Aligarh News : प्रधानी रंजिश में भाजपा कार्यकर्ता व प्रधानपति की बाइक सवार बदमाशों ने गोली मार कर की हत्या, तीन गिरफ्तार

UPT | घटना के बाद परिवार की बिलखती महिलायें

Jun 13, 2024 00:02

अलीगढ़ में भाजपा कार्यकर्ता व प्रधानपति से पुरानी रंजिश के चलते बाइक सवारों ने ताबड़तोड़ गोलियों की बौछार कर निर्मम हत्या कर दी। प्रधानपति देर रात गौशाला का निरीक्षण करने घर से निकले थे।

Short Highlights
  • प्रधानी की चल रही थी रंजिश
  • प्रधानपति गौशाला का निरीक्षण करने जा रहे थे
  • तीन लोगों को गिरफ्तार कर पुलिस कर रही पूछताछ
Aligarh News : अलीगढ़ में भाजपा के कार्यकर्ता व प्रधान पति से पुरानी रंजिश के चलते बाइक सवारों ने ताबड़तोड़ गोलियों की बौछार कर निर्मम हत्या कर दी। प्रधानपति देर रात गौशाला का निरीक्षण करने घर से निकले थे। बदमाशों ने घात लगाकर हमला कर दिया। दहशत के लिए कई राउंड की फायरिंग की गई।

प्रधानी की चल रही थी रंजिश
खैर कोतवाली थाना क्षेत्र के गांव जरारा की नगरिया में बाइक पर सवार हो कर प्रधान पति वीरेंद्र गांव से दो किलोमीटर दूर गौशाला देखने जा रहे थे। गांव से बाहर कुछ ही दूरी पर पुरानी रंजिश के चलते नहर के समीप पहले से मौजूद दो बाइक पर सवार चार बदमाशों ने प्रधानपति वीरेंद्र को रोक लिया। जैसे ही प्रधान पति अपनी बाइक से उतरे, बाइक सवार लोगों ने उन पर फायरिंग कर दी। बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलियों की बौछार कर दी। प्रधान को गोली मारने के बाद भी दिल नहीं भरा तो मरे हुए प्रधान पति वीरेंद्र पर गोली मारते रहे। जिससे वीरेंद्र के पीछे आ रहे भाई , भतीजे व अन्य लोग अपनी जान बचाते हुए व हल्ला मचाते हुए गांव की तरफ भागे। हंगामा होने के चलते बाइक सवार बदमाश मौके से फरार हो गए। परिजन व गांव के लोग घटना की तरफ भागे और इसकी सूचना थाना खैर कोतवाली को दी। घटना की सूचना भाजपा जिलाध्यक्ष व कार्यकर्ताओं को भी दी गई। सूचना पाकर मौके पर भाजपा के जिलाध्यक्ष सहित अन्य कार्यकर्ता व पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे। भारी पुलिस बल भी घटना स्थल पर पहुंच गई।

प्रधानपति गौशाला का निरीक्षण करने जा रहे थे
पुलिस ने पीड़ित परिवार वालों से बातचीत कर तथा फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाकर जांच पड़ताल शुरू की। प्रधान पति के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिये अलीगढ़ पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया। वहीं, मृतक वीरेंद्र के भाई मणि शंकर ने बताया कि मामला कई सालों से चला आ रहा है। प्रधानी को लेकर रंजिश चली आ रही थी। यह पहला बंदा है जो हाई कास्ट से खड़ा हुआ है। विरोधी किसी को खड़ा नहीं होने देते थे। तीन महीना पहले भी धमकी दी गई थी। वह जाट लोग हैं। देर शाम वीरेंद्र गौशाला जा रहा था। पीछे से हम भी जा रहे थे। हम 30- 40 मीटर पीछे थे। गौशाला गांव से लगभग  2 किलोमीटर दूर पड़ती है। दो बाइक पर चार-पांच बंदे रास्ते में खड़े थे। वीरेंद्र को रोका  और 8 - 9 राउंड गोलियां मारी गई।

तीन लोगों को गिरफ्तार कर पुलिस कर रही पूछताछ
एसएसपी संजीव सुमन ने बताया कि प्रधान पति वीरेंद्र की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची है, तथ्यों की छानबीन की जा रही है। पूर्व प्रधान पर हत्या का आरोप लगाया गया है। दबिश देकर कुछ लोगों को हिरासत में लिया है। उन्होंने कहा कि तहरीर के अनुसार ही पुलिस कार्रवाई करेगी। उन्होंने बताया की प्रधानी की रंजिश के चलते इस घटना को अंजाम दिया गया है। मल्टीपल राउंड फायर किया गया हैं। तीन लोगों को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है।

Also Read