अजय राय का योगी सरकार पर हमला : बोले- आरोपी बाबा के प्रति सरकार का समर्पण

UPT | पत्रकारों से बात करते अजय राय।

Jul 04, 2024 18:26

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि हाथरस की घटना में मारे गए परिजनों को एक-एक करोड़ की आर्थिक मदद दी जाए। इसके साथ ही उन्होंने मृतकों की सूची में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए इसे ठीक करने की मांग की।

Short Highlights
  • प्रशासनिक अफसरों पर एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग
  • हाथरस घटना को बताया यूपी के जंगलराज का प्रतीक
Lucknow News :  कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने हाथरस में हुई घटना को लेकर योगी सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार की नाकामी के कारण 122 से अधिक लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी। एंबुलेंस और स्वास्थ्य व्यवस्था के अभाव में कई घायलों ने दम तोड़ दिया। इतनी वीभत्स घटना के तीन घंटे बाद जिला प्रशासन जागा। उन्होंने कहा कि भोला बाबा पर कार्रवाई नहीं होना, आरोपी बाबा के प्रति सरकार के समर्पण को दर्शाता है। कार्यक्रम की अनुमति देने वालों के खिलाफ भी जांच होनी चाहिए। प्रशासनिक अधिकारियों के खिलाफ रिपोर्ट करते हुए उन्हें गिरफ्तार किया जाए।ये घटना यूपी के जंगलराज का परिणाम है। 

हाथरस कांड में मारे गए परिजनों को मिले एक-एक करोड़ की आर्थिक मदद 
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय रॉय ने कहा कि इस प्रकरण में घायलों को एंबुलेंस सेवा तक घायलों को नहीं मिली। वह खुद मौके पर पहुंचे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बाद में पहुंचे। इसके बाद डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक पहुंचे। अजय राय ने आरोप लगाया कि यह साबित करता है कि सरकार में खटपट है और यह सरकार की आंतरिक स्थिति का प्रमाण है। प्रदेश अध्यक्ष ने घटना में मारे गए परिजनों को एक-एक करोड़ की आर्थिक मदद देने की मांग की। इसके साथ ही मृतकों की सूची में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए इसे ठीक करने को कहा।

पुलिस परीक्षा लीक मामले में कंपनी ने बदला नाम
अजय राय ने नीट परीक्षा को रद्द करने की मांग दोहराई। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के कारण बच्चों का भविष्य दांव पर लग गया है। यूपी पुलिस कॉन्स्टेबल भर्ती की परीक्षा गुजरात की कंपनी ने कराई। पेपर लीक के बाद कंपनी को ब्लैक लिस्ट किया जा चुका है, उसने फिर नाम बदल लिया। कंपनी के डायरेक्टर विनीत आर्य को विदेश भागा दिया गया। अजय राय ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री से संबंध होने के कारण आरोपी को विदेश भागने का मौका दिया गया। 

भाजपा ही हिंदू धर्म की सबसे बड़ी दुश्मन
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ड्रीम प्रोजेक्ट विश्वनाथ धाम कॉरिडोर के नाम पर 150 से अधिक मंदिरों को रात के अंधेरे में बिजली काट कर खंडित किया गया और दैवीय अक्षयवट वृक्ष को गिरा दिया गया। उन्होंने कहा कि काशी में हिंदुओं के मंदिर जेसीबी से तोड़े गए। यह घटना बताती है कि अपने को हिंदू धर्म का ठेकेदार बताने वाली भाजपा ही हिंदू धर्म की सबसे बड़ी दुश्मन है। प्रधानमंत्री मोदी काशी की संस्कृति, परम्परा को नष्ट करना चाहते हैं। जो लोग राहुल गांधी का विरोध कर रहे हैं उन्हें पहले इस पर जवाब देना चाहिए। अजय राय ने कहा कि राहुल गांधी ने सदन में कहा कि हिंदू हिंसक नहीं होता है। यह सही बात है। हम सभी जियो और जीने दो पर भरोसा करते हैं। राहुल गांधी के मुख्य भाषण को काट करके चलाया गया लेकिन भाजपा राहुल गांधी और कांग्रेस की आवाज दबा नहीं पाएगी। 

Also Read