आगरा में सीएम योगी आदित्यनाथ : बोले-बंटेंगे तो कटेंगे, एक रहेंगे नेक रहेंगे... बांग्लादेश का हाल देख ही लिया है

UPT | आगरा में सभा को संबो​धित करते सीएम योगी।

Aug 26, 2024 17:44

आगरा में पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर ब्रज और प्रभु श्रीकृष्ण के अवतरण दिवस का असर साफ दिखाई दिया। मुख्यमंत्री ने अपना उद्बोधन राधे-राधे से शुरू किया। फिर कहा, वृंदावन बिहारी लाल की..., कृष्ण कन्हैया की...

Agra News : आगरा में सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राष्ट्रवीर दुर्गादास राठौर की प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर ताजमहल मेट्रो स्टेशन पर आयोजित जनसभा में उन्होंने कहा कि राष्ट्र से बढ़कर कुछ नहीं हो सकता। राष्ट्र तभी मजबूत होगा, जब हम सब एक होंगे। बंटेंगे तो कटेंगे। बांग्लादेश में देख रहे हैं न, वो गलतियां यहां नहीं होनी चाहिए। एक रहेंगे- नेक रहेंगे, सुरक्षित रहेंगे और समृद्धि की पराकाष्ठा तक पहुंचेंगे।

काकोरी ट्रेन एक्शन से अंग्रेजी हुकूमत हिल गई थी
आगरा में पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर ब्रज और प्रभु श्रीकृष्ण के अवतरण दिवस का असर साफ दिखाई दिया। मुख्यमंत्री ने अपना उद्बोधन राधे-राधे से शुरू किया। फिर कहा, वृंदावन बिहारी लाल की..., कृष्ण कन्हैया की... गिर्राज भगवान की.... भारत माता की... और अंत में वंदे मातरम कहकर अपने भाषण की शुरुआत की...। मुख्यमंत्री ने कहा कि राठौड़ समाज, यहां के आमजन एवं जनप्रतिनिधियों को मैं धन्यवाद देता हूं। श्रद्धा और सम्मान का भाव ही भारत की सबसे बड़ी शक्ति और ताकत है। सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारत माता के महान सपूत दुर्गा दास राठौड़ की प्रतिमा का अनावरण हम ऐसे समय में कर रहे हैं, जब हम सभी काकोरी दिवस मना रहे हैं। काकोरी ट्रेन शताब्दी महोत्सव में सभी शहीद सपूतों को नमन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हम सब जानते हैं कि देश की आजादी के दौरान 9 अगस्त 1925 को लखनऊ में पंडित राम प्रसाद बिस्मिल, ठाकुर रोशन सिंह, अशफाक उल्ला खान, चंद्रशेखर आजाद जैसे क्रांतिकारियों ने ट्रेन एक्शन को अंजाम देकर अंग्रेजी हुकूमत को चुनौती दी थी। क्रांतिकारियों के इस ट्रेन एक्शन के बाद अंग्रेजी हुकूमत हिल गई थी। क्रांतिकारियों ने इस ट्रेन एक्शन से 4600 रुपये प्राप्त किए थे, लेकिन अंग्रेजी हुकूमत ने क्रांतिकारियों को पकड़ने के लिए 10 लाख रुपये खर्च किए थे। तब भी भारत की आजादी की लड़ाई कमजोर नहीं पड़ी थी। यह हमारा सौभाग्य है कि जिन्होंने अंग्रेजी हुकूमत की चूलों को हिलाने का काम किया, उन पर श्रद्धा अर्पित एवं सम्मान देने के लिए हम काकोरी ट्रेन एक्शन के माध्यम ऐसे राष्ट्रवीर एवं देश के सपूतों को  सम्मान देने का काम कर रहे हैं। आगरावासियों को बधाई कि आगरा में महान दुर्गा दास राठौड़ की प्रतिमा का अनावरण कर रहे हैं।


देश के महान सपूत थे राठौड़
मुख्यमंत्री ने कहा कि आगरा का औरंगजेब जैसे दुष्ट प्रवृत्ति के व्यक्ति से नाता रहा है। इसी आगरा में महान सपूत और छत्रपति शिवाजी महाराज ने औरंगजेब की सत्ता को चुनौती दी थी। छत्रपति शिवाजी महाराज ने औरंगजेब से कहा था कि तुम चूहे की तरह यूं ही तड़पते रह जाओगे, लेकिन तुम्हें भारत पर काबिज़ नहीं होने देंगे। उस दौरान राजस्थान में इस मोर्चे को संभाल रहे थे राजा जसवंत सिंह। महाराजा जसवंत सिंह के जो प्रमुख सेवा प्रमुख थे, उनमें से एक दुर्गा दास राठौड़ भी थे। मुगलों ने कई बार जोधपुर रियासत पर कब्जा करने का प्रयास किया, लेकिन वह ऐसे महान राष्ट्र नायकों के कारण सफल नहीं हो पाए। जहां पर दुर्गा दास राठौर जैसे क्रांतिकारी और राष्ट्रवादी हों, वहां पर कोई विदेशी आक्रांता कैसे कब्ज़ा कर सकता है। सीएम ने कहा कि औरंगजेब दुष्ट प्रवृति का और बहुत चालाक था। उसने महाराजा जसवंत के साथ एक संधि की और कहा कि हम जोधपुर रियासत पर आक्रमण नहीं करेंगे, लेकिन आप हमें सहयोग करें। लेकिन उसने धोखा किया। महाराज जसवंत का पुत्र अजीत सिंह अकेला रह गया और उसे मुगलों ने मारने का प्रयास किया तो दुर्गा दास राठौड़ ने अजीत सिंह को बचा लिया। ऐसे थे महान सपूत राठौड़। मुख्यमंत्री ने कहा कि दुर्गा दास की यह लड़ाई केवल अपने शौर्य के लिए नहीं थी, बल्कि देश के स्वाभिमान और सम्मान के लिए थी। 

शूरवीरों के शौर्य से देश आजाद हुआ
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारत आजाद हुआ दुर्गा दास राठौर जैसे क्रांतिकारियों के शौर्य और साहस से। भारत ऐसे ही शूरवीरों एवं उनके शौर्य और पराक्रम से आजाद हुआ। हमारे क्रांतिकारी और शूरवीरों का एक ही कथन था कि हम रहें या ना रहें, हमारा राष्ट्र आगे बढ़ता रहना चाहिए, इसकी महानता रहनी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2047 तक भारत को दुनिया की सबसे बड़ी ताकत बनाने का जो संकल्प एवं विजन लिया है, उसमें हम सभी एकजुट होकर उनका साथ दें। आगरा ब्रज भूमि का महत्वपूर्ण स्थल है, जिसके कण कण में राधा कृष्ण बसते हैं। यहां कला है, यहां आस्था है, यहां विश्वास है, यहां स्वाभिमान है, समर्पण है। यह आस्था और विश्वास, कला, संस्कृति राष्ट्र निष्ठा के साथ बदलनी चाहिए। राष्ट्र निष्ठा व्यक्तिगत कर्तव्यों से आगे बढ़नी चाहिए। 

बड़ा पावन दिन है
उन्होंने कहा कि दस वर्षों से यह प्रतिमा मेरा ही इंतजार कर रही थी। मैं पहले आना चाहता था, नहीं आ पाया, लेकिन आज भगवान कृष्ण के जन्मोत्सव पर मैं आज यहां आया हूं, बड़ा पावन दिन है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र तभी सशक्त होगा, जब हम एक रहेंगे, नेक रहेंगे। अगर आप बटेंगे तो कटेंगे, एक रहेंगे तो नेक रहेंगे। सीएम ने कहा कि बांग्लादेश को आप देख ही रहे हो, बांग्लादेश जैसी गलती नहीं होनी चाहिए। पुनः कह रहा हूं, बटेंगे तो कटेंगे, एक रहेंगे नेक रहेंगे, सुरक्षित रहेंगे एवं समृद्धि की पराकाष्ठा को प्राप्त करेंगे। हमें विकसित भारत के स्वप्न को साकार करना है। सीएम ने अपना संबोधन खत्म करने से पूर्व फिर सभी को प्रभु कृष्ण जन्मोत्सव की बधाई दी। 

Also Read