राम की भक्ति की में डूबा मुजफ्फरनगर : रामभक्तों ने पलकें बिछाकर किया राम का स्वागत, पुलिस रही चौकस

Uttar Pradesh Times | मुजफ्फरनगर में राम का स्वागत

Jan 22, 2024 17:49

मुजफ्फरनगर जिला भगवान श्रीराम की आस्था रूपी गंगा में डूबा नजर आया। पूरा शहर और गांव देहात का क्षेत्र भगवा ध्वज के नीचे भगवान राम की अयोध्या में वापसी का जश्न मनाता दिखा।

Short Highlights
  • मुजफ्फरनगर जिले में राम का किया स्वागत।
  • भक्तों ने दीपक जलाकर पूजा अर्चना की।
  • रामलला प्राण-प्रतिष्ठा समारोह का लाइव प्रदर्शन किया गया।
Muzaffarnagar News : अयोध्या में भगवान श्रीराम का धाम सोमवार को रामलला प्राण-प्रतिष्ठा के साथ ही रामभक्तों को समर्पित कर दिया गया। इस ऐतिहासिक क्षण पर मुजफ्फरनगर जिला भी भगवान श्री राम की आस्था रूपी गंगा में डूबा नजर आया। पूरा शहर और गांव देहात का क्षेत्र भगवा ध्वज के नीचे भगवान राम की अयोध्या में वापसी का जश्न मनाता दिखा। जिले के 500 से ज्यादा मंदिरों में साज सज्जा कर श्रीराम वापसी का जश्न मनाया गया। गंगा का घाट हो या घर का आंगन, सभी जगह भगवान राम के स्वागत के लिए भक्तों ने दीपक जलाकर पूजा अर्चना की। पूरे जिले में होली और दिवाली एक साथ मनाई गई। उत्साह का गुलाल उड़ाकर भक्तों ने भगवान राम के आने पर खुशी को प्रदर्शित किया तो कहीं आतिशबाजी करते हुए उत्साह का ओजस्वी प्रदर्शन हुआ।

लाइव चला रामलला प्राण-प्रतिष्ठा समारोह
शिव चौक पर बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाकर अयोध्या में रामलला प्राण-प्रतिष्ठा समारोह का लाइव प्रदर्शन किया गया। इस दौरान शिव चौक की ओर जाने वाले सारे रास्तों को बंद कर दिया गया था। पुलिस पूरी तरह से चौकस नजर आई। रामभक्तों की उत्साहित टोलियां शहर में भगवा ध्वज और डीजे के साथ भ्रमण करती दिखाई दी।

शहर की सड़कें और इमारतें जगमगा उठी
अयोध्या में आज भगवान श्रीराम के मंदिर में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा के साथ ही मंदिर को भक्तों को समर्पित कर दिया। जनपद मुजफ्फरनगर में आस्था और भक्ति की रामधुन पूरे उत्साह के साथ बजती रही। हर सनातनधर्मी सोमवार को रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा के ऐतिहासिक पल पर जश्न मनाने के लिए अपने सभी कामकाज भूल सिर्फ रामनाम की धुन में मगन नजर आया। शहर की सभी सड़क और इमारतों को रोशनी के इतना नहला दिया गया कि वो जीवंत नजर आई।

Also Read