सत्ताईस का सत्ताधीश : अखिलेश यादव के लिए लगाया गया पोस्टर, भाजपा बोली- उपचुनाव में टूट जाएगा शेखचिल्ली का सपना

UPT | लखनऊ में अखिलेश यादव के लिए लगाया गया खास पोस्टर

Oct 23, 2024 12:02

भाजपा प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी ने कहा कि वास्तव में सपा के सपने शेख चिल्ली जैसे हैं। शेख चिल्ली हसीन सपने देखा करता था और वह सोचता था कि उसके सपने पूरे हो जाएंगे। लेकिन, राजनीति में शेखचिल्ली जैसे हसीन सपने देखने से सपने पूरे नहीं होते हैं।

Lucknow News : समाजवादी पार्टी (सपा) के मुखिया अखिलेश यादव के जन्मदिन के मौके पर लखनऊ में विशेष होर्डिंग्स लगाए गए हैं। इन होर्डिंग्स में आगामी चुनावों में सपा की जीत और अखिलेश यादव के मुख्यमंत्री बनने का इशारा किया गया है। इनमें लिखा है, '2024 में बरसा जनता का आशीष, दीवारों पर लिखा है कौन होगा- सत्ताईस का सत्ताधीश।' यह पोस्टर सपा के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी जयराम पांडेय ने लगवाए गए हैं। पोस्टर ने राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का माहौल गरम कर दिया है। वहीं भाजपा ने इसे लेकर सपा पर व्यंग किया है। 

सत्ताधीश के सवाल पर चर्चाओं का दौर
यूपी में उपचुनाव के सियासी माहौल के बीच अब 2027 की चर्चा तेज होने लगी है। समाजवादी पार्टी के नेता और कार्यकर्ता अखिलेश यादव के एक बार फिर मुख्यमंत्री बनने का दावा कर रहे हैं। इस कड़ी में राजधानी में 'सत्ताईस का सत्ताधीश' पोस्टर सुर्खियों में है। हर तरफ इसकी चर्चा है। सपा नेता जयराम पांडेय ने अखिलेश यादव के जन्मदिन के अवसर पर इस पोस्टर को लगवाया है। उनका कहना है कि 2024 में जनता ने अखिलेश यादव पर आशीर्वाद बरसाया है और अब 2027 में भी जनता का आशीर्वाद मिलेगा। 



पहले भी लगे हैं खास पोस्टर
यह पहली बार नहीं है जब अखिलेश यादव को लेकर इस तरह के पोस्टर चर्चा में आए हैं। इससे पहले भी लखनऊ में सपा कार्यकर्ताओं ने अखिलेश यादव को भावी प्रधानमंत्री बताते हुए पोस्टर लगाए थे। एक पोस्टर में लिखा गया था, "देश के भावी प्रधानमंत्री आदरणीय श्री अखिलेश यादव जी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।" इसमें मुलायम सिंह यादव और डिंपल यादव की तस्वीरें भी प्रमुखता से लगी थीं।

2024 लोकसभा चुनाव में सपा की सफलता
सपा नेता विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर इसलिए भी उत्साहित हैं, क्योंकि लोकसभा चुनाव में पार्टी ने बेहतरीन प्रदर्शन किया है। इस बार सपा 37 सीटों पर जीत हासिल करके देश में तीसरी बड़ी ताकत बनकर उभरी। इस सफलता से सपा कार्यकर्ताओं के बीच उत्साह है और इस उत्साह के चलते कार्यकर्ता अपने भाव प्रकट करने के लिए पोस्टर और होर्डिंग्स का सहारा ले रहे हैं।

राजनीतिक महत्व और सपा कार्यकर्ताओं की उम्मीदें
सपा कार्यकर्ताओं की ओर से लगाए गए इन पोस्टरों में पार्टी की भविष्य की रणनीति और 2027 में सत्ताधीश बनने की उम्मीदें साफ तौर पर दिख रही हैं। पार्टी नेताओं का कहना है कि अखिलेश यादव के प्रति जनता के विश्वास और भविष्य की राजनीति में उनकी बढ़ती भूमिका को देखते हुए ये पोस्टर सपा की आकांक्षाओं का प्रतीक बन चुके हैं।

भाजपा बोली सपा के सपने शेख चिल्ली जैसे, कभी नहीं होंगे पूरे
उधर भाजपा ने सपा के पोस्टर पर व्यंग किया है। पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी ने कहा कि वास्तव में सपा के सपने शेख चिल्ली जैसे हैं। शेख चिल्ली हसीन सपने देखा करता था और वह सोचता था कि उसके सपने पूरे हो जाएंगे। लेकिन, राजनीति में शेखचिल्ली जैसे हसीन सपने देखने से सपने पूरे नहीं होते हैं। बल्कि आपको जनता की संवेदनाओं के साथ जुड़ना पड़ता है। जनता के लिए काम करना पड़ता है। 

जाति-मजहब के समीकरण और अपराधी-माफिया का साथ लेकर नहीं जीता जाता चुनाव
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि केवल जाति और मजहब के समीकरण करके अपराधी और माफिया का साथ लेकर चुनाव नहीं जीता जा सकता। वर्ष 2017, 2019, 2022 और 2024 में सपने देखे गए थे। अभी 2027 की चिंता ना करें। प्रदेश में उपचुनाव होने वाले हैं पहले उपचुनाव की चिंता करें। उप चुनाव के परिणाम ही उनके सारे सपनों को चकनाचूर कर देगा।
 

Also Read