UP News : सीएम योगी बोले-15 जुलाई तक कांवड़ यात्रा मार्गों का मरम्मत कार्य करें पूरा

UPT | मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ।

Jul 04, 2024 22:35

सीएम योगी ने कहा कि वर्ष 2017 के सापेक्ष 2024 में स्टेट हाइवे 7002 किमी से बढ़कर 10214 किमी और ग्रामीण मार्गों की लंबाई 1,87,517 किमी से बढ़कर 1,93,581 किमी हो गई है।

Short Highlights
  • 50 वर्ष से अधिक पुराने पुलों का निरीक्षण कराएं
  • प्रदेश में प्रतिदिन 09 किमी मार्गों का चौड़ीकरण
Lucknow News :  मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि 50 साल से अधिक पुराने पुलों का निरीक्षण कराएं। अगर पुलों की स्थिति ठीक नहीं है तो तत्काल यातायात को बंद कराया जाए। शिव भक्तों के लिए कांवड़ यात्रा से जुड़े मार्गों का मरम्मत कार्य 15 जुलाई तक पूरा करा लिया जाए। जलभराव वाले मार्गों पर जल निकासी की व्ययस्था सुनिश्चित की जाए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को लोक निर्माण विभाग की परियोजनाओं की जांच और निर्माण कार्यों की समयबद्धता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि यूपी में विगत 07 वर्षों में रोड कनेक्टिविटी में अभूतपूर्व विस्तार हुआ है। 

प्रदेश में प्रतिदिन 09 किमी मार्गों का चौड़ीकरण
सीएम योगी ने कहा कि वर्ष 2017 के सापेक्ष 2024 में स्टेट हाइवे 7002 किमी से बढ़कर 10214 किमी और ग्रामीण मार्गों की लंबाई 1,87,517 किमी से बढ़कर 1,93,581 किमी हो गई है। इसी तरह प्रमुख जिला मार्गों और अन्य जिला मार्गों का संजाल में भी विस्तार हुआ है। आज प्रदेश में प्रतिदिन औसतन 09 किमी मार्गों का चौड़ीकरण, सुदृढ़ीकरण हो रहा है। साथ ही गांवों में लगभग 11 किमी नई सड़क बन रही हैं। विकास के लिए बेहतर कनेक्टिविटी की आवश्यकता के दृष्टिगत प्रदेश में सड़क निर्माण की यह गति अभूतपूर्व है। इसे और बेहतर करने के लिए प्रयास किया जाना चाहिए।

अंतरराष्ट्रीय मार्गों पर बनेंगे भव्य द्वार
ब्लॉक मुख्यालयों को 02 लेन सड़क की कनेक्टिविटी देने का संकल्प समय से पूरा होना चाहिए। यह संतोषप्रद है कि कुल 165 में से 143 मार्गों का निर्माण पूरा हो गया है, लंबित कार्यों को भी जल्दी पूरा कर लिया जाए। प्रदेश के अंतरराज्यीय तथा अंतरराष्ट्रीय सीमा पर पड़ने वाले मार्गों पर भव्य द्वार बनाने का कार्य तेजी के साथ पूरा कराएं। जहां भूमि की अनुपलब्धता हो, तत्काल स्थानीय प्रशासन से संपर्क करें। मार्गो पर लाइट की अच्छी व्यवस्था होनी चाहिए। 

एफडीआर तकनीक से होगा मार्गों का निर्माण 
मुख्यमंत्री योगी ने कहा, यह सराहनीय है कि देश में सर्वप्रथम यूपी पीडब्ल्यूडी द्वारा FDR निर्माण तकनीक का प्रयोग किया गया। जनपद उन्नाव में FDR का कार्य पुराने मार्ग को रीसाइकिल कर सीमेंटेड बेस एवं कानपुर देहात में एडिटिव का प्रयोग कर निर्माण कार्य कराया गया था। हमारा प्रयास हो कि अन्य जिला मार्गों में बनने वाली कुल सड़कों को इसी तकनीक से बनाया जाए। मार्ग पर वर्तमान PCU पर प्रतिवर्ष होने वाली बढ़ोत्तरी को दृष्टिगत रखते हुए प्रदेश में विभिन्न श्रेणी के मार्गो के चौड़ीकरण के मानकों को और बेहतर किया जाना चाहिए। सड़कें और चौड़ी हों, इससे आवागमन और अधिक सुविधाजनक होगा। नई सड़क पर बरसात से कटान हो तो उसका सुधारीकरण तत्काल कराया जाए।

75 जनपदों को मिलेगा लाभ 
सड़क और सेतु हो अथवा आमजन से जुड़ी अन्य निर्माण परियोजनाएं, स्वीकृति देने से पहले उसकी लोक महत्ता का आंकलन जरूर किया जाए। विकास में संतुलन सबसे आवश्यक है। पहले आवश्यकता की परख करें, प्राथमिकता तय करें, फिर मेरिट के आधार पर किसी सड़क अथवा सेतु निर्माण की स्वीकृति दें। विकास कार्यों का लाभ सभी 75 जनपदों को मिले। राज्य सेतु निगम द्वारा विगत 07 वर्षों में 270 नदी सेतु, 115 आरओबी, 10 फ्लाईओवर सहित जनहित से जुड़ी 395 परियोजनाओं को पूरा किया गया है। 

आईआईटी संस्थान योजना से जुड़ेंगे 
सेतु निगम, लोक निर्माण विभाग और राजकीय निर्माण निगम में विशेषज्ञों की तैनाती की जाए। कहीं भी मानव संसाधन की कमी न हो। आईआईटी जैसे संस्थानों को भी जोड़ें। प्रत्येक परियोजना के लिए समयबद्धता और गुणवत्ता सुनिश्चित किया जाना अनिवार्य है। डीपीआर को अंतिम रूप देने के साथ ही कार्य प्रारंभ करने और समाप्त होने की तिथि सुनिश्चित कर ली जानी चाहिए और फिर इसका कड़ाई से अनुपालन किया जाए।

Also Read