अयोध्या में फिर दरिंदगी : बीए की छात्रा को बंधक बनाकर किया गैंगरेप, 6 आरोपी गिरफ्तार

UPT | Ayodhya News

Sep 13, 2024 15:03

मामले की सूचना मिलने पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की और 06 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जिनसे पूछताछ के बाद विधिक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है...

Short Highlights
  • अयोध्या में बीए की छात्रा के साथ गैंगरेप
  • पीड़िता को सड़क पर छोड़कर भागे आरोपी
  • पुलिस ने 6 आरोपियों को किया गिरफ्तार

Ayodhya News  : अयोध्या में एक और गैंग रेप की घटना सामने आई है, जिसमें एक छात्रा ने लगातार धमकियों के बाद कैंट थाने में 07 नामजद और 02 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। इस मामले की सूचना मिलने पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की और 06 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जिनसे पूछताछ के बाद विधिक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। रिपोर्ट्स के अनुसार, एक आरोपी ने अदालत में आत्मसमर्पण का प्रार्थना पत्र भी दाखिल किया है।

अयोध्या में लगातार हो रहे अपराध
हाल के महीनों में अयोध्या में दरिंदगी की घटनाओं की बाढ़ सी आ गई है। भदरसा, मगलसी, सत्तीचौरा और खंडासा में चल रही पुलिस कार्रवाई के बीच, फैज़ाबाद शहर से एक नया गैंग रेप मामला सामने आया है। जहां बीए की छात्रा से गैंगरेप की घटना हुई है। कैंट पुलिस ने इस मामले में 07 नामजद और 02 अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनकी गिरफ्तारी के साथ जांच की प्रक्रिया जारी है।



दरिंदगी के बाद सड़क पर छोड़कर भाग निकले आरोपी
जानकारी के अनुसार, 20 वर्षीय पीड़ित युवती स्थानीय कॉलेज में बीए की छात्रा है और साथ ही रामजन्मभूमि परिसर में सफाई कर्मचारी के रूप में कार्यरत है। उसने बताया कि तीन युवकों ने उसका अपहरण किया और फिर उसके साथ दरिंदगी की। पीड़िता ने बताया कि किडनैप करने के बाद उसे अलग-अलग स्थानों पर लेकर गए थे और जब वह जोर जबरदस्ती का विरोध करती तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की। बाद में आरोपी, पीड़िता को सड़क पर छोड़कर भाग गए। जाते जाते आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी है। 

घूमाने का लालच देकर ले गया परिचित
पीड़िता के अनुसार, यह घटना 16 अगस्त को घटी। वहीं, 2 सितंबर को उसने 9 आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। इसके बाद गुरुवार रात तक पुलिस ने 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। एक आरोपी ने शुक्रवार को कोर्ट में आत्मसमर्पण के लिए प्रार्थना पत्र दाखिल किया है। पीड़िता ने बताया कि वह सहादतगंज के रहने वाले वंश चौधरी को पिछले 4 वर्षों से जानती थी। 6 अगस्त को वंश ने उसे अपनी गाड़ी में बैठाकर जिला अस्पताल पहुंचाया था। फिर 16 अगस्त को वंश, शारिक और विनय ने उसे घूमने चलने का प्रस्ताव दिया। चूंकि वह वंश को पहले से जानती थी, इसलिए वह उनके साथ चली गई।

अलग-अलग ले जाकर किया गैंगरेप
गैंगरेप पीड़िता के बताया कि आरोपी उसे लेकर अंगूरीबाग के गोकुल गेस्ट हाउस पहुंचे। जहां वंश चौधरी, शारिक और विनय ने उसके साथ दरिंदगी की। जब पीड़िता ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उसे धमकाते हुए कहा कि अगर उसने किसी को इसके बारे में बताया तो जान से मार देंगे। इसकी वजह से पीड़िता काफी डर गई।
 
आरोपियों ने दोस्त के घर पीड़िता को बनाया बंधक
जब पीड़िता अपने घर पहुंची तो वंश ने उसे फोन पर धमकाते हुए मिलने के लिए बुलाया। जब पीड़िता वहां पहुंची तो आरोपी उसे गैराज बनवीरपुर ले गए। जहां वंश ने पीड़िती के साथ रेप किया। विनय और शिवा ने भी पीड़िता के साथ छेड़खानी की। पीड़िता के मुताबिक इसके बाद वंश चौधरी और शिवा उसे विनय के घर ले गए। जहां विनय ने उसे बंधक बना लिया। इसके बाद, 18 अगस्त को सुबह 11 बजे पीड़िता को देवकाली बाईपास पर छोड़ कर आरोपी वहां से फरार हो गए। घटना के 2-3 दिन बाद वह सफाई के काम पर लौट आई।

नाका पर छोड़कर भागे
वहीं कैंट पुलिस को दी तहरीर में पीड़ित युवती ने बताया कि तीन दिनों तक उसे बंधक बनाकर रखा गया। इस दौरान आरोपियों ने उसके साथ दरिंदगी की। 25 अगस्त की सुबह 4 बजे उदित, वंश चौधरी और विनय पीड़िता को कार से राम जन्मभूमि ले जाने लगे। आरोपियों ने रास्ते में भी उसके साथ छेड़खानी की। इस दौरान, महोबरा चौराहा पर कार डिवाइडर से टकरा गई। जिसकी वजह से पीड़िता के सिर और पैर में चोट लग गई। जिसके बाद आरोपियों ने उसे नाका पर छोड़ दिया। 

ये भी पढ़ें- अतीक अहमद के गुर्गों का आतंक : खुद को माफिया का रिश्तेदार बताकर फौजी से मांगी 20 लाख की रंगदारी, मुकदमा दर्ज

पुलिस ने दी जानकारी
कैंट थाना प्रभारी अमरेंद्र सिंह ने इस मामले की जानकारी देते हुए बताया कि रौनाही क्षेत्र की निवासी पीड़िता की तहरीर पर 7 नामजद और 2 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने वंश, शारिक और चार अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। सातवें आरोपी विनय ने शुक्रवार को कोर्ट में आत्मसमर्पण करने के लिए एप्लिकेशन दायर की है। अन्य दो अज्ञात आरोपियों की पहचान की जा रही है। मुख्य आरोपी वंश चौधरी का संबंध सहादतगंज से है।

Also Read