सुल्तानपुर में जल निगम अधिकारी की हत्या : अज्ञात बदमाशों ने घर में घुसकर किया जानलेवा हमला, पुलिस ने गठित की विशेष जांच टीम

UPT | सुल्तानपुर

Aug 17, 2024 14:35

जल निगम ग्रामीण के अधिशासी अभियंता संतोष कुमार की निर्मम हत्या कर दी गई। शुक्रवार की रात को कुछ अज्ञात बदमाशों ने उनके किराए के मकान में घुसकर उन पर जानलेवा हमला...

Short Highlights
  • जल निगम ग्रामीण के अधिशासी अभियंता की निर्मम हत्या 
  • बदमाशों ने मकान में घुसकर जानलेवा हमला किया
  • इस घटना से ड्राइवर से पूछताछ की जा रही है
Sultanpur News : सुल्तानपुर के विनोबापुरी मोहल्ले में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। जहां जल निगम ग्रामीण के अधिशासी अभियंता संतोष कुमार की निर्मम हत्या कर दी गई। शुक्रवार की रात को कुछ अज्ञात बदमाशों ने उनके किराए के मकान में घुसकर उन पर जानलेवा हमला किया। गंभीर रूप से घायल संतोष को तत्काल मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
यह घटना स्थानीय समुदाय और विशेष रूप से इंजीनियर संगठनों में गहरे आक्रोश का कारण बनी है। 2008 बैच के 52 वर्षीय अधिकारी संतोष कुमार अपने कार्यक्षेत्र में सम्मानित थे। वो फरवरी 2023 से यहां तैनात थे और विनोबापुरी मोहल्ले में किराए के मकान में अकेले रहते थे। शनिवार सुबह गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज लाया गया जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। इसके बाद, पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू की गई। 



सुबह घर आए थे एक सहायक अभियंता
जानकारी के अनुसार, जल निगम के एक सहायक अभियंता और उसका एक साथी सुबह लगभग 8:15 बजे संतोष कुमार के आवास पर पहुंचे थे। उन्होंने ड्राइवर संदीप को दही-जलेबी लाने भेजा और जब वह लौटा तो उसने देखा कि कुमार के मुंह पर टेप चिपका हुआ था और दोनों व्यक्ति उन्हें पीट रहे थे। ड्राइवर के शोर मचाने पर हमलावर भाग निकले।

पुलिस ने ड्राइवर से की पूछताछ
वहीं पुलिस अधीक्षक सोमेन बर्मा ने इस मामले की गंभीरता को देखते हुए चार विशेष टीमों का गठन किया है। संदिग्ध सहायक अभियंता और उसके साथी की गिरफ्तारी के लिए व्यापक तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही, पुलिस ड्राइवर संदीप से भी पूछताछ कर रही है, क्योंकि उस पर भी शक की सुई घूम रही है।

ये भी पढ़ें- बनारस के पहाड़ी गांव में उभरा फुटबाल का नया मक्का : 300 युवा खिलाड़ियों के सपनों को दे रहा पंख

लोगों में फैला आक्रोश
इसके अलावा, जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना और पुलिस अधीक्षक ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और फोरेंसिक टीम से साक्ष्य एकत्र करवाए। फिलहाल, अधिकारी हत्या के पीछे के कारणों की जांच में जुटे हुए हैं, जबकि स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर आक्रोश की लहर है। बताया जा रहा है कि बलिया के रहने वाले संतोष कुमार का परिवार प्रयागराज में रहता था। पुलिस ने उनके परिजनों को इस दुखद घटना की सूचना दे दी है।

Also Read