एडीएम के बेटे ने किया खुलासा : फोन पर शुगर लेवल बढ़ने की बताई थी बात, सरकारी आवास में मृत मिले

फ़ाइल फोटो | एडीएम सुरजीत सिंह

Oct 25, 2024 00:31

अयोध्या के एडीएम कानून व्यवस्था सुरजीत सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। उनका शव गुरुवार सुबह सुरसरि कालोनी के सरकारी आवास में पाया गया

Ayodhya News : अयोध्या के एडीएम कानून व्यवस्था सुरजीत सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। उनका शव गुरुवार सुबह सुरसरि कॉलोनी के सरकारी आवास में पाया गया। अधिकारियों की सूचना पर दोपहर बाद परिवार के लोग अयोध्या पहुंचे। शव को देखते ही पत्नी और बेटे फूट-फूट कर रोने लगे। बेटे हिमांशु ने बताया कि उनके पिता डायबिटीज के मरीज थे और कल (बुधवार) शाम को मोबाइल पर बात हुई थी। पापा ने बताया कि उनकी शुगर बढ़ी हुई थी। उनके साले विनोद गंगवार ने कहा कि शव के पास कमरे में खून पड़ा था, इसलिए जांच जरूरी है।

फर्रुखाबाद के मूल निवासी थे
मूल रूप से फर्रुखाबाद जनपद के रहने वाले एडीएम सुरजीत सिंह बाद में परिवार के साथ कानपुर में रहने लगे थे। अधिकारियों ने उनकी मौत की सूचना परिजनों को दी। परिवार में पत्नी, बेटा और बहू हैं, जो कानपुर में रहते हैं। बताया जा रहा है कि वे पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रहे थे। घटना की सूचना मिलने पर उनका परिवार दोपहर बाद अयोध्या पहुंच गया। कहा जा रहा है कि वे दिसंबर में, तीन महीने बाद, रिटायर होने वाले थे।

शव मिलने से मचा हड़कंप
एडीएम के आवास में शव मिलने की सूचना पर हड़कंप मच गया। गुरुवार सुबह, एडीएम सुरजीत के घर साफ-सफाई के लिए पहुंची मेड ने जमीन पर शव देखकर घबड़ा गई और तुरंत शोर मचाते हुए आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। मौके पर मंडलायुक्त गौरव दयाल, डीएम चंद्र विजय सिंह और जिला प्रशासन के सभी अधिकारी पहुंचे। एसएसपी राजकरन नैयर समेत अन्य पुलिस अफसर भी वहां पहुंचे। बताया जा रहा है कि 58 वर्षीय एडीएम कानून व्यवस्था सुरजीत सिंह कई दिनों से बीमार चल रहे थे, और ब्रेन हेमरेज या हार्ट अटैक की आशंका जताई जा रही है। फोरेंसिक टीम भी मौके पर जांच पड़ताल शुरू कर चुकी है। पुलिस की तरफ से अभी मामले में कोई बयान नहीं दिया गया है।

फैजाबाद सांसद ने जताया दुख
इस घटना पर दुख जताते हुए फैजाबाद सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा कि यह घटना बहुत दर्दनाक है। वह एक अच्छे अधिकारी थे और जनता में उनकी बहुत लोकप्रियता थी। वहीं, अयोध्या विधायक वेद प्रकाश गुप्ता और रुदौली विधायक रामचंद्र यादव सुरसरि कॉलोनी पहुंचे और अधिकारियों से मामले की जानकारी ली। उन्होंने मीडिया से कहा कि यह घटना बहुत दुखद है और वे सभी परिवार के साथ खड़े हैं।

Also Read