चलती ट्रेन से कूदा लड़का : सपेरे ने जबरदस्ती गले में डाला सांप, घबराकर लगाई छलांग, युवक घायल

UPT | अस्पताल में उपचाराधीन युवक

Jun 22, 2024 16:41

उत्तर प्रदेश में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। शुक्रवार रात को लुधियाना से बिहार जा रहे एक 26 वर्षीय युवक शाहनवाज चलती ट्रेन से कूद गया...

Raebareli News : उत्तर प्रदेश में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। शुक्रवार रात को लुधियाना से बिहार जा रहे एक 26 वर्षीय युवक शाहनवाज चलती ट्रेन से कूद गया। इस घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। शाहनवाज जो खगड़िया बिहार का रहने वाला है, अपने साथियों के साथ ट्रेन से यात्रा कर रहा था। बछरावां रेलवे स्टेशन के पास नीमटीकर के निकट, एक अजीब घटना घटी और चलती ट्रेन से छलांग लगा दी।

यह है पूरा मामला
जानकारी के मुताबिक एक सपेरे ने अचानक अपने पिटारे से एक सांप निकाला और उसे शाहनवाज के गले पर रख दिया। इस घटना से घबराकर शाहनवाज ने तुरंत चलती ट्रेन से छलांग लगा दी। उसके अन्य साथी उस समय किसी दूसरे डिब्बे में थे। ट्रेन से गिरने के कारण शाहनवाज को सिर और कमर में गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद शाहनवाज बेहोशी की हालत में रेलवे लाइन के किनारे पड़ा रहा। कुछ समय बाद राहगीरों ने उसे देखा और तुरंत एंबुलेंस को सूचित किया। घायल युवक को पहले बछरावां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया, जहां डॉक्टर इंद्र भूषण जायसवाल ने उसका प्राथमिक उपचार किया।
 


युवक को जिला अस्पताल किया रेफर
शाहनवाज की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। जहां डॉक्टर इन्द्र भूषण जायसवाल ने युवक का प्राथमिक उपचार किया गया। युवक की हालत को गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। आरपीएफ चौकी इंचार्ज दिनेश शर्मा ने बताया कि घटना की जानकारी नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर कार्यवाही की जाएगी।

रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। सबसे पहला, ट्रेन में सपेरे की मौजूदगी और उसके द्वारा यात्री को परेशान करने का मुद्दा है। दूसरा, ट्रेन में यात्रियों की सुरक्षा का सवाल है। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के चौकी इंचार्ज दिनेश शर्मा ने कहा कि उन्हें अभी तक इस घटना की आधिकारिक जानकारी नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि जैसे ही कोई शिकायत या तहरीर मिलेगी, उचित कार्रवाई की जाएगी। यह घटना रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाती है। यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए कड़े कदम उठाने की आवश्यकता है। साथ ही, सपेरों जैसे अवांछित तत्वों पर नियंत्रण रखना भी जरूरी है जो यात्रियों को परेशान कर सकते हैं।

Also Read