सपा उपचुनाव में उतारेगी 40 स्टार प्रचारक : जेल में बंद आजम खान के सहारे अल्पसंख्यकों को साधने की कवायद, भाजपा का तंज

UPT | सपा ने जारी की स्टार प्रचारकों की सूची

Oct 26, 2024 17:13

सपा के स्टार प्रचारकों की सूची में सबसे पहला नाम अखिलेश यादव का है। इसके बाद प्रो. रामगोपाल यादव और फिर आजम खान का नाम शामिल है। आजम खान जेल में होने की वजह से बाहर नहीं आ सकते। ऐसे में उनका पार्टी के लिए चुनाव प्रचार करना संभव नहीं है। लेकिन, सपा ने उनके नाम के जरिए अल्पसंख्यक मतदाताओं के बीच संदेश देने की कोशिश की है।

Short Highlights
  • स्टार प्रचारकों की सूची में जातीय संतुलन साधने की कोशिश
  • उपचुनाव वाली सीटों के समीकरण के आधार पर बनाए गए स्टार प्रचारक
  • अखिलेश यादव, रामगोपाल, डिंपल यादव और जया बच्चन सहित इन्हें सौंपी गई जिम्मेदारी
Lucknow News : प्रदेश में आगामी 13 नवंबर को होने वाले नौ विधानसभा सीटों के उपचुनाव के लिए समाजवादी पार्टी (सपा) ने अपने 40 प्रमुख नेताओं की स्टार प्रचारक सूची जारी की है। इस लिस्ट में पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव समेत अन्य प्रमुख नेताओं के नाम हैं। इस बार भी काफी समय से जेल में बंद मोहम्मद आजम खान का नाम स्टार प्रचारकों की सूची में शामिल किया गया है। पार्टी ने स्टार प्रचारकों के जरिए उपचुनाव में अपनी पूरी ताकत झोंकने की मंशा जाहिर की है। वहीं भाजपा ने आजम खान को सपा का स्टार प्रचारक बनाए जाने पर तंज किया है और कहा कि सपा को लगता है कि जेल में बंद अपराधी जब तक उसके साथ नहीं आएंगे, वह चुनाव नहीं जीत सकती है।

अखिलेश यादव समेत सभी प्रमुख नेता शामिल
सपा के स्टार प्रचारकों की सूची में सबसे पहला नाम अखिलेश यादव का है। इसके बाद प्रो. रामगोपाल यादव और फिर आजम खान का नाम शामिल है। आजम खान जेल में होने की वजह से बाहर नहीं आ सकते। ऐसे में उनका पार्टी के लिए चुनाव प्रचार करना संभव नहीं है। लेकिन, सपा ने उनके नाम के जरिए अल्पसंख्यक मतदाताओं के बीच संदेश देने की कोशिश की है। सपा पहले भी आजम खान को स्टार प्रचारक बनाकर ये संदेश देते रही है कि उनका ओहदा पार्टी में कम नहीं हुआ है। आजम खान सपा के राष्ट्रीय महासचिव हैं। 



प्रमुख नेताओं को बनाया स्टार प्रचारक
डिंपल यादव, जया बच्चन और शिवपाल यादव जैसे प्रमुख नेताओं के नाम भी इस सूची में हैं। इसके अलावा रामजी लाल सुमन, श्याम लाल पाल, बाबू सिंह कुशवाहा, लालजी वर्मा, हरेंद्र मलिक, अवधेश प्रसाद, नरेश उत्तम पटेल, इंद्रजीत सरोज और माता प्रसाद पांडेय जैसे वरिष्ठ नेताओं का भी नाम है। पार्टी ने विभिन्न जातियों से जुड़े अपने नेताओं को शामिल कर रणनीति बनाई है, ताकि सभी क्षेत्रों और वर्गों के मतदाताओं पर प्रभाव डाला जा सके। पार्टी का दावा है कि उसके सभी प्रमुख नेता मिलकर चुनाव प्रचार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

यूपी की 9 सीटों पर होने वाले हैं उपचुनाव
उत्तर प्रदेश की जिन 9 सीटों पर उपचुनाव होना है, उनमें गाजियाबाद सदर, मीरापुर, फूलपुर, मझवां, करहल, कुंदरकी, खैर, कटेहरी और सीसामऊ शामिल हैं। इन सीटों पर बीजेपी, सपा और बसपा ने अपने-अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। 

सपा के दिग्गज नेताओं का क्षेत्रवार प्रचार
पार्टी नेताओं के मुताबिक सपा के स्टार प्रचारक अलग-अलग क्षेत्रों में जाएंगे और समाजवादी पार्टी की विचारधारा और सरकार की आलोचना को जन-जन तक पहुंचाएंगे। विभिन्न क्षेत्रों में काम करने वाले नेताओं को भेजने का उद्देश्य पार्टी की पकड़ मजबूत बनाना और विपक्ष को चुनौती देना है। सपा को उम्मीद है कि उसके ये प्रमुख नेता लोगों को प्रभावित करेंगे और उनकी पार्टी के उम्मीदवारों के पक्ष में मतदान कराएंगे।

सपा के 40 स्टार प्रचारकों की लिस्ट  
  • अखिलेश यादव
  • प्रो. रामगोपाल यादव 
  • मोहम्मद आजम खान 
  • डिंपल यादव
  • जया बच्चन
  • शिवपाल सिंह यादव 
  • रामजी लाल सुमन 
  • श्याम लाल पाल 
  • बाबू सिंह कुशवाहा 
  • लालजी वर्मा 
  • हरेंद्र मलिक 
  • अवधेश प्रसाद 
  • नरेश उत्तम पटेल 
  • इंद्रजीत सरोज 
  • माता प्रसाद पांडेय 
  • विशम्भर प्रसाद निषाद 
  • राम अचल राजभर 
  • ओम प्रकाश सिंह 
  • कमाल अख्तर 
  • शाहिद मंजूर 
  • रामगोविंद चौधरी 
  • लालबिहारी यादव 
  • जावेद अली खान 
  • राजाराम पाल 
  • महबूब अली 
  • जियाउर्रहमान बर्क 
  • देवेश शाक्य 
  • रामआसरे विश्वकर्मा 
  • रमेश प्रजापति 
  • किरनपाल कश्यप 
  • राम औतार सैनी 
  • रेखा वर्मा 
  • त्रिभुवन दत्त 
  • अतुल प्रधान 
  • मिठाईलाल भारती 
  • आबिद रजा 
  • संजय कविता 
  • राजपाल कश्यप 
  • मो. शकील अहमद कश्यप 
  • जुगुल किशोर बाल्मीकि
भाजपा बोली- धरे रह जाएंगे सपा के मंसूबे 
भाजपा प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी ने कहा कि सपा के स्टार प्रचारकों की सूची में आजम खान का नाम हैरतअंगेज करने वाला है। आजम खान सजायाफ्ता हैं, वह चुनाव नहीं लड़ सकते हैं। लेकिन, चुनाव में उनसे प्रत्याशियों के लिए प्रचार करने की मंशा समाजवादी पार्टी ने पाल रखी है। यानी की जेल में बंद अपराधी, माफिया, गुंडे, बदमाश जब तक समाजवादी पार्टी के साथ नहीं आ जाएं, तब तक वह चुनाव नहीं जीत सकती। राकेश त्रिपाठी ने कहा कि लेकिन उनके मंसूर में धरे रह जाएंगे, क्योंकि आजम खान अभी जेल से बाहर नहीं आने वाले हैं। न जाने कितनी विधवाओं, गरीबों और मुसलमानों की जमीन कब्जाने का काम उन्होंने किया है। कोर्ट ने ट्रायल करने के बाद उन्हें सजायाफ्ता कर दिया। बावजूद इसके सपा उन्हें अपने सर का ताज मानने से इनकार नहीं कर रही है।
 

Also Read