हरियाणा में प्रत्याशी नहीं उतारेगी सपा : अखिलेश बोले- 'भाजपा को हराने में देंगे साथ', यूपी उपचुनाव के लिए मास्टरस्ट्रोक?

UPT | हरियाणा में प्रत्याशी नहीं उतारेगी सपा

Sep 06, 2024 18:13

हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग 5 अक्टूबर को प्रस्तावित है। लेकिन चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी से बड़े संकेत दे दिए हैं। पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने पोस्ट कर कहा है कि सपा किसी भी त्याग के लिए तैयार है।

Short Highlights
  • हरियाणा में प्रत्याशी नहीं उतारेगी सपा
  • अखिलेश यादव ने पोस्ट कर दिए संकेत
  • यूपी उपचुनाव के लिए मास्टरस्ट्रोक की तरह
New Delhi : हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग 5 अक्टूबर को प्रस्तावित है। लेकिन चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी से बड़े संकेत दे दिए हैं। पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने पोस्ट कर कहा है कि सपा किसी भी त्याग के लिए तैयार है। माना जा रहा है कि हरियाणा चुनाव में समाजवादी पार्टी अपना कोई भी प्रत्याशी नहीं उतारेगी। हालांकि अखिलेश ने स्पष्ट रूप से प्रत्याशी न उतारे जाने को लेकर कोई बात नहीं कही है। 

अखिलेश यादव ने क्या लिखा?
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट कर लिखा- हरियाणा चुनाव में ‘INDIA ALLIANCE’ की एकजुटता नया इतिहास लिखने में सक्षम है। हमने कई बार कहा है और एक बार फिर दोहरा रहे हैं व आगे भी दोहरायेंगे कि ‘बात सीट की नहीं जीत की है’।  हरियाणा के विकास व सौहार्द की विरोधी ‘भाजपा की नकारात्मक, साम्प्रदायिक, विभाजनकारी राजनीति’ को हराने में ‘इंडिया एलायंस’ की जो भी पार्टी सक्षम होगी, हम उसके साथ अपने संगठन और समर्थकों की शक्ति को जोड़ देंगे।
 
सपा प्रमुख बोले- हम त्याग के लिए तैयार
अखिलेश यादव ने आगे लिखा- बात दो-चार सीटों पर प्रत्याशी उतारने की नहीं है, बात तो जनता के दुख-दर्द को समझते हुए उनको भाजपा की जोड़-तोड़ की भ्रष्टाचारी सियासत से मुक्ति दिलाने की है, साथ ही हरियाणा के सच्चे विकास और जनता के कल्याण की है। पिछले 10 सालों में भाजपा ने हरियाणा के विकास को बीसों साल पीछे ढकेल दिया है। हम मानते हैं कि हमारे या इंडिया एलायंस के किसी भी दल के लिए, ये समय अपनी राजनीतिक संभावना तलाशने का नहीं है बल्कि त्याग और बलिदान का है। जनहित के परमार्थ मार्ग पर स्वार्थ के लिए कोई जगह नहीं होती। कुटिल और स्वार्थी लोग कभी भी इतिहास में अपना नाम दर्ज नहीं करा सकते हैं। ऐसे लोगों की राजनीति को हराने के लिए ये क्षण, अपने से ऊपर उठने का ऐतिहासिक अवसर है। हम हरियाणा के हित के लिए बड़े दिल से, हर त्याग-परित्याग के लिए तैयार हैं।

सपा ने मांगी थी 14 सीटें
आपको बता दें कि समाजवादी पार्टी ने अभी कुछ दिनों पहले ही हरियाणा में कांग्रेस से 17 सीटें मांगी थीं। इस मांग से कांग्रेस के खेमे में खलबली मचा दी थी। लेकिन अखिलेश के इस ट्वीट के बाद अब उसकी सहयोगी पार्टी ने राहत की सांस ली होगी। लेकिन अखिलेश के इस 'त्याग' के कई और मायने भी निकलते हैं। दरअसल उत्तर प्रदेश में 10 सीटों पर उपचुनाव होना है। अगर सपा हरियाणा का दावा छोड़ रही है, तो माना जा सकता है कि उसकी कांग्रेस के साथ उपचुनाव में दावा छोड़ने पर सहमति बनी होगी।

Also Read