IPS अंशिका वर्मा का प्रमोशन : गोरखपुर में अफसरों ने दी विदाई, अब संभालेंगी बरेली की कमान

UPT | आईपीएस अधिकारी अंशिका वर्मा को एसएसपी के नेतृत्व में राजपत्रित अधिकारियों ने विदाई दी

Sep 20, 2024 13:46

गोरखपुर के पुलिस लाइन व्हाइट हाउस सभागार में 2021 बैच की आईपीएस अधिकारी अंशिका वर्मा को एसएसपी के नेतृत्व में राजपत्रित अधिकारियों ने विदाई दी। आईपीएस अंशिका वर्मा ने 18 दिसंबर 2023 को गोरखपुर में सहायक पुलिस अधीक्षक के पद पर कार्यभार ग्रहण किया था।

Gorakhpur News : 18 दिसंबर 2023 को गोरखपुर में सहायक पुलिस अधीक्षक (एएसपी) के पद पर कार्यभार ग्रहण करने वाली आईपीएस अंशिका वर्मा ने पुलिस सेवा में अपने कार्यों से सभी का ध्यान खींचा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉक्टर गौरव ग्रोवर ने उन्हें कोतवाली सर्किल का क्षेत्राधिकारी नियुक्त किया था, लेकिन एक महीने बाद ही मानुष पारिक को बरेली जनपद का एसपी दक्षिणी बना दिया गया। इसके बाद, अंशिका वर्मा को 4 फरवरी 2024 को कैंट सर्किल का सीओ बनाया गया।

हाल ही में, शासन ने अंशिका वर्मा के कार्यों को देखते हुए उन्हें पदोन्नति देते हुए बरेली जनपद का एसपी दक्षिणी बना दिया। इस पदोन्नति से पहले, अंशिका ने अपने कार्यकाल के दौरान कई महत्वपूर्ण मामलों का सफलतापूर्वक समाधान किया था, जिसमें फर्जी स्टांप और मनी म्यूल से जुड़े मामलों का पर्दाफाश शामिल था। उनके इस कार्य ने उन्हें न केवल पुलिस विभाग में बल्कि समाज में भी एक मिसाल बना दिया है।

विदाई समारोह में राजपत्रित अधिकारियों ने की प्रशंसा
पुलिस लाइन के व्हाइट हाउस सभागार में आयोजित विदाई समारोह में अंशिका को भव्य विदाई दी गई। इस मौके पर उपस्थित राजपत्रित अधिकारियों ने उनके कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि अंशिका वर्मा आज की नारी के लिए एक प्रेरणा स्रोत हैं। उन्होंने यह साबित किया है कि महिलाएं अब अबला नहीं रहीं, बल्कि वे किसी के सहारे के बिना भी अपनी पहचान बना सकती हैं। 


अंशिका वर्मा का जन्म प्रयागराज में हुआ था। उन्होंने 2018 में इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी की और 2021 बैच की आईपीएस अधिकारी बनीं। अपने करियर की शुरुआत आगरा के फतेहपुर में अंडर ट्रेनिंग एसएचओ के रूप में की। इसके बाद, 18 अक्टूबर 2023 को उन्हें गोरखपुर में सहायक पुलिस अधीक्षक के पद पर नियुक्त किया गया। गोरखपुर में 10 महीने के सफल कार्यकाल के बाद उन्हें बरेली जनपद का एसपी दक्षिणी बनाया गया।

विदाई समारोह में शामिल प्रमुख व्यक्ति
विदाई समारोह में कई प्रमुख पुलिस अधिकारियों ने भाग लिया, जिनमें पुलिस अधीक्षक नगर अभिनव त्यागी, पुलिस अधीक्षक उत्तरी जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव, पुलिस अधीक्षक दक्षिणी जितेंद्र कुमार, पुलिस अधीक्षक अपराध सुधीर जायसवाल, और सहायक पुलिस अधीक्षक बसंत कुमार शामिल थे। क्षेत्राधिकारी ओंकार तिवारी, योगेंद्र सिंह, गौरव तिवारी, रवि प्रताप सिंह, रत्नेश्वर सिंह, ध्रवेश कुमार और अन्य क्षेत्राधिकारी भी इस कार्यक्रम में मौजूद रहे। समारोह के दौरान, अंशिका वर्मा को उनके योगदान और नेतृत्व क्षमता के लिए सराहा गया।  

Also Read