लोकसभा चुनाव 2024 : सपा से गठबंधन टूटने के बाद कांग्रेस ने शुरू की तैयारी, 20 संभावित उम्मीदवारों के नाम सामने आए

UPT | प्रतीकात्मक फोटो

Feb 20, 2024 15:47

सूत्रों के अनुसार सहारनपुर से इमरान मसूद, मुरादाबाद से हाजी रिजवान कुरैशी और कैराना से नोमान मसूद हो सकतें हैं कांग्रेस प्रत्याशी। इसके अलावा बलिया से अजय राय...

Lok Sabha Chunav 2024 : उत्तर प्रदेश में लोकसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस का गठबंधन लगभग टूट गया है। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश कांग्रेस ने सभी 80 लोकसभा सीटों के लिए उम्मीदवारों के नाम फ़ाइनल करने की कवायद शुरू कर दी है। इसी बीच करीब 20 संभावित उम्मीदवारों के नाम सामने आए हैं। उत्तर प्रदेश कांग्रेस के उच्च पदस्थ सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के मुताबिक अगले एक या दो दिनों में कांग्रेस पार्लियामेंट्री बोर्ड की बैठक होगी। उसमें कम से कम 30 उम्मीदवारों के नाम उत्तर प्रदेश से भेजे जाएंगे। एक सप्ताह के भीतर उम्मीदवारों की पहली सूची जारी हो जाएगी।

सहारनपुर से इमरान मसूद हो सकते हैं उम्मीदवार-सूत्र
सूत्रों के अनुसार सहारनपुर से इमरान मसूद,मुरादाबाद से हाजी रिजवान कुरैशी और कैराना से नोमान मसूद हो सकतें हैं कांग्रेस प्रत्याशी। इसके अलावा बलिया से अजय राय,लखमीपुर खीरी से पूर्वी वर्मा और फर्रुखाबाद से कौशलेंद्र यादव के नाम की चर्चा है। वहीं कानपुर से आलोक मिश्रा, सीतापुर से राकेश राठौर और फतेहपुर सीकरी से रामनाथ सिकरवार होंगे प्रत्याशी।

लखनऊ से नकुल दुबे ठोक सकते हैं ताल- सूत्र
लखनऊ से नकुल दुबे, बदायूं से सलीम शेरवानी व गोंडा से तरुण पटेल के नाम की चर्चा की चर्चा है। साथ ही बाराबंकी से तनुज पुनिया, कन्नौज से सुभाष पाल , उन्नाव से आरती बाजपेई को टिकट मिलना संभव।

कई दौर की बातचीत में नहीं निकला हल
दरअसल, कांग्रेस उत्तर प्रदेश में 20 सीटों से कम पर मानने के लिए तैयार नहीं हुई। समाजवादी पार्टी 17 सीट देने के लिए तैयार थी। कुल मिलाकर तीन सीटों पर मामला बिगड़ गया। समाजवादी पार्टी का कहना है कि जिन 3 सीटों पर कांग्रेस दावा कर रही है, वे उनकी जनाधार वाली सीट हैं, जिन्हें कांग्रेस के लिए छोड़ना संभव नहीं है। इसी गतिरोध के चलते समाजवादी पार्टी ने राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ से भी किनारा किया है। दोनों पार्टियों के बीच पहले भी कई दौर की बातचीत हो चुकी है।

Also Read