अयोध्या दीपोत्सव : संगीत और आतिशबाजी का होगा अनोखा संगम, 5 किलोमीटर दूर से दिखेगा ऐसा नजारा...

UPT | अयोध्या दीपोत्सव

Oct 25, 2024 23:46

14 वर्षों के वनवास के बाद भगवान राम के अयोध्या लौटने की खुशी में इस बार राम की नगरी में दीपोत्सव आयोजन की तैयारी जोरों पर है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की देख-रेख में 30 अक्टूबर को होने वाले इस दीपोत्सव...

Ayodhya News : 14 वर्षों के वनवास के बाद भगवान राम के अयोध्या लौटने की खुशी में इस बार राम की नगरी में दीपोत्सव आयोजन की तैयारी जोरों पर है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की देख-रेख में 30 अक्टूबर को होने वाले इस दीपोत्सव में पर्यावरण का ध्यान रखते हुए विशेष रूप से प्रदूषण मुक्त ग्रीन आतिशबाजी शो का आयोजन किया जाएगा। राम की पैड़ी पर होने वाले इस आयोजन के दौरान आसमान में 600 फीट ऊंचाई तक आतिशबाजी का नजारा देखने को मिलेगा।

पांच किलोमीटर दूर से भी नजर आएगी आतिशबाजी
इस बार आतिशबाजी शो का आयोजन पर्यटन विभाग द्वारा चयनित एक विशेष एजेंसी के माध्यम से किया जाएगा। एक्सिस कम्युनिकेशन के प्रमुख संजय सिंह ने बताया कि 30 अक्टूबर की शाम को पुराने सरयू पुल पर एक भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें आतिशबाजी, लेजर शो, फ्लेम शो और संगीत का संगम होगा। यह प्रदूषण मुक्त ग्रीन आतिशबाजी 120 से 600 फीट की ऊंचाई तक फैलकर देखने वालों के लिए अद्भुत अनुभव प्रदान करेगी। इसे चार से पांच किलोमीटर की दूरी से भी देखा जा सकेगा और यह सरयू नदी की शांत लहरों पर चमकदार परछाइयों का अद्भुत दृश्य होगा। 



10 मिनट होगी आतिशबाजी
इस ग्रीन एरियल फायर क्रैकर्स शो में आधुनिक तकनीक और संगीत का समावेश किया गया है। संजय सिंह ने बताया कि इस शो का संगीत की धुन पर आयोजन किया जाएगा, जो अयोध्या के दीपोत्सव को नए आयाम देगा। शो लगभग 10 मिनट तक चलेगा और इसकी अवधि में 1500 मीटर के स्ट्रेच में फैली ग्रीन आतिशबाजी, लेज़र और फ्लेम शो की चमक से अयोध्या के दीपोत्सव को और भी भव्य बनाया जाएगा। यह शो उन सभी के लिए एक नया अनुभव होगा जो इसे देखने आएंगे और इस आयोजन के भव्यता को बढ़ाने के लिए 30 से अधिक प्रशिक्षित पेशेवरों की टीम दिन-रात मेहनत कर रही है।

नया कीर्तिमान होगा स्थापित
इस दीपोत्सव का आयोजन राम की पैड़ी पर एक नया कीर्तिमान स्थापित करेगा। 30 अक्टूबर को होने वाले इस कार्यक्रम में 28 लाख दीपों की रोशनी और आतिशबाजी के अनोखे रंग अयोध्या नगरी को जगमगाने का काम करेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में इस वर्ष का दीपोत्सव भव्यता, सांस्कृतिक धरोहर और पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ विशेष रूप से मनाया जाएगा। जिससे यह दीपोत्सव अयोध्या और पूरे देश के लिए एक यादगार अवसर बनेगा। 

Also Read