अखिलेश यादव का बड़ा हमला : बोले- ब्रजेश पाठक बनना चाहते हैं मुख्यमंत्री, हाथरस कांड पर उठाए सवाल

UPT | सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव

Jul 04, 2024 19:05

अखिलेश यादव ने गुरुवार को पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में मीडिया से बातचीत में प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं पर सवाल उठाते हुए कहा कि यूपी की स्वास्थ्य सेवाएं बदहाल हो गई हैं। नए मेडिकल कॉलेज खोलने की बात करने वाले मौजूदा मेडिकल कॉलेज को भी बदहाल कर दिया है।

Short Highlights
  • अखिलेश यादव बोले- प्रशासन ले हाथरस हादसे की जिम्मेदारी
  • पूर्व सांसद हाजी फजलुर्रहमान सपा में शामिल
Lucknow News : समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने हाथरस हादसे के लिए प्रशासन को जिम्मेदार ठहराते हुए योगी सरकार की स्वास्थ्य सेवाओं पर सवाल उठाए हैं। साथ ही उपमुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक पर तंज कसा है। अखिलेश यादव ने कहा कि प्रशासन की कमी की वजह से हाथरस में इतना बड़ा हादसा हुआ है। प्रशासन को इसकी जिम्मेदारी लेनी चाहिए। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह से खराब हो चुकी हैं। समाजवादी पार्टी लगातार इस बात को उठाती रही है। जो मेडिकल कॉलेज सपा सरकार में शुरू हुए थे उनको भी भाजपा सरकार ने बर्बाद कर दिया।

स्वास्थ्य मंत्री बनना चाहते हैं मुख्यमंत्री
अखिलेश यादव ने गुरुवार को पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में मीडिया से बातचीत में प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं पर सवाल उठाते हुए कहा कि यूपी की स्वास्थ्य सेवाएं बदहाल हो गई हैं। नए मेडिकल कॉलेज खोलने की बात करने वाले मौजूदा मेडिकल कॉलेज को भी बदहाल कर दिया है। उन्होंने ब्रजेश पाठक पर तंज कसते हुए कहा कि प्रदेश के उपमुख्यमंत्री अपना पॉलिटिकल स्वास्थ्य ठीक करने में लगे हुए हैं। उन्हें प्रदेश के लोगों की स्वास्थ्य की चिंता नहीं है। स्वास्थ्य मंत्री खुद मुख्यमंत्री बनना चाहते हैं। मुख्यमंत्री भी जानते हैं कि वह पीछे पड़े हैं। इसलिए उनके विभाग को फंड नहीं दे रहे हैं। सपा अध्यक्ष ने कहा कि हम बहुत पहले से कहते आ रहे हैं कि स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक लगातार दिल्ली दरबार के इशारे पर काम कर रहे हैं। पाठक चाहते हैं कि सीएम योगी आदित्यनाथ को हटाकर दिल्ली दरबार उन्हें सीएम बना दे। पिछड़े वर्ग द्वारा केशव मौर्य को अस्वीकार किए जाने के बाद पाठक को अपने लिए रास्ता साफ नजर आने लगा है और वह लगातार ओपी राजभर,अनुप्रिया पटेल, संजय निषाद और केशव मौर्य और अब जयंत के साथ मिलकर खेल खेल रहे जिसके कारण यूपी में अस्थिरता का माहौल है।

हाथरस हादसा को दबाने की कोशिश करना षड्यंत्र
सपा अध्यक्ष ने कहा कि हाथरस हादसे में बड़ी संख्या में गरीब महिलाओं व बच्चों की जान गई है। ये कार्यक्रम पहली बार नहीं हुआ था। प्रदेश में कार्यक्रम होते रहते हैं। प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि हाथरस हादसा षड्यंत्र नहीं है। इसे दबाने की कोशिश करना षड्यंत्र है। सरकार भी अपनी जिम्मेदारी से भाग नहीं सकती है। इस मौके पर अखिलेश यादव ने बसपा से सपा में शामिल होने वाले पूर्व सांसद फजलुर्रहमान का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि 2019 के चुनाव में गठबंधन के प्रत्याशी हाजी फजलुर्रहमान को वोट देने की अपील की थी, जिन्हें जनता ने चुना। इसके बाद लोकसभा में लगातार संपर्क बना रहा। उनके आने से सपा मजबूत होगी। 

Also Read