दीपावली महोत्सव : विशेष दीयों से रोशन होगा श्रीराम लला मंदिर, सजावट के लिए की गई विशेष व्यवस्था

UPT | श्रीरामलला मंदिर

Oct 27, 2024 18:28

इस वर्ष दीपोत्सव के अवसर पर अयोध्या में श्रीराम लला मंदिर को पहली बार विशेष दीपों और भव्य सजावट से सुसज्जित किया जा रहा है...

Ayodhya News : इस वर्ष दीपोत्सव के अवसर पर अयोध्या में श्रीराम लला मंदिर को पहली बार विशेष दीपों और भव्य सजावट से सुसज्जित किया जा रहा है। योगी सरकार के तत्वाधान में हो रहे इस आठवें दीपोत्सव में सरयू तट पर 25 से 28 लाख दीप जलाकर विश्व रिकॉर्ड बनाने की योजना है। वहीं श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में दीयों के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।

मंदिर को दीयों और फूलों से सजेगा
मंदिर भवन में कार्बन उत्सर्जन को कम रखने के लिए खास तरह के मोम के दीप जलाए जाएंगे, जो दाग-धब्बों और कालिख से संरक्षित रहेंगे। इसके अलावा मंदिर परिसर को कई खंडों में विभाजित कर मनोहारी फूलों से सजाया जा रहा है। मंदिर के विभिन्न हिस्सों में तोरण और फूलों की सजावट भी होगी। पूर्व आईजी आशु शुक्ला के नेतृत्व में मंदिर के सभी प्रवेश द्वारों और कोनों को खास रोशनी से सजाया जा रहा है, यह श्रद्धालुओं के लिए अद्भुत दृश्य होगा।



स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट का उद्देश्य इस दीपावली महोत्सव को पर्यावरण और स्वच्छता का प्रतीक बनाना है। मंदिर के सभी दीप पर्यावरण अनुकूल हैं, जिससे अयोध्या की इस दीपावली में स्वच्छता और पर्यावरण के प्रति जागरूकता का संदेश विश्वभर में फैल सकेगा।

रात 12 बजे तक होंगे रामलला के दर्शन
श्रीरामलला मंदिर की भव्यता को श्रद्धालुओं के लिए खुला रखने के लिए मंदिर को 29 अक्टूबर से 1 नवंबर तक रात 12 बजे तक दर्शन के लिए खोला जाएगा। गेट नंबर चार बी से श्रद्धालु आधी रात तक मंदिर की रोशनी और सजावट का आनंद ले सकते हैं। इस दीपोत्सव में अयोध्या को आस्था, स्वच्छता और सौंदर्य का विशेष संदेश देने का प्रयास किया गया है, जिससे यह दीपावली उत्सव विश्वभर में चर्चित होगा।

Also Read