्रांच का इंस्पेक्टर बताकर लोगों से वसूली भी करते थे।

15 से अधिक लूट की घटनाओं को दिया अंजाम
गैंग के सदस्य लोगों को काम दिलाने के बहाने से अपने कब्जे में लेकर उनकी मारपीट करते थे और उनका नगद, मोबाइल फोन लूट लेते थे। इसके अलावा, वे गूगल पे और फोन पे के माध्यम से भी लोगों को धमका कर पैसे मांगते थे। अब तक इन लोगों ने 15 से अधिक लूट की घटनाओं को अंजाम दिया है।

Also Read