उपचुनाव से पहले पोस्टर वॉर: सपा दफ्तर के बाहर लगाई गई होर्डिंग, कुछ देर में हटाया

UPT | लखनऊ में सपा कार्यालय के बाहर लगी होर्डिंग

Jul 09, 2024 17:26

सपा के प्रदेश मुख्यालय से चंद कदमों की दूरी पर लगी होर्डिंग पर एक नया नारा दिखाई दिया। इस होर्डिंग में लिखा गया 'अयोध्या, चित्रकूट तो झांकी है मथुरा अभी बाकी है।' इस होर्डिंग के जरिए अयोध्या और चित्रकूट की जीत के बाद अब सपा के मथुरा में जीत की तैयारी का जिक्र किया गया।

Lucknow News: उत्तर प्रदेश में विधानसभा की 10 रिक्त सीटों पर होने वाले उपचुनाव को लेकर सिर्फ सियासी दल ही नहीं बल्कि उनके कार्यकर्ता भी तैयार हो गए हैं। लोकसभा चुनाव में 37 सीटों के साथ उत्तर प्रदेश में सबसे बड़े दल के रूप में उभरी समाजवादी पार्टी में टिकटों को लेकर अभी से मारामारी देखने को मिल रही हैं। संभावित उम्मीदवारों ने नेताओं की परिक्रमा करना शुरू कर दिया है। इसके साथ ही सत्तारूढ़ दल पर भी हमला बोला जा रहा है। इसके लिए पोस्टर वॉर तेज हो गई है। मंगलवार को सपा के प्रदेश मुख्यालय के करीब ऐसी ही एक होर्डिंग चर्चा का विषय बन गई।

अयोध्या चित्रकूट में जीत से सपा उत्साहित
सपा के प्रदेश मुख्यालय से चंद कदमों की दूरी पर लगी होर्डिंग पर एक नया नारा दिखाई दिया। इस होर्डिंग में लिखा गया 'अयोध्या, चित्रकूट तो झांकी है मथुरा अभी बाकी है।' इस होर्डिंग के जरिए अयोध्या और चित्रकूट की जीत के बाद अब सपा के मथुरा में जीत की तैयारी का जिक्र किया गया। हालांकि इस तरह का नारा अयोध्या में बाबरी मस्जिद के विध्वंस के दौरान चर्चा में आया था। वहीं इस बार अयोध्या में समाजवादी पार्टी की जीत ना केवल यूपी बल्कि पूरे देश और यहां तक कि विदेश में चर्चा का विषय बनी। 

कुछ ही देर में उतार दी गई होर्डिंग
अयोध्या वाली फैजाबाद लोकसभा सीट से सपा प्रत्याशी अवधेश प्रसाद और बांदा चित्रकूट ​लोकसभा सीट से कृष्णा देवी शिवशंकर पटेल ने जीत हासिल की। इससे उत्साहित अब सपा नेता कार्यकर्ता मथुरा में भी जीत का दावा कर रहे हैं। विक्रमादित्य मार्ग स्थित ये होर्डिंग मथुरा से पूर्व प्रत्याशी अनिल अग्रवाल की ओर से लगवाई गई है। वहीं कुछ देर बाद इस होर्डिंग को उतरवा लिया गया।

Also Read